सीहोर (मध्यप्रदेश) की खबर 06 फ़रवरी - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

गुरुवार, 6 फ़रवरी 2020

सीहोर (मध्यप्रदेश) की खबर 06 फ़रवरी

पुल बी का आज से शुरू होगा प्रतियोगिता का क्वाटर फाइनल का दौर आईपीसी और देवास क्रिकेट टीम पहुंची प्रतियोगिता के क्वाटर फाइनल में

sehore news
सीहोर। शहर के बीएसआई मैदान पर जारी क्रिसेंट क्रिकेट ट्राफी में प्रतिभाशाली बल्लेबाज अश्विनी दास की 67 रन की धमाकेदार पारी की बदौलत आईपीसी क्रिकेट टीम ने बीएस अकादमी को 41 रन के अंतर से हराकर प्रतियोगिता के क्वाटर फाइनल में प्रवेश किया। वहीं एक अन्य मुकाबले में देवास ने रेलवे युथ को एक तरफा मुकाबले में छह विकेट से हराया। शहर के बीएसआई मैदान पर स्व.गेंदालाल राय की स्मृति में पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष राकेश राय, वरिष्ठ समाजसेवी अखिलेश राय,विधायक सुदेश राय एवं निलेश राय के द्वारा जिला क्रिकेट एसोसिएशन के सहयोग से क्रिसेंट क्रिकेट ट्राफी प्रतियोगिता आयोजित कराई जा रहीं है। जिस में विजेता टीम को 51 हजार रूपए का ईनाम दिया जाएगा। प्रतिदिन हौनहार खिलाडिय़ों को विभिन्न उपाधियों से नवाजा जा रहा है जिला क्रिकेट उसोसिएशन और क्रिसेंट की तरफॅ से पुरस्कृत किया जा रहा है।  गुरुवार को खेले गए पहले मैच में आईपीसी ने शानदार खेल का प्रदशज़्न करते हुए निधाज़्रित बीस ओर में छह विकेट के नुकसान पर 172 रन बनाए थे। जिसमें अश्विनी दास ने 67 रन की धमाकेदार अद्धज़्शतकीय पारी खेली और उनका साथ संयोग सिंह ने 47 रन बनाकर दिया। वहीं बीएस अकादमी की ओर से गेंदाबजी करते हुए मयंक पटेल ने चार ओवर में 34 रन देकर चार विकेट और मुरली धर गुप्ता ने दो विकेट हासिल किए। जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी बीएस अकादमी ने 20 ओवर में छह विकेट खोकर 131 रन बनाए। जिसमें अविरल सिंह ने 39 रन और अभिषेक गिरी ने 47 रन बनाए। वहीं आईपीसी की ओर से गेंदबाजी करते हुए कुलदीप ने चार ओवर में 16 रन देकर तीन विकेट और संयोग सिंह ने चार ओवर में 19 रन देकर दो विकेट हासिल किए। 

देवास ने रेलवे युथ को हराया
इधर एक अन्य मुकाबले में देवास टीम ने रेलवे युथ को छह विकेट से हराकर प्रतियोगिता के क्वाटर फाइनल में प्रवेश किया। डीसीए के मीडिया प्रभारी प्रियांशु दीक्षित ने बताया कि शुक्रवार को पहला मुकाबला देवास और आईपीसी के मध्य सुबह खेला जाएगा। वहीं दूसरा मुकाबला दोपहर में एनसीसीसी और सेंट माइकल के मध्य खेला जाएगा। गुरुवार को हुए दूसरे मुकाबले में रेलवे युथ ने पांच विकेट खोकर 20 ओवर में 139 रन बनाए थे। वहीं देवास ने 18 ओवर में विजयी लक्ष्य हासिल कर लिया।

समाजसेवी कैलाश हाड़ा का निधन 

सीहोर। थुनाकलां निवासी नारायणसिंह हाड़ा,कमलसिंह हाड़ा के छोटे भाई एवं डॉ जीवनसिंह हाड़ा व एलमसिंह हाड़ा के पिता समाजसेवी कैलाश हाड़ा का गुरूवार को आकस्मिक निधन हो गया। वह अपने पीछे भरापूरा परिवार छोड़कर चले गए । कैलाश हाड़ा मृदुभाषी धार्मिक मिलनसार प्रवृत्ति के व्यक्ति थे। क्षेत्र के सामाजिक धार्मिक व सांस्कृतिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने थुनाकला स्थित विश्राम घाट पर शोक संवेदना व्यक्त करते हुए श्रद्धांजली अर्पित की। 

आज निकाली जाएगी शोभा यात्रा, किया जाएगा विशाल भंडारा, रुक्मणी विवाह प्रसंग सुन भाव-विभोर हुए श्रद्धालु

sehore news
सीहोर। ग्राम बिजौरा में जारी सात दिवसीय भागवत कथा में गुरुवार को भगवान श्रीकृष्ण और माता रुकमणी विवाह का प्रसंग कथा वाचक पंडित कपिल कृष्ण महाराज ने सुनाया। यहां पर मौजूद बड़ी संख्या में श्रद्धालु भाव-विभोर हो गए। श्रीमद् भागवत कथा में श्रीकृष्ण और रुक्मणी का विवाह बड़े ही धूमधाम से मनाया गया। विवाह उत्सव के दौरान कई भजनों की प्रस्तुति दी गई इस मौके पर श्रद्धालुओं ने जमकर नृत्य किया। कथा के छठवें दिवस पंडित कपिल महाराज ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण तो भाव और विश्वास के प्रतीक है। माता रुकमणी ने उनको याद किया तो वह उनको अपनाने के लिए चले आए।  मनुष्य पूरे जीवन इधर-उधर भटकता रहता है, जबकि भक्त के दिल में भगवान का वास होता है। लेकिन आज के युग में प्रत्येक व्यक्ति की हालत हिरण जैसी हो गई है। जैसे हिरण के शरीर में कस्तूरी होती है लेकिन वह कस्तूरी की खोज में जगह-जगह भटकता रहता है। इसी तरह से भगवान की खोज में मनुष्य जगह-जगह भटक रहा है। यदि प्रत्येक व्यक्ति पूरी श्रद्धा के साथ भगवान का भजन, पूजा करे तो निश्चित तौर पर उनके इष्ट आराध्य देव उनको दर्शन देने के साथ-साथ उनके कष्टों का निवारण करते हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक मनुष्य को थोड़ा समय भगवान की भक्ति में अवश्य लगाना चाहिए। हमारे व्यवहार पर ही हमारे जीवन का आधार बना हुआ है। अच्छे बनो और अच्छे कर्म करो, यह सिद्धांत सत्य के सिद्धांत पर आधारित है। हमारी समस्या है अच्छे और बुरे में भेद कैसे करें।

आज किया जाएगा महा प्रसादी का वितरण
इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार ग्राम बिजौरा में जारी सात दिवसीय भागवत कथा शुक्रवार को समापन की जाएगी। इस मौके पर कथा के अंतिम दिन भगवान श्रीकृष्ण और सुदामा चरित्र का वर्णन के साथ ही कथा के सापन के पश्चात शोभा यात्रा निकाली जाएगा और महा प्रसादी का वितरण किया जाएगा। ग्रामीणों ने सभी श्रद्धालुओं से कथा का श्रवण करने की अपील की है। 

राष्ट्रीय पेंशन योजना बहाली संगठन नई कार्यकारिणी गठित
पुरानी परिवार पेंशन पुन: लागू करे ताकि प्रदेश के अधिकारी-कर्मचारी अपना बुढ़ापा सम्मान के साथ गुजार सकें
sehore news
सीहोर। मध्यप्रदेश पंचायत सचिव संगठन के पूर्व जिलाध्यक्ष विजय त्यागी को राष्ट्रीय पेंशन योजना बहाली संगठन के प्रदेशाध्यक्ष दिग्विजय सिंह चौहान ने जिले का संयोजक बनाया है। इसके अलावा संगठन की नई कार्यकारिणी की घोषणा की गई है। जिसमें शिक्षक दिनेश मेवाड़ा को अध्यक्ष और शिवनारायण गौड आजाद को सचिव पद पर मनोनित किया गया है। इस संबंध में नव नियुक्त जिलाध्यक्ष संयोजक विजय त्यागी ने गुरुवार को संगठन के पदाधिकारियों से चर्चा करते हुए कहा कि 2005 के बाद नियुक्त कर्मचारियों को नवीन अंशदायी पेंशन प्रदाय की गई है जिसमें वेतन की 10 प्रतिशत राशि कर्मचारी की व उतनी ही 10 प्रतिशत राशि नियोक्ता की मिलाकर एनएसडीएल के माध्यम से शेयर बाजार में लगाई जाती है। ऐसी स्थिति में कर्मचारियों का भविष्य पूर्णत: बाजार के जोखिमों के अधीन हो गया है। पुरानी परिवार पेंशन शासन द्वारा छिन ली गई है। वर्तमान में विगत कुछ वर्षों में जो कर्मचारी रिटायर हुए है जो कि नवीन अंशदायी पेंशन योजना अंतर्गत आते थे उनकी पेंशन मात्र 1000 से 1500 रु तक प्रतिमाह आ रही है। ऐसे में उस कर्मचारी का भविष्य पूर्णत: अंधकारमय हो गया है जो कि जीवनभर सरकार की सेवा करता है। विधानसभा चुनाव के घोषणा पत्र के बिंदु क्र 47.34 में दिए गए वचन अनुसार कर्मचारियों के लिए पुरानी परिवार पेंशन पुन: लागू करे ताकि प्रदेश के अधिकारी-कर्मचारी अपना बुढ़ापा सम्मान के साथ गुजार सकें। श्री त्यागी को जिला संयोजक बनाए जाने पर मध्यप्रदेश पंचायत सचिव संगठन के पदाधिकारियों ने बधाई दी है।  बधाई देने वालों में जिलाध्यक्ष मंगल सिंह राजपूत, ओमप्रकाश शर्मा, महेश राठौर, लखन ठाकुर, हरीश जोशी, राधेशम चंद्रवंशी, मोहन चंद्रवंशी, जगदीश जाट, मुकेश पाटीदार, मुकेश वर्मा, राजकुमार नामदेव, संजय शर्मा, मोहन मेवाड़ा, राकेश अगोर, रघुवीर दास, अरविंद दांगी, अनिल वर्मा, लखन गौर, रमेश भार्गव, नरेन्द्र चतुर्वेदी, सुरेश विश्वकर्मा, विक्रम सिंह, लक्ष्मीचंद्र, रामस्वरूप वर्मा, प्रहलाद सिंह दरबार आदि शामिल है। 

केन्द्र की भाजपा सरकार के खिलाफ कांग्रेसजनों ने प्रदर्शन कर सौंपा ज्ञापन

sehore news
सीहोर। गुरुवार को मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी उपभोक्ता प्रकोष्ठ के पदाधिकारियों ने केन्द्र की भाजपा सरकार पर मध्यप्रदेश की जनता के साथ सौतेला व्यवहार की निंदा करते हुए कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन कर राष्टपति से संबोधित एक ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपा है। इस मौके पर प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष दिलीप गुर्जर ने कहा कि केंद्रीय बजट में राज्य सरकारों के साथ विश्वासघात किया गया है। जीएसटी के रूप में मध्यप्रदेश को केंद्र से 62 हजार करोड़ रुपए मिलने थे, लेकिन नए स्लैब के अनुसार अब 49 हजार करोड़ ही मिलेंगे। प्रदेश को 13 हजार करोड़ के राजस्व का नुकसान हो गया। इसकी भरपाई कैसे होगी। इस  बजट से इंडस्ट्री सेक्टर को भी कुछ नहीं मिल रहा है। केंद्रीय वित्त मंत्री द्वारा पेश किया गया बजट विश्वासघाती और निराशाजनक है। उन्होंने कहा कि बजट में गांव, गरीब, किसानों, युवा, रोजगार और महिला की सुरक्षा को लेकर कुछ भी नहीं है। आज देश की वित्त मंत्री द्वारा पेश आम बजट का भाषण लंबा जरूर है, लेकिन पूरी तरह से आंकड़ों का मायाजाल होकर, देश के लिए निराशाजनक और हवाई सपने दिखाने वाला है। इसमें गांव-गरीब-किसान-युवा-रोजगार-महिलाओं की सुरक्षा को लेकर कुछ भी नहीं है। बेरोजगारी दूर करने के लिए और युवाओं को रोजगार देने का कोई जिक्र तक इस बजट में नहीं है। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार द्वारा मध्यप्रदेश के साथ किए जा रहे विश्वासघात का विरोध अब पूरे प्रदेश में किया जाएगा। ज्ञापन देने वालों में जिला उपाध्यक्ष राजेन्द्र नागर, ब्लाक अध्यक्ष ईश्वर सिंह ठाकुर, महेन्द्र साहू, करण सिंह गुर्जर, रवि परमार, आजाद सिंह राजपूत, मांगीलाल शर्मा, दिनेश मीना आदि शामिल है। 

नारे लिखकर दिया योजना से जुड़ने का संदेश, 60 छात्राओं ने प्रतियोगिता में हिस्सा लिया

sehore news
आयुष्मान भारत मध्यप्रदेश निरामयम योजना के अंतर्गत डॉ. अम्बेडकर महिला पॉलिटेक्निक कालेज में  अध्ययनरत छात्राओं को आयुष्मान भारत योजना की विस्तार से जानकारी दी गई। इस अवसर पर आयोजित नारे लेखन प्रतियोगिता में एम.ओ.एम.के विभागाध्यक्ष डॉ.पंकज जैन की अध्यक्षता में आयोजित की गई। महाविद्यालय में अध्ययनरत छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। आयुष्मान भारत योजना के बारे में जिला मलेरिया अधिकारी व आयुष्मान भारत योजना की नोडल अधिकारी श्रीमती क्षमा बर्वे, स्वास्थ्य विभाग के जिला मीडिया सलाहकार श्री शैलेष कुमार द्वारा योजना के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। प्रतियोगिता के आयोजन तथा संयोजन में उप जिला मीडिया अधिकारी सुश्री उषा अवस्थी, श्री कुष्ठ उन्मूलन ईकाई से श्री कमरूद्दीन अंसारी, तकनीशियन श्री आर.एस.ओड, एन.एम.ए.श्री आर.के.राठौर, आयुष्मान मित्र श्री सौरभ कुमार का विशेष योगदान रहा। छात्राओं ने एक से बढ़कर एक नारे लिखें जिन्हें राज्य स्तर पर प्रेषित किया जाएगा। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.प्रभाकर तिवारी ने जानकारी दी कि नारे लेखन प्रतियोगिता में प्रथम, द्वित्तीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली छात्राओं को कलेक्टर द्वारा गठित जिला स्तरीय समिति द्वारा पुरस्कार के लिए चयनित किया जाएगा जिसके उपरांत समारोह पूर्वक आयोजन में उन्हें जिला स्तर पर पुरस्कृत किया जाएगा। आयुष्मान भारत निरामयम मध्यप्रदेश योजना के अंतर्गत 5 लाख रूपए तक सालाना स्वास्थ्य सुरक्षा कवच प्रदान किया जाता है। योजना के अंतर्गत करीब 1400 बीमारियों का निःशुल्क उपचार निर्धारित पैकेज अनुसार शासकीय एवं चिन्हित व मान्यता प्राप्त प्रायवेट चिकित्सालयों में किया जाता है। योजना की अधिक जानकारी के लिए जिला चिकित्सालय सीहोर में आयुष्मान भारत क्योस्क भी बनाया गया है जहां 24 घंटे सेवाएं दी जाती है यहां भर्ती मरीजों के गोल्डन कार्ड भी उपचार हेतु बनाएं जाते है।

नेशनल लोक अदालत हेतु सात खण्डपीठ का गठन

जिला न्यायाधीश व अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्री राजवर्धन गुप्ता द्वारा 08 फरवरी को जिला मुख्यालय पर आयोजित होने वाली नेशनल लोक अदालत के लिए जिला न्यायालय स्थापना हेतु सात खण्डपीठ का गठन कर पीठासीन अधिकारी, सदस्य अधिवक्ता नियुक्त किए गए हैं। खण्डपीठ क्रमांक 01 में पीठासीन अधिकारी प्रधान न्यायाधीश कुटुम्ब न्यायालय सुश्री नीना आशपुरे तथा सदस्य अधिवक्ताओं में राजू अग्रवाल एवं श्री बने सिंह बगोरिया शामिल हैं। जो कुटुम्ब न्यायालय सीहोर के समस्त राजीनामा योग्य प्रकरणों का निराकरण करेंगे। खण्डपीठ क्रमांक 02 में पीठासीन अधिकारी प्रथम अपर जिला न्यायाधीश कु.अनीता बाजपेयी तथा सदस्य अधिवक्ताओं में श्रीमती वरखा वर्मा एवं सुश्री विभा राठौर शामिल हैं। राजीनामा योग्य विद्युत पेडिंग, एवं प्रीलिटिगेयान प्रकरणों का निराकरण करेंगे। खण्डपीठ क्रमांक 03 में पीठासीन अधिकारी द्वितीय अपर जिला न्यायाधीश श्री विजय चंद्रा तथा सदस्य अधिवक्ताओं में श्री मनोज गौर एवं शाकेब अहमद खान शामिल हैं। जो स्वयं एवं जिला न्यायाधीश न्यायालय के MACT प्रकरण राजीनामा योग्य आपराधिक अपील प्रकरण एवं सभी प्रकार के सिविल प्रकरणों का निराकरण करेंगे। खण्डपीठ क्रमांक 04 में पीठासीन अधिकारी तृतीय अपर जिला न्यायाधीश श्रीमती स्मृता सिंह तथा सदस्य अधिवक्ताओं में श्रीमती रंजना शर्मा एवं सुश्री रेखा सक्सेना शामिल हैं। जो स्वयं के न्यायालय के राजीनामा योग्य आपराधिक अपील प्रकरण एवं सभी प्रकार के सिविल प्रकरण तथा प्रथम अपर जिला न्यायाधीश न्यायालय के MACT प्रकरणों का निराकरण करेंगे। खण्डपीठ क्रमांक 05 में पीठासीन अधिकारी मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट श्रीमती किरण तुमराची तथा सदस्य अधिवक्ताओं में श्री जितेन्द्र योगी एवं श्री सुनील सिसोदिया शामिल हैं। जो स्वयं एवं कु. ऋचा बठेजा व्यवहार न्यायाधीश वर्ग-2 न्यायालय के राजीनामा योग्य आपराधिक प्रकरण एवं सिविल, निष्पादन प्रकरण तथा श्रीमती रिनी खान न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी के न्यायालय के धारा 198 पराक्रम्य अधिनियम प्रकरणों का निराकरण करेंगे। खण्डपीठ क्रमांक. 06 में पीठासीन अधिकारी जिला रजिस्ट्रार/न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी श्री रवि चौकसे एवं अधिवक्ता श्री विश्वास नागर एवं श्री राजेन्द्र उर्फ राजू कुशवाह शामिल हैं। जो स्वयं एवं श्रीमती जागृति सचिव चन्द्रकापुरे न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी न्यायालय के राजीनामा योग्य आपराधिक प्रकरण (धारा 138 पराक्रम्य अधिनियम के प्रकरण सहित) एवं सिविल, निष्पादन प्रकरण तथा कु.के शिवानी व्यवहार न्यायाधीश वर्ग-2 न्यायालय के धारा 138 पराक्रम्य अधिनियम के प्रकरणों का निराकरण करेंगे।  खण्डपीठ क्रमांक. 07 में पीठासीन अधिकारी न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी रिनी खान तथा सदस्य अधिवक्ताओं में कु.इमरत मालवीय एवं श्री देवेन्द्र परमार  शामिल हैं। जो स्वयं एवं कु. के.शिवानी व्यवहार न्यायाधीश वर्ग-2 न्यायालय के के राजीनामा योग्य आपराधिक एवं सिविल प्रकरण (धारा 138 पराक्रम्य अधिनियम के प्रकरण छोड़कर) तथा बैंक, फायनेंस कंपनी, जलकर एवं श्रम विभाग से संबंधित तथा अन्य प्रीलिटिगेशन प्रकरणों का निराकरण करेंगे।

अस्थि बाधिता से परेशान शैतान सिंह ट्रायसायकल पाकर हुए खुश (खशियों की दास्तां)    

sehore news
जिले की जनपद पंचायत बुदनी अन्तर्गत ग्राम पथोड़ा निवासी दिव्यांग हितग्राही शैतान सिंह को अस्थि बाधिता से चलने में परेशानियों का सामना करना पड़ता था। शैतान सिंह द्वारा कलेक्टर को आवेदन देकर जिला विकलांक एवं पुर्नवास केन्द्र द्वारा ट्रायसायकल की मांग की गई थी। समग्र सुरक्षा सामाजिक विस्तार अधिकारी डोली विश्वकर्मा द्वारा शैतान सिंह को बुदनी से जिला दिव्यांग एवं पुर्नवास केन्द्र लाया गया। जहां पर शैतान सिंह की जांच करवाई गई। चिकित्सीय जांच से स्पष्ट हुआ कि शैतान सिंह अस्थि बाधिता से ग्रसित है। जिला दिव्यांग एवं पुनर्वास केन्द्र के विषय विशेषज्ञों द्वारा शैतान सिंह को ट्रायसायकल प्रदान किया गया। शैतान सिंह बताते हैं कि अस्थि बाधिता से ग्रसित होने के कारण उन्हें अपने दैनिक कार्यों को करने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। जिला दिव्यांग एवं पुर्नवास केन्द्र द्वारा ट्रायसायकल प्राप्त होने के बाद अब वह बहुत खुश नजर आ रहे हैं। क्योंकि अब उन्हें पहले जैसी परेशानी नहीं आती है, वह कहीं पर भी आसानी से जा सकते हैं। शैतान सिंह द्वारा दिव्यांगों के लिए चलाई जा रही योजनाओं का धन्यवाद देते हुए जिला दिव्यांग एवं पुर्नवास केन्द्र का आभार व्यक्त किया गया है। 

समीक्षा बैठक 11 फरवरी को

मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री अरुण कुमार विश्वकर्मा ने समस्त विभाग प्रमुखों को निर्देशित करते हुए बताया कि 11 फरवरी को दोपहर 1 बजे जिला पंचायत सभाकक्ष में योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक की अध्यक्षता जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती उर्मिला मरेठा करेंगी। समस्त विभाग प्रमुख सभी प्रकार की जानकारियों के साथ बैठक में उपस्थित रहना सुनिश्चित करें।

शांति समिति की बैठक 14 फरवरी को

कलेक्टर श्री अजय गुप्ता के निर्देशानुसार आगामी त्यौहारों को शांतिपूर्वक मनाये जाने के लिए 14 फरवरी को पुलिस अधीक्षक कार्यालय के नव निर्मित कंट्रोल रूम स्थित सभाकक्ष में शांति समिति की बैठक आयोजित की जाएगी। कलेक्टर श्री गुप्ता द्वारा 21 फरवरी को महाशिवरात्री, 9 मार्च को होलिका दहन, 10 मार्च को होली उत्सव, 14 मार्च को रंगपंचमी, 25 मार्च को चेतीचंद, नवरात्र प्रारंभ, 2 अप्रैल को श्री राम नवमी एवं 6 अप्रैल को महावीर जयंती के त्यौहारों को शांति पूर्व मनाये जाने के लिए बैठक आयोजित की गई है। बैठक में समस्त शांति समिति सदस्यों की उपस्थिति अपेक्षित है।  

केन्द्रीय विद्यालय में मौलिक अधिकार एवं कर्तव्य पर हुई निबंध प्रतियोगिता

sehore news
राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के आदेशानुसार जिला एवं सत्र न्यायाधीश व अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्री राजवर्धन गुप्ता के मार्गदर्शन में केन्द्रीय विद्यालय में प्राचार्य श्री जीवन वर्गा की अध्यक्षता में कक्षा 10 वीं से 12 वीं तक के छात्र-छात्राओं के मध्य संविधान दिवस आयोजन विषयक अभियान के तहत मौलिक अधिकार एवं कर्तव्य विषय पर निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में लगभग 102 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। प्रतियोगिता में भाग लिए लिखे गए निबंध विषयक सम्बंधी कॉपी का आंकलन विद्यालय के शिक्षकों से कराया गया जिसके परिणाम पश्चात् प्रथम स्थान पर श्री आशुतोष सिंह सेंगर, द्वितीयस्थान पर श्री जय बैरागी एवं तृतीय स्थान पर कु. इशिता अग्रवाल रही। तीनों चयनित छात्र-छात्राओं को उनके प्रोत्साहन एवं उत्साहवर्धन के लिए उन्हें 22 फरवरी को केन्द्रीय विद्यालय में आयोजित शिविर के दौरान पुरस्कृत कर सम्मानित किया जाएगा

नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से गांव-गांव में दिया जा रहा एड्स जागरूकता के लिए संदेश

sehore news
राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत गुरुवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र इछावर, ग्राम दिवड़िया, आष्टा एवं जावर में चौक-चौराहों पर नुक्कड़ नाटकों की प्रस्तुति दी गई। मध्यप्रदेश राज्य एड्स नियंत्रण समिति भोपाल के सहयोग से आयोजित इम्पा फिल्म आर्टिस्थ संस्थान द्वारा गीत-संगीत के माध्यम से लोगों को एड्स के प्रति गांव-गांव पहुंचकर लोगों को जागरूक किया जा रहा है। जिला एड्स नियंत्रण अधिकारी डॉ.नमीता नीलकंठ ने जानकारी दी कि मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.प्रभाकर तिवारी के मार्गदर्शन में एड्स नियंत्रण कार्यक्रम पर जागरूकता के आयोजन जिले चिन्हित ग्रामों में भी कराए जा रहे है। आष्टा में बीएमओ डॉ.प्रवीर गुप्ता, बीपीएम श्री अवधेश प्रताप सिंह तथा इछावर में बीएमओ डॉ.बीबी शर्मा व एड्स काउंसलर श्रीमती पुष्पा साहू, ने उपस्थित लोगों को बताया कि जानकारी ही एड्स से बचाव है। लोककला दल के कलाकारों ने रोचक और ज्ञानवर्धक जानकारियां प्रदान की । उन्होंने एड्स से बचाव के लिए कंडोम का उपयोग, बीमारियों में लगने वाली सुईयों का एक बार ही इस्तेमाल किया जाना, एड्स नियंत्रण कार्यक्रम का प्रचार-प्रसार इत्यादि पर विस्तार से संदेश नुक्कड़ नाटक व गीत संगीत के माध्यम से प्रदान किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों तथा स्कूल के बच्चों ने कार्यक्रम को सुना और देखा तथा दिए जा रहे संदेशों की सराहना की।

रेहटी, बुदनी एवं नसरुल्लगंज नगरपरिषद की आरक्षण कार्यवाही आज

नगरीय निकायों के आम निर्वाचन 2019 के लिए अनुसूचित जाति, अनुसूचित, पिछड़ा वर्ग तथा महिलाओं के वार्डों का आरक्षण करने के लिए नगर परिषद रेहटी, बुदनी एवं नसरुल्लागंज की स्थिति में मप्र नगरपालिका अधिनियम 1961 की धारा 29(क) मप्र नगरपालिका विधि संहिता संविधान (74 वां संशोधन) अधिनियम 1962 के अनुच्छेद 243 क्रमा (1,2,3,4,5) और उनके अन्तर्गत बनाऐ गए मप्र नगरपालिका नियम 1994 के अन्तर्ग कार्यवाही की जाएगी। कलेक्टर श्री अजय गुप्ता द्वारा आदेश जारी किया गया कि नगरपरिषद रेहटी, बुदनी एवं नसरुल्लागंज के वार्डों के आरक्षण के लिए जिला पंचायत सभाकक्ष में 7 फरवरी को दोपहर 12 बजे कार्यवाही की जाएगी। जिसमें राजनैतिक दलों के पदाधिकारी, आम नागरिकगण उपस्थित हो सकते हैं। 

कोई टिप्पणी नहीं: