सीहोर (मध्यप्रदेश) की खबर 02 अक्टूबर - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

रविवार, 3 अक्तूबर 2021

सीहोर (मध्यप्रदेश) की खबर 02 अक्टूबर

आज शहर के प्रमुख मार्गो से निकलेगी सामुहिक अस्थि कलश यात्रा, रथ सजकर तैयार, अनेक संगठन करेंगे स्वागत


सीहोर। कोरोना महामारी में असमय शांत हुए सीहोर जिले के सैकड़ो लोगों की सामुहिक अस्थि कलश विसर्जन का कार्यक्रम किया जा रहा है। प्रदेश में सबसे अनोखे रूप में अपने पितरों को सम्मान देते हुए रथयात्रा निकाली जा रही है जिसकी अंतिम तैयारियॉ पूरी कर ली गई है। रविवार को शहर के प्रमुख मार्गों से रथयात्रा निकलेगी। इन्द्रानगर मुक्तिधाम समिति द्वारा रविवार 3 अक्टूबर को सुबह 10 बजे चमत्कारेश्वर महादेव मंदिर नगर पालिका कार्यालय के पास से इस यात्रा की शुरुआत की जायेगी। आकर्षक अस्थि कलश रथ को फूलों से सजाया गया है तथा अस्थियों और राख को इसमें जमा किया है। रथ के आगे शुजालपुर का प्रसिद्ध महावीर रामधुन बजाते हुए चलेगा। रथ नमक चौराहा, जगदीश मंदिर चौराहा, गाड़ी अड्डा, कोतवाली चौराहा से मेन रोड बड़ा बाजार खजांची लाईन से टाकीज चौराहा होता हुआ मनकामेश्वर महादेव मंदिर पहुॅचेगा। शहर ही नहीं पूरे सीहोर जिले के लोगों में इस भावपूर्ण अस्थि कलश यात्रा को लेकर उत्साह है। बाहर से भी कई लोग पुष्पांजली अर्पित करने आयेंगे। सीहोर के अनेक सामाजिक संगठनों, संस्थाओं, हर वर्ग के लोगों द्वारा विभिन्न स्थानों पर पुष्पांजली अर्पित की जायेगी। समिति ने सभी नागरिकों से निवेदन किया है कि वह पुष्पांजली अवश्य अर्पित करें। आंवलीघाट तक भी जो लोग चलना चाहें अवश्य चलें वहॉ सारी व्यवस्था समिति की और से रहेगी। सीहोर से जा रही इस रथयात्रा का मालीवायां चौराहे पर पत्रकार सुरेश जैमिनी व साथियों द्वारा भी पुष्पांजली अर्पित कर स्वागत किया जायेगा।


झाडू लगाकर भाजपा महिला मोर्चा कार्यकर्ताओं ने बताई, फरेला कॉलोनी की महिलाओं को अनेक हितैशी योजनाएं, कार्यकर्ताओं ने गांधी शास्त्री को किया कार्यक्रम में नमन


sehore news
सीहोर। फरेला कॉलोनी में पहुंचकर भाजपा महिला मोर्चा कार्यकर्ताओं ने गलियों और सड़कों पर झाडू लगाई। मोहल्ले में जहां तहां फेले कूडे कचरे को एकत्रित किया। खाली प्लेटों में उगी खतरनाक गाजर घास को साफ किया। नागरिकों को डेंगू फेलने और डेंगू से बचने के लिए साफ सफाई रखने बीमारी के लक्षण होने पर डॉक्टर को दिखाने के लिए कहा। खासतौर से महिलाओं को समझाईश दी। जिस के बाद महिलाओं ने भी भाजपा महिला मोर्चा के साथ सड़क पर उतरकर झाडू लगाकर साफ सफाई अभियान में सहयोग किया। भाजपा महिला मोर्चा के द्वारा शनिवार को  गंज स्थित वार्ड १२ के फरेला कॉलोनी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन और राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती उपलक्ष्य में सेवा समर्पण स्वच्छता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि  प्रदेश सह कार्यालय मंत्री नवदीप कौर विशिष्ठ अतिथि भाजपा सीहेार मंडल उपाध्यक्ष सन्नी सरदार विशेष अतिथि महिला मोर्चा जिला सोशल मीडिया प्रभारी सुनीता राठौर के द्वारा गांधी और शास्त्री के चित्र पर माल्यार्पण कर किया गया। कार्यक्रम संयोजिका अर्चना चौहान ने अतिथियों का पुष्प मालाओं से स्वागत किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्रीमति कौर ने देश और प्रदेश सरकार के द्वारा महिलाओं के लिए चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी प्रदान की। जिला सोशल मीडिया प्रभारी श्रीमति राठौर ने भी महिलाओं को संबोधित कर क्षेत्र में स्वाच्छता बनाए रखने की बात कहीं। कार्यक्रम के दौरान अनेक महिलाओं ने विभिन्न योजनाओं से लाभ प्राप्त होने की बात भी कहीं। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मोदी की लम्बी आयू के लिए जन्मदिवस गीत भी गाय गए। जिस के बाद मोहल्ले की गलियां और सड़कों पर उतरकर झाडू लगाकर भाजपा महिला मोर्चा के द्वारा स्वच्छता का संदेश भी दिया गया। कार्यक्रम का संचालन रजनी जाटव के द्वारा और आभार सोनू ठाकुर के द्वारा व्यक्त किया गया। कार्यक्रम में प्रिंयका यादव, सुनिता सिलावर, ज्योति यादव, रानीनाथ, मोनू चौहान, सुषमा चौहान, हेमलता, रानी, पूजा यादव, गीता, जसोदा बाई, पूजा, मधु पुष्पद, सुनीता, संगीता जाटव, लक्ष्मी यादव, सरोज, ममता यादव, पिंकी रजक आदि अनेक महिलाएं शामिल रहीं। 


आजादी अमृत महोत्सव के दौरान निकाली प्रभात फेरी


sehore news
सीहोर। शनिवार को आजादी का अमृत महोत्सव कार्यक्रम अंतर्गत प्रभात फेरी निकाली गयी। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष प्रधान जिला न्यायाधीश आरएन चंद ने प्रभात फेरी को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। जानकारी के अनुसार शनिवार को विधिक सेवा प्राधिकरण और संकल्प नशा मुक्ति केन्द्र के संयुक्त कार्यक्रम में प्रभात फेरी जिला न्यायालय परिसर से प्रारंभ होकर भोपाल नाका, इंग्लिशपुरा, कोतवाली चौराहा, आनन्द डेरी, बस स्टेण्ड, टाऊन हॉल  पर समापन हुआ। प्रभात फेरी में समस्त शासकीय विभाग, उच्च शिक्षा विभाग, शिक्षण संस्थान, एनजीओ, पैरालीगल वालेन्टियर्स, विधिक के छात्र, पैनल अधिवक्ता, एनसीसी, एनएसएस कैडेट एवं स्कूली विद्यार्थी प्रतिभागी के तौर पर शामिल है। जिसमें प्रधान जिला न्यायाधीश आरएन चंद्र, कलेक्टर चंद्रमोहन ठाकुर, अपर जिला न्यायाधीश  सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मुकेश कुमार दांग,  जिला विधिक सहायता अधिकारी अनीस उद्दीन अब्बासी ने अपना उद्बोधन दिया। इस मौके पर रैली के दौरान कोरोना गाइड लाइन के तहत कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। इस मौके पर जिला न्यायाधीश आरएन चंद्र ने कहा कि नशा बुरी की जड़ है। नशे की बढ़ती लत आज केवल मात्र एक सामाजिक समस्या ही नहीं है, अपितु बहुत सी अन्य सामाजिक समस्याओं का द्वार भी है। इस समस्या की जड़ एक व्यक्ति का शरीर नहीं, बल्कि उसका मन है। इसलिए यदि नशे की लत को खत्म करना है तो लोगों की मानसिकता को बदलना होगा। क्योंकि नशा करने वाला नहीं नशा बुरा है। नशा करने वालों को जागरूक करें। शनिवार को निकाली प्रभात फेरी में समस्त शासकीय विभाग, उच्च शिक्षा विभाग, शिक्षण संस्थान, एनजीओ, पैरालीगल वालेन्टियर्स, विधिक के छात्र, पैनल अधिवक्ता, एनसीसी, एनएसएस कैडेट एवं स्कूली विद्यार्थी प्रतिभागी और संकल्प नशा मुक्ति केंद्र प्रभारी नटवर कुशवाहा, अमित जैन, मनीष सोनी, सरवन संधू आदि शामिल थे। 


अग्रसेन जयंती महोत्सव में आज किया जाएगा आनंद मेले का आयोजन, महोत्सव में फूल पत्तियों से बनाई आकर्षक रंगोली


 सीहोर। हर साल की तरह इस साल भी मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्री रामचंद्र के वंशज, अग्रकुल प्रवर्तक और समाजवाद के प्रणेता श्रीश्री 1008 महाराजाधिराज अग्रसेन की जयंती महोत्सव का आयोजन आस्था के साथ किया जा रहा है। शनिवार को महोत्सव के अंतर्गत महिलाओं ने फूल पत्तियों की रंगोली बनाई। इसके अलावा चेयर रेस प्रतियोगिता का आयोजन दोपहर में किया गया। वहीं शाम को फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। अग्रवाल महिला मंडल की अध्यक्ष श्रीमती ज्योति अग्रवाल ने बताया कि महोत्सव का मकसद पुरानी परम्परा को कायम रखने के लिए किया जा रहा है। हर साल पूरे उत्साह के साथ अग्रसेन जयंती मनाई जाती है। इस साल भी आस्था के साथ गाइड लाइन के अनुसार महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि शनिवार को महिलाओं के द्वारा फूल-पत्तियों से आकर्षक रंगोली बनाई गई थी। वैसे तो खास मौकों और तीज-त्योहारों में अपने घर के आंगन में रंगोली सजाने का रिवाज है। देश के अलग-अलग इलाकों में रंगोली बनाने की शैली में विविधता दिखाई देती है लेकिन इसके पीछे भावनाओं में एकता नजर आती है। हमारे पूर्वजों का मानना है कि घर के प्रवेश द्वार पर रंगोली बनाने का मतलब ईश्वर का स्वागत करना है। महिलाओं के द्वारा इस क्रम में बहुत ही सुंदर रंगोली बनाई गई थी। मीडिया प्रभारी आशीष गुप्ता ने बताया कि रविवार को आनंद मेला का आयोजन किया जाएगा। जिसमें  विजेता का निर्णय जयंती के दिन किया जाएगा। वहीं शुक्रवार को लकी गेम प्रतियोगिता में प्रथम स्थान अक्षरा पियुष अग्रवाल, दूसरा स्थान देव कमल अग्रवाल और तीसरा स्थान रिदम बंसल ने हासिल किया। इसके अलावा वृन्दावन धाम झांकी गौशाला सहित प्रतियोगिता में प्रथम स्थान गुंजन कपिल अग्रवाल रहे। वहीं दूसरा स्थान सुधा परेश अग्रवाल और तीसरा स्थान पूनम रितेश गुप्ता ने हासिल किया। इधर माइंड गेम प्रतियोगिता के अंतर्गत प्रथम स्थान कश्किा मनीष अग्रवाल रहे। दूसरा स्थान प्राची हीरा बसंल अग्रवाल और तीसरा स्थान रिधि रितेश गुप्ता ने हासिल किया। वहीं लक्की गेम प्रतियोगिता विवाहित महिलाओं में प्रथम स्थान गौरव निलेश अग्रवाल, दूसरा स्थान इश्किा मनीष अग्रवाल और तीसरा स्थान आयूषी मुकेश अग्रवाल ने प्राप्त किया। इधर लॉक डाउन काल पति के साथ आयोजन में प्रथम स्थान रुकमणी रोहिला-सरिता भरतिया, दूसरा स्थान रानू अग्रवाल-संजना अग्रवाल और तीसरा स्थान बबिता जयपुरिया-संतोष मित्तल ने प्राप्त किया। 


गांधी जयंती के उपलक्ष्य में  लगाया नि:शुल्क चिकित्सा जांच शिविर मां नर्मदा हॉस्पिटल का आयोजन 


sehore news
सीहोर। मां नर्मदा हॉस्पिटल द्वारा महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लालबहादुर शास्त्री की जयंती के उपलक्ष्य में नि: शुल्क चिकित्सा जांच शिविर का आयोजन किया गया। डॉक्टर्स ने मरीजों के स्वास्थ्य की जांच कर और जरूरी परामर्श देकर गोली दवाईयां उपलब्ध कराई। शनिवार को मां नर्मदा अस्पताल के डायरेक्टर ज्ञान सिंह बघेला ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर जयंती कार्यक्रम एवं नि: शुल्क चिकित्सा जांच शिविर का शुभारंभ किया। शुभावसर पर मां नर्मदा अस्पताल के स्टाफ  सुपरवाइजर कैलाश मेवाड़ा को  प्रबंधन के द्वारा उत्कृष्ट कायों के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में मां नर्मदा अस्पताल के डायरेक्टर श्री वाघेला ने कहा की मां नर्मदा अस्पताल मानव सेवा के लिए संचालित किया जा रहा है। अस्वास्थ्य नागरिकों के लिए उपचार की सभी सुविधाएं अस्पताल में उपलब्ध कराई गई है। कार्यक्रम में अस्पताल के डॉक्टर नर्स सहित अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।


सड़क पर उतरे चाणक्यपुरी यूथ क्लब के अनेक सदस्य, खाली प्लाटों में भरी गदंगी को झाडू लगाकर किया साफ, शहर की विभिन्न कॉलोनियों में प्रति रविवार की जाएगी सफाई


sehore news
सीहोर। चाणक्यपुरी यूथ क्लब के सदस्यों ने हाथों में झाडू थामकर कोरोनाकाल से बंद स्वस्च्छता अभियान का शुभारंभ गांधी जयंती से शहर में वापस कर दिया है। शनिवार को कॉलोनी की सड़कों पर उतर कर सदस्यों ने सफाई अभियान चलाकर स्वच्छता का संदेश दिया। स्वच्छता के लिए कॉलोनी के खाली प्लाटों पर स्थित गंदगी को फावड़ा और झाडू चलाकर साफ किया। साफ सफाई अभियान में कॉलोनी के नागरिकों ने भी चाणक्यपुरी यूथ क्लब के सदस्यों का साथ दिया। चाणक्यपुरी यूथ क्लब अध्यक्ष अतुल तिवारी ने बताया की कोरोना लॉकडाउन में शासन प्रशासन की गाईडलाईन के कारण क्लब के द्वारा सफाई अभियान बंद कर दिया गया था लेकिन इस दौरान सदस्यों के द्वारा कोरोना लॉकडाउन से प्रभावित नागरिकों की सेवा की जाती रहीं जरूरतमंदों को भोजन सामग्री उपलब्ध कराई गई तो वहीं कोरोना संक्रमण से नागरिकों को बचाने के लिए मास्क सैनीटाईजर का वितरण भी बस्तियों में किया जाता रहा है। श्री तिवारी ने कहा की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्ररेणा से हीं बीते साल दोस्तों ने मिलकर चाणक्यपुरी यूथ क्लब का गठन किया था। जिस में अब 40 से अधिक सक्रिय सदस्य है। माता मंदिर अध्यक्ष एवं चाणक्यपुरी यूथ क्लब सदस्य आनंद शर्मां ने कहा की अब प्रति रविवार को शहर के विभिन्न कॉलोनियों और बस्तियों सहित सरकारी कार्यालय भवनों के आसपास स्वच्छता के लिए साफ सफाई की जाएगी। साईमंदिर के पीछे की गई सफाई में महेश वर्मा, हरीश जोशी, जितेंद्र नागर, प्रवीण तिवारी, विनोद सानिया, प्रदीप अहूजा, संजय राठौर, नितेश सिंह, दीपक शर्मा, आनंद तिवारी, चंद्रशेखर दजानिया, महेश राठौर, धर्मेद्र धनगर, राहुल राव, दीपक पुरोहित, प्रखर तिवारी, शुभम राठौड़, ओम प्रकाश शर्मा, उमेश परमार, महेश नाथ, नवीन चतुवेदी, प्रमोद, ललित वर्मा, राजदीप चौहान, अनूप, हरीश रीठा, लोकेश नामदेव, संजय तिवारी, अखलेश परोच, अनिल मुकाती, शैलेंद्र सेन आदि शामिल रहे।


सेवादल कांग्रे्रस द्वारा आयोजित महात्मा गांधी लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर सत्य अहिंसा पर चलने का लिया संकल्प


sehore news
सीहोर। तहसील चौराहा स्थित गांधी पार्क में सेवादल कांग्रेस के द्वारा आयोजित राष्टश्पिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहदुर शास्त्री की जयंती वंदे मातरम का गायन कर गरीमा पूर्ण माहौल में उत्साह पूर्वक मनाई गई। इस अवसर पर सेवादल कांग्रेस जिलाध्यक्ष नरेंद्र खंगराले के द्वारा सत्य और अहिंसा पर चलने का संकल्प कार्यकर्ताओं को दिलाया गया। सर्व प्रथम पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष एवं सेवादल कांग्रेस के प्रदेश सचिव राकेश राय के द्वारा महात्थ्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर माल्यार्पण दीप प्रज्जवलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यश्क्ष डॉ बलबीर तोमर थे कार्यक्रम की अध्यक्ष ता पूर्व विधायक रमेश सक्सेना के द्वारा  की गई विशेष अतिथि के रूप में पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष रूकमणी रोहिला, डॉ अनीस खान, नईम नबाव, राहुल यादव, ओम वर्मा, दर्शन सिंह वर्मा, केयु कुरैशी,राजाराम बडेभाई  विष्णु राठौर, मोहममद शमीम, तुलसीराम परमार, पवन राठौर, प्रीतम दयाल चौरसिया राजेंद्र वर्मा, भूरा यादव, सीताराम भारती, राजीव गुजराती, राजकुमार यादव थे। सेवादल कांग्रेस के वरिष्ठ कार्यकर्ता मून्नालाल मालवीय के द्वारा अतिँिथयों का पुष्प मालाओं से स्वागत किया। इस अवसर पर कार्यक्रम के पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष राकेश राय ने कहा की गांधी जी जानते थे की सत्य अहिंसा के रास्ते पर चलकर सबकुछ हासिल किया जा सकता है। पूर्व विधायक रमेश सक्सेना ने कहा की अहिंसा के पूजारी महात्मा गांधी के गुणों के कारण भारत के साथ साथ पूरा संसार नस्तमत्क हो गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला कांग्रेस अध्यक्षस बलवीर तोमर ने कहा की गांधी के सिद्धांतों पर चलकर हीं भारत को गांधी के सपनों का भारत बनाया जा सकता है। विशेष अथितियों के द्वारा गांधी जी और शास्त्री जी के व्यक्तित्व पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम के आयोजक तथा सेवादल कांग्रेस जिलाध्यक्ष नरेंद्र खंगराले के द्वारा गांधी और शास्त्री की जयंती पर सत्य और अहिंसा पर चलने का संकल्प कार्यकर्ताओं को दिलाया गया। कार्यक्रम का संचालन रामचरण मालवीय के द्वारा किया गया जथा आभार व्यक्त पार्षद रमेश राठौर केे द्वारा किया गया। कार्यक्रम प्रमुख रूप से क्षेत्रीय पार्षद दिनेश भैरवे राकेश वर्मा, आरती खंगराले, विवेक राठौर, रामू चौधरी, एडवोकेट शरद जोशी, श्रवण वास्तावार, मुकेश ठाकुर, नौशाद खान मृदुल तोमर, अशफाक खान, मुन्नवर खान  फरीद खान, हनीफ खान, अरूण राय, सुनील दुबे राजेन्द्र नागर, पंकज शर्मा, तुलसी राठौर लखन मालवीय, आशा गुप्ता मीरा रैकवार उत्तरा धीमान, राकेश आजाद, रमेश बोयत, मदनलाल मालवीय, कमल सूर्यवंशी घनश्याम जाटव,किशनलाल मनुआ, सययद महमुद अली आदि लोग उपस्थित थे। 


गांधी जयंती से स्पर्श कुष्ठ अभियान का शुभारंभ


sehore news
जिला चिकित्सालय सीहोर में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती से स्पर्श कुष्ठ अभियान की शुरूआत की।  यह अभियान पूरे माह संचालित होगा।  जिला कुष्ठ उन्मूलन अधिकारी श्रीमती क्षमा बर्वे ने बताया कि जिले के समस्त विकासखण्ड में स्पर्श कुष्ठ अभियान संचालित कर चर्मरोग निदान शिविरों का आयोजन किया जाएगा। पीओडी कैम्प आयोजित किए जाएंगे। शिविर लगाकर कुष्ठ रोगियों की जांच की जाएगी। अभियान के शुभारंभ अवसर पर विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों, आशा कार्यकर्ताओं, एनसीसी केडेट के द्वारा कुष्ठ उन्मूलन की शपथ ली दिलाई गई। इस अवसर पर सिविल सर्जन डॉ. अशोक मांझी, विशेषज्ञ चिकित्सक डॉ. बीके चतुर्वेदी, फिजियोथैरेपिस्ट श्री आरएस ओट सहित अन्य विभागीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।

 

मध्यप्रदेश राज्य खाद्य आयोग के सदस्य श्री चौहान 4 अक्टूबर को सीहोर आएंगे



मध्यप्रदेश राज्य खाद्य आयोग के सदस्य श्री वीरसिंह चौहान 4 अक्टूबर को सीहोर आएंगे। श्री चौहान जिले में सार्वजनिक वितरण प्रणाली, पूरक पोषण आहार, मध्यान्ह भोजन तथा प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना की समीक्षा करेंगे। वे 11.00 बजे सीहोर पहुंचकर जनप्रतिनिधियों से चर्चा करेंगे। श्री चौहान 12.00 बजे से संचालित योजनाओं के हितग्राहियों से जानकारी लेंगे। वे 2.00 बजे से विभागीय गतिविधियों की समीक्षा करेंगे। इसके पश्चात भोपाल प्रस्थान करेंगे।



जिले में आज कोई भी व्‍यक्ति कोरोना पॉजिटिव नहीं मिला, वर्तमान में कोरोना एक्टिव पॉजिटिव की संख्या शून्य



पिछले 24 घंटे के दौरान प्राप्त रिपोर्ट में जिले में आज कोई भी व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव नहीं मिला है। सीएमएचओ कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले में अब तक कुल कोरोना पॉजिटिव व्यक्तियों की संख्या 10142 है। वर्तमान में एक्टिव पॉजिटिव शून्य हो गई हैं। कुल रिकवर व्यक्तियों की संख्या 10020 हैं। आज 779 सैम्पल लिए गए है। जांच के लिए सीहोर शहरी क्षेत्र से 220, श्यामपुर से 175,  नसरूल्‍लागंज 83, आष्टा से 202,  बुधनी से 58  तथा  इछावर से 41 सेंपल लिए गए हैं। अभी तक कुल जांच के लिए भेजे गए सेंपल 271589 हैं। जिनमें से 259617 सैंपलों की रिपोर्ट नेगेटिव आई है। आज 746 सैंपलों की रिपोर्ट निगेटिव आई है। कुल 1759 सैंपलों की रिपोर्ट आना शेष है। पैथोलॉजी द्वारा कोरोना वायरस सेंपल की रिजेक्ट संख्या कुल 71 है।


युवाओं का व्यक्तित्व विकास राष्ट्र निर्माण की आधारशिला - क्षेत्रीय निदेशक  श्री कबीर



sehore news
शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय के सभागार में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं स्वर्गीय लाल बहादुर शास्त्री जी की जयंती पर राष्ट्रीय सेवा योजना ने गांधी जयंती कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के क्षेत्रीय निदेशक श्री एएस कबीर ने कहा कि युवाओं के कंधों पर ही देश की जिम्मेदारी है। महात्मा गांधी के आदर्शों को आत्मसात करना चाहिए। कार्यक्रम को उत्कृष्ट विद्यालय प्राचार्य श्री रवीन्द्र कुमार बांगरे तथा युवा अधिकारी श्री दीपेन्द्र उपाध्याय ने भी संबोधित किया। कोरोना काल में उत्कृष्ट कार्य करने वाले स्वयंसेवकों को भी प्रशस्ति पत्र से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर कन्या महाविद्यालय के स्वयंसेवक व कार्यक्रम अधिकारी अमिता बैरागी, पीजी कॉलेज कार्यक्रम अधिकारी सहित स्वयंसेवक उपस्थित थे।



स्वच्छता अपनाने से कई बीमारियों का खतरा टल जाता है - विधायक श्री मालवीय



महात्मा गांधी जी की 152वी जयंती के अवसर पर ग्राम पंचायत-खड़ी हाट में आष्टा विधायक श्री रघुनाथ सिंह मालवीय ने कहा कि हमें गांधी जी जयंती पर स्वच्छता का संकल्प लेकर स्वच्छता को अपनाना चाहिए। स्वच्छता से कई सारी बीमारियों का खतरा टल सकता है। इस अवसर पर स्वच्छता संवाद कार्यक्रम ,स्वच्छता शपथ, सेग्रीगेशन शेड निर्माण एवं सामुदायिक स्वच्छता परिसर निर्माण कार्य का लोकार्पण किया गया।


ग्राम पंचायतों में किया गया ग्राम सभाओं का आयोजन


जिले की सभी ग्राम पंचायतों में गांधी जयंती के अवसर पर ग्राम सभाओं का आयोजन किया गया! इन ग्राम सभाओं में साफ-सफाई, स्वच्छता गांव को सुंदर बनाए रखने संबंधी चर्चा के साथ ही गांव के विकास के बारे में चर्चा की गई। ग्राम पंचायतों में ग्राम सभा के पश्चात स्वच्छता की शपथ भी दिलाई।



विधिक जागरूकता शिविर आयोजित


महात्मा गांधी की 152 जयंती पर मद्य निषेध सप्ताह एवं आजादी का अमृत महोत्सव के अंतर्गत ग्राम पंचायत बोरी में सामाजिक न्याय निशक्तजन कल्याण विभाग द्वारा विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिला न्यायधीश श्री मनीष लोवंशी, ग्राम न्यायालय न्यायाधीश श्री सीटी मालवीय द्वारा महिलाओं के अधिकारों एवं संरक्षण की जानकारी दी। शिविर में महिलाओं का नि:शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण भी किया गया। इस अवसर पर जिला विकलांग पुनर्वास केंद्र के श्री धर्मेंद्र ताम्रकार, समग्र विस्तार अधिकारी श्रीमती डॉली विश्वकर्मा, श्री नवल किशोर मालवीय उपस्थित थे।


आज का दिन गौरव का दिवस - प्रधान जिला जज श्री चंद

  • आत्मनिर्भर भारत की ओर बड रहें है - प्रधान जिला जज श्री चंद

sehore news
भारत विविधता से भरा देश है, आज का दिन गौरव का दिवस है और यही हमारी पहचान भी है हमारे यहां सभी धर्मों के लोग आपस में मिल जुल कर रहते हैं। यह हमारी सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि भारत एक खूबसूरत देश है प्रकृति ने इसे अनुपम सौंदर्य का खजाना दिया है। यह बात प्रधान जिला जज एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री आरएन चंद ने आजादी का अमृत महोत्सव के अन्तर्गत पेन इंडिया अवरनेस कार्यक्रम गांधी जयंती पर टाउन हाल में कही। उन्होंने कहा कि हम देश की आजादी के लिए अमृत महोत्सव मना रहें है। वर्तमान में आत्मनिर्भर भारत की ओर बड रहें है। श्री चंद ने सभी बधाई एवं शुभकामनाएं दी। कलेक्टर श्री चन्द्र मोहन ठाकुर ने कहा कि गांधी जी के बताएं मार्ग पर चलना चाहिए। गांधी जी के सत्याग्रह का सिद्वांत अपनाना होगा। उन्होंने कहा कि सत्याग्रह का आशय है सत्य का आग्रह। सत्य का आग्रह किया जाना चाहिए, नाकि आंदोलन और हिंसा का सहारा लेना चाहिए। श्री ठाकुर ने अधिकारियों को कहा कि अंतिम पक्ति के व्यक्ति को लाभ दिला पाते है। एसपी श्री मयंक अवस्थी ने कहा कि हम सौभाग्यशाली हैं, कि हमने इस देश में जन्म लिया है महात्मा गांधी हर युग में प्रासंगिक रहेंगे । हमें उनके बताए रास्ते पर चलकर लोगों के कल्याण के लिए काम करना चाहिए। कार्यक्रम में सीहोर  जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव श्री मुकेश कुमार दांगी ने भी संबोधित किया। प्रातः 8:00 बजे जिला न्यायालय परिसर से प्रभात फेरी निकाली गई। यह प्रभात फेरी मुख्य मार्गों से होती हुई टाउन हाल में समाप्त हुई। इस रैली के माध्यम से लोगों को कानूनी अधिकार और शासन के विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। प्रभात फेरी को प्रधान जिला जज एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री चंद ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ श्री हर्ष सिंह, विशेष न्यायाधीश श्री सुरेश सिंह, जिला विधिक सहायता अधिकारी अनीस उद्दीन अब्बासी, जिला अभिभाषक संघ के अध्यक्ष श्री रविन्द्र भारद्वाज सहित अधिकारी-कर्मचारी एवं स्कूली छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।



जिले में अब तक 961.7 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज, बीते 24 घंटे में 1.9 मिलीमीटर औसत वर्षा



जिले में 01 जून से 02 अक्टूबर, 2021 तक  961.7 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई। जो कि गत वर्ष इसी अवधि में औसत वर्षा 1433.2 मिलीमीटर थी। जिले की वर्षा ऋतु में सामान्य औसत वर्षा 1148.4 मिलीमीटर है। अधीक्षक भू-अभिलेख द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार 01 जून से 02 अक्टूबर, 2021 तक जिले के वर्षामापी केन्द्र सीहोर में 909.9 मिलीमीटर,  श्यामपुर में 944.9, आष्टा में 838.0,  जावर में 831.0,  इछावर में 980.3, नसरूल्लागंज में 964.0,  बुधनी में 1115.0, रेहटी में 1110.4 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है।



बीते 24 घंटे में 1.9 मिलीमीटर औसत वर्षा

जिले में बीते 24 घंटे में प्रात: 08 बजे तक 1.9 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई। वर्षामापी केन्द्र सीहोर में 0.0 मिलीमीटर, श्यामपुर में 0.0, आष्टा में 13.0,  जावर में 2.0,  इछावर में 0.0, नसरूल्लागंज में 0.0,  बुधनी में 0.0, रेहटी में 0.0 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है।

कोई टिप्पणी नहीं: