- ‘‘देश में 5 करोड़ लोग महंगी दवाओं के कारण गरीब हैं’’
कोटा, फरवरी। देश में 3 प्रतिशत यानि करीबन 5 करोड़ लोग केवल महंगी दवाओं के कारण से गरीब अवस्था में हैं। दवा कंपनियों की अंधाधुंध लूट के कारण से गरीब तो गरीब बना हुआ है, जबकि गरीबी रेखा के ऊपर के लोग भी गरीबी रेखा के नीचे आने की कगार पर हैं। यह बात स्वस्थ भारत ट्रस्ट के राष्ट्रीय संयोजक आशुतोष कुमार सिंह ने कही। वे स्वस्थ भारत ट्रस्ट की ओर से ‘स्वस्थ बालिका, स्वस्थ समाज’ का संदेश लेकर दिल्ली से आरंभ हुई स्वस्थ भारत यात्रा के साथ गुरूवार को कोटा पहुंचे थे। यात्रा भारत छोड़ो आन्दोलन के 75 वर्ष तथा चम्पारण सत्याग्रह के 100 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर निकाली जा रही है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ भारत अभियान के तहत स्वास्थ्य सेवा को सुलभ, गुणवत्तापूर्ण और सस्ता कराने का संकल्प किया गया था। महंगी दवाओं के खिलाफ अभियान शुरू करने के बाद से सरकार की ओर से कुछ दवाओं को जरूरी घोषित कर उनके दामों में कमी लाने की पहल की है। इस प्रकार की व्यापक कार्रवाई कईं करोड भारतीयों गरीब होने से बचा सकती है। अब यात्रा के द्वारा बालिका स्वास्थ्य के प्रति जागृति का कार्य किया जा रहा है। भारतीय समाज में पुरूष की तुलना में महिला और बालिका स्वास्थ्य की स्थिति गंभीर है। जिसके द्वारा बालिकाओं के प्रति सम्मान का भाव, परिवार में सम्मानजनक स्थान, सकारात्मक भाव पैदा करना है।
उन्होंने कहा कि महंगी दवाओं से छुटकारे के लिए जेनेरिक दवाओं की ओर बढना होगा। राजस्थान जेनेरिक दवाओं के मामले में सबसे बड़ा उत्साह बढाने वाला साबित हुआ है। इसके साथ ही लोगों को दवाओं के खाने के मामले में भी जागरूक करना बहुत जरूरी हो गया है। आज बाजार में केवल ब्राण्ड की दवा बिक रही है, जो अपेक्षाकृत महंगी होती है। उनका कहना है कि सेहत के लिए देश भर में की गई यह पहली यात्रा है। यात्रा को 17 अगस्त को मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी के द्वारा हरी झण्डी दिखाकर औपचारिक रूप से रवाना किया था। उन्होंने बताया कि इसके बाद गांधी पुण्यतिथि पर 30 जनवरी से यात्रा रवाना होकर दिल्ली, हरियाणा होते हुए राजस्थान के जयपुर के बाद कोटा पहुंची है। यहां से गुरूवार को ही वे भोपाल के लिए रवाना हो गए हैं। यात्रा सभी राज्यों में होते हुए 5 अप्रैल को वापस दिल्ली पहुंचेगी। उनके साथ गांधीवादी चिंतक कुमार कृष्णन, प्रसून लतान्त, विनोद कुमार भी यात्रा में साथ आए हैं।
तुलसी लगाने का दिलाया संकल्प
स्वस्थ भारत ट्रस्ट तथा राजस्थान राज्य भारतीय स्काउट गाइड कोटा दक्षिण की ओर से गुरूवार को राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय आवासन मण्डल पर बालिकाओं को बालिका स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता आशुतोष कुमार थे। विशिष्ठ अतिथि जेसीआई कोटा स्टार के अध्यक्ष आशीष जैन व पूर्व अध्यक्ष संजय गोयल थे तथा अध्यक्षता प्रधानाचार्य बीएल वर्मा ने की। कार्यक्रम का संचालन प्रकाश जायसवाल ने किया। इस अवसर पर छात्राओं ने तुलसी और नीम के पौधे रोपने का संकल्प लिया। वहीं नीम से दातून करने, घर के बाहर और भीतर कचरा ने करने के साथ ही तन और मन की सफाई का संकल्प भी लिया। इस दौरान छात्राओं और शिक्षिकाओं ने विचार व्यक्त किए। मुख्य वक्ता आशुतोष कुमार सिंह ने तुलसी के पौधे के औषधीय गुणों और इसके स्वास्थ्य की दृष्टि से महत्व पर प्रकाश डाला।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें