गोपीकान्दर (दुमका) से अमरेन्द्र सुमन, लिट्टीपाडा विधानसभा उपचुनाव के लिये दिन रविवार की सुबह 7 बजे से ही लोग मतदान केन्द्रों के आजु-बाजू जमा होने शुरू हो गए थे। सुरक्षा के मद्देनजर चप्पे-चप्पे पर पुलिस व अर्धसैनिक बलों की तैनाती की गई थी। लिट्टीपाड़ा विधानसभा क्षेत्र अन्तर्गत प्रखण्ड कार्यालय गोपीकांदर कंट्रोल रूम में दुमका डीसी राहुल कु0 सिन्हा व एसपी मयूर पटेल सहित कई अधिकारी शांतिपूर्ण मतदान के लिये अपनी-अपनी ड्यूटी पर मुस्तैदी के साथ देखे गए। मतदान केंद्रों में कतारबद्ध मतदाताओं को इस भीषण गर्मी में भी अपनी-अपनी बारी के इन्तजार में देखा गया। प्राप्त सूचना के अनुसार प्रातः सुबह 9 बजे तक इस विधानसभा क्षेत्र में मतदान का प्रतिशत 12 रहा, जबकि पूर्वा0 11 बजे तक 38 प्रतिशत, दोपहर 1 बजे तक 52 प्रतिशत व अपराहन 3 बजे तक कुल 68 प्रतिशत मतदान के समाचार प्राप्त हुए हैं। दुमका जिला अन्तर्गत प्रखण्ड गोपीकान्दर में दोपहर 1 बजे तक 48 प्रतिशत तथा अपराहन 3 बजे तक 65 प्रतिशत मतदान संपन्न हुआ। संताल परगना प्रमंडल के आयुक्त दिनेश चंद्र मिश्र एवम डीआईजी अखिलेश कुमार झा भी चुनाव पर नजर बनाये हुए थे। मालूम हो, लिट्टीपाड़ा विधानसभा क्षेत्र में कुल जनसंख्या 1, 92, 609 है। पुरुषों की संख्या इस विधानसभा क्षेत्र में 95, 103 है, जबकि महिलाओं की संख्या 97, 506 है। पिछले चुनाव में इस विधानसभा क्षेत्र में मतदान का प्रतिशत 75. 96 प्रतिशत था। पिछले विधानसभा चुनाव में इस विधानसभा क्षेत्र में कुल 1, 46, 306 लोगों ने मतदान किया था। इस चुनाव में पुरुष मतदाताओं की संख्या 73, 316 थी, जबकि महिला मतदाताओं की संख्या 72, 817 थी। यह भी विदित हो कि लिट्टीपाड़ा विधानसभा क्षेत्र में कुल 4 प्रखण्ड आते हैं-गोपीकांदर, अमरापाड़ा ,हिरणपुर व लिट्टीपाड़ा। उप राजधानी दुमका के प्रखण्ड गोपीकाण्दर की कुल जनसंख्या 42, 063 है। इसमें पुरुषों की संख्या 20, 999 व महिलाओं की संख्या 21, 604 है।
इसी तरह पाकुड़ जिला के अमड़ापाड़ा प्रखण्ड में कुल जनसंख्या 65, 289 है। इस प्रखण्ड में पुरुषों की संख्या जहाँ एक ओर 32, 923 है वहीं महिलाओं की संख्या 32, 366 है। हिरणपुर प्रखण्ड की कुल जनसंख्या 84, 079, है। इस प्रखण्ड में पुरषों की संख्या 42, 506 है तथा महिलाओं की संख्या 41, 573 है। लिट्टीपाड़ा प्रखण्ड की कुल जनसंख्या 1, 05, 701 है। इस प्रखण्ड में पुरुषों की संख्या 52, 850 है और महिलाओं की संख्या 52, 851 है। संताल परगना प्रमण्डल के लिट्टीपाड़ा विधानसभा क्षेत्र में झामुमों के लिये जहाँ एक ओर यह सीट बचाना अपनी प्रभूता को बनाए रखने के उद्देश्य से महत्वपूर्ण है वहीं भाजपा के लिये संताल परगना में झामुमों की मांद में पूर्ण सेंधमारी कर इस क्षेत्र को झामुमों विहीन क्षेत्र बनाना है। दूसरी बात यह है कि यदि इस विधानसभा क्षेत्र पर भाजपा प्रत्याशी की जीत होती है तो फिर सीएम रघुवर दास द्वारा एसपीटी एक्ट की धारा 13 (क) व सीएनटी की धारा 71 (क) में संशोधन अवाम के समर्थन के रुप में देखा जाएगा। यदि झामुमों यह सीट जीत जाती है तो फिर उपरोक्त अधिनियम में संशोधन पर सरकार के विरुद्ध हो रहे धरना-प्रदर्शन का असर साफ समझ में आएगा। बहरहाल 13 अप्रैल को परिणाम आने के इन्तजार में दोनों ही पार्टियाँ मंथन कर रही होगी।
बूथ संख्या 223 व 173 पर पूर्वा0 9ः 30 तक मतदान प्रारंभ नही हुआ था
एक न्यूज चैनल पर प्रसारित समाचार के आधार पर भारत निर्वाचन आयोग ने बूथ संख्या 223 व 173 पर 9. 30 तक मतदान प्रारंभ नही होने की शिकायत पर जिला निर्वाचन पदाधिकारी पाकुड़ से रिपोर्ट मांगी है। आधिकारिक रूप से यह जानकारी मिली है कि मतदान सही समय पर प्रारम्भ हुआ, किन्तु बड़ी संख्या में मतदाता 9.30 बजे के बाद मतदान केंद्र पर पहुँचे। यह भी जानकारी मिली है कि 10 स्थानों पर वीवीपीएटी बदले गये तथा 19 ईवीएम भी बदले गए। 10 बजे से 12.30 बजे के बीच बड़ी संख्या में मतदाताओं ने जिनमे महिलाओं की संख्या बहुत अधिक थी ने मतदान किया। भाजपा ने हिरणपुर बीडीओ पर एक पार्टी विशेष के पक्ष में कार्य करने की शिकायत मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी से की थी। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने जिला निर्वाचन पदाधिकारी पाकुड़ को शिकायत की जाँच का आदेश दिया है।


कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें