राजद का दिल्ली एमसीडी चुनाव लड़ना गलत नहीं : नीतीश - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

मंगलवार, 4 अप्रैल 2017

राजद का दिल्ली एमसीडी चुनाव लड़ना गलत नहीं : नीतीश

nitish-back-rjd-to-fight-in-mcd
पटना 03 अप्रैल, बिहार के मुख्यमंत्री एवं जनता दल यूनाईटेड (जदयू) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार ने आज कहा कि चुनाव लड़ना प्रत्येक राजनीतिक दल का लाेकतांत्रिक अधिकार है तो ऐसे में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) का दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) चुनाव लड़ने में क्या बुराई है। श्री कुमार ने यहां सवाददाताओं से कहा कि जदयू की दिल्ली इकाई के नेताओं ने एमसीडी चुनाव में उतरने के संबंध में उनसे अनुमति मांगी थी जिसकी उन्होंने इजाजत दे दी। बाद में राजद ने भी एमसीडी चुनाव लड़ने की घोषणा की तो इसमें क्या बुराई है। यह प्रत्येक दल का लाेकतांत्रिक अधिकार है। मुख्यमंत्री ने बिहार में महागठबंधन में जदयू और राजद के शामिल होने के बावजूद दिल्ली में दोनों दलों के अलग-अलग चुनाव लड़ने के बारे में पूछे जाने पर कहा कि मुद्दों का इस संदर्भ में आंकलन नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि आखिरकार यह तो केवल नगर निगम का चुनाव है और दिल्ली में यह चुनाव पार्टी के आधार पर लड़ा जाता है। उन्होंने कहा कि जदयू तो दिल्ली में रह रहे बिहार के लोगों का आशीर्वाद लेने का प्रयास कर रहा है।


श्री कुमार ने कहा कि कांग्रेस 15 सालों तक दिल्ली की सत्ता पर काबिज रही है और यह उसके लिए स्वाभाविक है कि वह चुनाव लड़े। उन्होंने कहा कि वैसे पहले भी एमसीडी में कांग्रेस का दबदबा रहा है। जदयू अध्यक्ष ने एमसीडी चुनाव में पार्टी उम्मीदवार के समर्थन में प्रचार अभियान करने के बारे में पूछे जाने पर कहा, “मैने अभी तक प्रचार अभियान में शामिल होने का फैसला नहीं किया है। यदि जदयू की दिल्ली इकाई आग्रह करेगी तो मैं 10 अप्रैल से पहले एक दिन के लिए प्रचार अभियान में शामिल हो सकता हूं क्योंकि महात्मा गांधी के चंपारण सत्याग्रह की शताब्दी वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में राज्य में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों को लेकर मैं काफी व्यस्त हूं।” श्री कुमार ने उत्तर प्रदेश की योगी सरकार के अवैध बूचड़खानों को बंद करने की कार्रवाई के बारे में पूछे जाने पर कहा, “भाजपा को लोकहित के अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए।” उन्होंने कहा कि बिहार में अवैध बूचड़खाने न के बराबर हैं। यहां इसके खिलाफ वर्ष 1955 से कानून बना हुआ है। अवैध बूचड़खाने चलाने की अनुमति नहीं है। यह एक अनावश्यक मुद्दा है, जिसे उठाया जा रहा है। सही मुद्दों पर बहस होनी चाहिये। 

कोई टिप्पणी नहीं: