सीहोर (मध्य प्रदेश) की खबर 13 मई - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

शुक्रवार, 13 मई 2022

सीहोर (मध्य प्रदेश) की खबर 13 मई

तीन महीने में एक लाख महिला कार्यकर्ताओं का प्रशिक्षण करेगा मोर्चा : वानती श्रीनिवासन

  • संगठन के विस्तार और सुदृढ़ीकरण के लिए काम करे महिला मोर्चाः विष्णुदत्त शर्मा
  • सीहोर में महिला मोर्चा के राष्ट्रीय प्रशिक्षण वर्ग का शुभारंभ

sehore news
सीहोर। वर्तमान समय में आज जब सब कुछ बदल रहा है तो यह जरूरी है कि महिलाएं भी सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक रूप से आगे बढ़ें। महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में भारतीय जनता पार्टी के संगठन और केंद्र में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व वाली सरकार ने कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं और कई ऐतिहासिक फैसले लिए हैं। इसी दिशा में महिला मोर्चा संगठन ने तय किया है कि अगले 3 महीनों में हम मोर्चा के एक लाख कार्यकर्ताओं का प्रशिक्षण करेगा। प्रशिक्षण प्राप्त करके ये कार्यकर्ता समाज के बीच जाकर सरकार की योजनाओं और पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का काम करेंगी। यह बात भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीमती वानती श्रीनिवासन ने सीहोर में शुक्रवार से प्रारंभ हुए महिला मोर्चा के तीन दिवसीय राष्ट्रीय प्रशिक्षण वर्ग में अध्यक्षीय आंसदी से कही।  प्रशिक्षण वर्ग के उद्घाटन सत्र मे मुख्य अतिथि के रूप में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्री विष्णु दत्त शर्मा, पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री एवं महिला मोर्चा के राष्ट्रीय प्रभारी श्री दुष्यंत कुमार गौतम, महिला मोर्चा की राष्ट्रीय महामंत्री श्रीमती सुखप्रीत कौर, पार्टी की प्रदेश महामंत्री सुश्री कविता पाटीदार, महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती माया नारोलिया, प्रदेश मीडिया प्रभारी श्री लोकेन्द्र पाराशर, सीहोर जिलाध्यक्ष श्री रवि मालवीय, भोपाल जिलाध्यक्ष श्री सुमित पचौरी, मोर्चा के प्रदेश महामंत्री श्रीमती अश्विनी परांजपे, श्रीमती माया पटेल मंचासीन अतिथियों के रूप में उपस्थित थे।  


महिला सशक्तिकरण की योजनाओं को समाज के बीच ले जाना हमारा कर्तव्य

प्रशिक्षण वर्ग को संबोधित करते हुए श्रीमती निवासन ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी अन्य राजनीतिक दलों से बहुत अलग राजनीतिक दल है। भारतीय जनता पार्टी का हमेशा से ही प्रयास रहा है कि महिलाओं को कैसे सशक्त और सक्षम बनाया जाए। हमारा उद्देश्य है कि प्रशिक्षण के माध्यम से महिला मोर्चा कार्यकर्ता भारत का सशक्त नेतृत्व कर सके। समाज में महिलाओं की अधिक से अधिक भागीदारी बढ़े इसके लिए भी भारतीय जनता पार्टी लगातार प्रयास करती रहती है। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण हमारी कार्य पद्धति का हिस्सा है। प्रशिक्षण के कारण ही हम अन्य राजनीतिक दलों से अलग दिखाई देते हैं। प्रशिक्षण ही हमें नेतृत्व करने की भूमिका में लाते हैं। उन्होंने कहा कि आज देश में देखेंगे तो प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व और उनकी नीतियों के कारण समाज और सरकार में महिलाओं की भागीदारी बढ़ रही है।  केंद्र सरकार के बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान के माध्यम से महिला सशक्तिकरण के परिणाम भी देखने को मिल रहे हैं। आज तक के राजनीतिक इतिहास में केंद्र सरकार में इतनी महिला मंत्री नहीं रहीं, जितनी कि आज प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी की सरकार में हैं। वित्त विभाग भी पहली बार एक महिला श्रीमती निर्मला सीतारमण जी को दिया गया है। उन्होंने कहा कि यह हमारा कर्तव्य है कि हम अपनी शक्ति को बढ़ाकर महिलाओं के हितों में संचालित योजनाओं को समाज के बीच ले जाएं।


परिवार भाव ही हमारी सबसे बड़ी ताकत

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्री विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि हमारी विशेषता है कि हम एक परिवार भाव से काम करते हैं। यही हमारी सबसे बड़ी ताकत है। श्रद्धेय राजमाता सिंधिया जी, स्वर्गीय सुषमा स्वराज जी, पदमश्री श्रीमती सुमित्रा महाजन जी जैसी अनेक महिला प्रतिभाओं ने न केवल मध्यप्रदेश में बल्कि देश में भारतीय जनता पार्टी के संगठन को सींचने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि सर्वस्पर्शी और सर्वव्यापी हमारा भाव रहा है और इसलिए हम प्रयास करते हैं कि हमारे मोर्चा और प्रकोष्ठों के गठन में महिलाओं की पर्याप्त भागीदारी सुनिश्चित हो।  श्री शर्मा ने कहा कि हमें इस बात का गर्व होता है कि जब दुनिया में सर्वाधिक लोकप्रिय नेता का सर्वे किया जाता है तो उसमें हमारे प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी का नाम सबसे ऊपर होता है, हमें इस बात का भी गर्व है कि हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री जेपी नड्डा जी दुनिया के सबसे बड़े राजनीतिक दल के अध्यक्ष हैं। हम गर्व करते हैं लेकिन घमण्ड नहीं करते। भारतीय जनता पार्टी पंडित दीनदयाल जी के अंत्योदय के उच्च विचार को आत्मसात कर दुनिया का सबसे बड़ा राजनीतिक दल बना है। गरीब कल्याण की अनेक योजनाओं में भी वही अंत्योदय का विचार है, जो हमारे प्रेरणा पुरुष पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी ने दिया था। आज प्रधानमंत्री आवास, उज्जवला योजना, आयुष्मान भारत जैसी महत्वाकांक्षी योजनाएं गरीब कल्याण की दिशा में बहुत महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में हमारी सरकारें महत्वपूर्ण काम कर रही हैं। बेटी बचाओ और बेटी पढ़ाओ, लाडली लक्ष्मी जैसी योजनाओं के माध्यम से बहुत बड़ा सामाजिक परिवर्तन आया है। आज 42 लाख लाडली लक्ष्मी मध्यप्रदेश में हैं , आज मध्य प्रदेश में बेटी और बेटों का अंतर जो पहले 912 था अब 958 हो गया है।  उन्होंने कहा कि मुझे पूर्ण विश्वास है कि आप महिला मोर्चा कार्यकर्ता इस वर्ग से प्रशिक्षण लेकर पार्टी को सुदृढ़ बनाने में और संगठन के कार्य विस्तार में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।  इससे पूर्व कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा महापुरुषों के चित्रों पर माल्यापर्ण एवं दीप प्रज्वलित कर किया गया। स्वागत उदबोधन प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती माया नारोलिया ने दिया। कार्यक्रम का संचालन राष्ट्रीय महामंत्री श्रीमती दीप्ती रावत ने और आभार प्रदेश महामंत्री श्रीमती अश्विनी परांजपे ने माना। 


पिछड़ा वर्ग के हितों को कुचलने का काम कांग्रेस ने किया, विधानसभा में ओबीसी की जनसंख्या 27% बताने वाली कांग्रेस का ओबीसी विरोधी चेहरा उजागर हो चुका है-सुश्री  कविता पाटीदार महामंत्री भाजपा मप्र

  • भाजपा ने ओबीसी आरक्षण मामले में पत्रकार वार्ता कर कांग्रेस का चेहरा बेनकाब किया

sehore news
सीहोर। नगरीय निकाय एवं पंचायत चुनाव बिना ओबीसी आरक्षण के कराए जाने के कोर्ट के आदेश के बाद बनी स्थिति का अगर कोई दोषी है तो वो केवल कांग्रेस है। मध्यप्रदेश में 27% ओबीसी आरक्षण के साथ पंचायत चुनाव प्रक्रिया चल ही रही थी। सरकार इसके अंतर्गत वार्ड परिसीमन, वार्डों का आरक्षण, महापौर तथा अध्यक्ष का आरक्षण, मतदाता सूची तैयार करना आदि समस्त तैयारी भी कर ली थी यहां तक कि ओबीसी एवं अन्य उम्मीदवारों द्वारा नामांकन तक दाखिल कर दिये गये थे, किंतु ओबीसी वर्ग के कांग्रेस विरोधी चेहरे उस वक्त उजागर हुए जब कांग्रेस इस  के विरुद्ध हाई कोर्ट सुप्रीम कोर्ट में गई जिससे होने वाले चुनाव प्रभावित हुए एवं चुनावी प्रक्रिया में व्यवधान उत्पन्न हुआ। आज कांग्रेस ओबीसी आरक्षण को लेकर दिखावटी छाती पीट रही है एवं घड़ियाली आंसू बहा रही है। यह कहना है मप्र भाजपा की प्रदेश महामंत्री सुश्री कविता पाटीदार का जो उन्होंने ओबीसी आरक्षण के मुद्दे को लेकर सीहोर के ग्रेसेस रिसोर्ट में जिला भाजपा द्वारा आयोजित पत्रकार वार्ता में कहे। कविता पाटीदार ने कहा की ओबीसी आरक्षण को लेकर वास्तविकता यह है की  कांग्रेस नहीं चाहती कि ओबीसी वर्ग को उसका हक मिले, इसका उदाहरण यह है की कांग्रेस ने अपने याचिकाकर्ताओं मनमोहन नागर,जया ठाकुर व सैयद जाफर के माध्यम से कोर्ट में प्रकरण दाखिल किए इस तरह न्याय प्रक्रिया में मामले को उलझा कर ओबीसी हितों को कुचलने का काम अगर मध्य प्रदेश में किसी ने किया तो वह कांग्रेस ने किया। उन्होंने कहा की मध्य प्रदेश सरकार ने आयोग बनाकर लगभग 600 पेज की जो रिपोर्ट सुप्रीम कोर्ट में प्रस्तुत की उसमें प्रदेश में ओबीसी वर्ग की आर्थिक सामाजिक राजनीतिक परिस्थितियों के साथ एरियावाइज संख्या के आंकड़े विस्तृत रूप से प्रस्तुत किए थे। जिसमें बताया गया था कि 48% से ज्यादा ओबीसी मतदाताओं की औसत संख्या मध्यप्रदेश में है। कुल मतदाताओं में से अजा/अजजा के मतदाताओं के अतिरिक्त शेष मतदाताओं में अन्य पिछड़ा वर्ग के मतदाताओं की संख्या 79% है यह भी आयोग की रिपोर्ट में पेश किया गया था। सुश्री कविता पाटीदार ने कहा की, वह कमलनाथ सरकार ही थी जिसने विधानसभा में 8 जुलाई 2019 को मध्यप्रदेश लोकसेवा आरक्षण संशोधन विधेयक में यह भ्रामक और असत्य आंकड़ा प्रस्तुत किया था कि अन्य पिछड़े वर्ग की मध्य प्रदेश में कुल आबादी सिर्फ 27% है। यह कांग्रेस का वह  असली ओबीसी विरोधी चेहरा है जो मध्य प्रदेश की विधानसभा के दस्तावेजों में सदैव के लिए साक्षी बन गया है। सुश्री कविता पाटीदार ने कहा कि यह कांग्रेस की गंदी और ओछी मानसिकता है जो आज झूठ बोलकर ओबीसी समाज को भ्रमित कर रही है। कविता पाटीदार ने कहा कि हम चुनाव के लिए पूरी तरह तैयार है। आरक्षण हो या ना हो भाजपा ने घोषणा कर दी है कि हैं 27% आरक्षण नगरीय निकाय के चुनाव में ओबीसी वर्ग को देंगे। सुश्री  कविता पाटीदार ने कहा कि यह भारतीय जनता पार्टी है जिसने वर्ष 2004 से  मध्य प्रदेश में लगातार  अभी तक 3 अन्य पिछड़ा वर्ग के मुख्यमंत्री दिये। मंत्रिमंडल में भी ओबीसी के मंत्रियों को पर्याप्त स्थान दिया गया। सुश्री कविता पाटीदार ने कहा कि पिछड़ा वर्ग के साथ भारतीय जनता पार्टी पूरी तरह निकाय चुनाव में न्याय करेगी। ओबीसी वर्ग को 27% आरक्षण दिया जायेगा। अगर जरूरत पड़ी तो ओर ज्यादा भी देंगे। भाजपा की केंद्र और राज्य की सरकार के कई निर्णय ओबीसी आरक्षण की प्रतिबद्धता का भी प्रमाण है। कविता पाटीदार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार ने ओबीसी की केंद्रीय सूची का दर्जा बढ़ाकर इस सूची को संवैधानिक दर्जा प्रदान किया और इसमें परिवर्तन करने के लिए संसद को शक्तियां प्रदान की। संविधान संशोधन अधिनियम 2018 राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग को संवैधानिक दर्जा मोदी सरकार ने दिया। सुश्री  कविता पाटीदार ने कहा कि भाजपा शीघ्र चुनाव कराना चाहती है तथा उसके लिए पहले भी कई बार प्रयास किए है। भारतीय जनता पार्टी यह भी चाहती है कि चुनाव पिछड़े वर्ग के आरक्षण के साथ हो। भाजपा चुनाव के लिए पूरी तरह तैयार है। आयोजित पत्रकार वार्ता के प्रारम्भ में सीहोर जिला भाजपा के मीडिया प्रभारी सुशील संचेती ने उपस्तिथ सभी अतिथि पदाधिकारियों वरिष्ठ नेताओं का परिचय कराया एवं सभी पत्रकार साथियो का जिला भाजपा की ओर से स्वागत किया। आयोजित पत्रकार वार्ता में मध्य प्रदेश भारतीय जनता पार्टी की महामंत्री सुश्री कविता पाटीदार(मुख्य वक्ता) मध्य प्रदेश भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश मीडिया प्रभारी श्री लोकेंद्र पाराशर, मध्य प्रदेश भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश प्रवक्ता सुश्री नेहा बग्गा, भारतीय जनता पार्टी सीहोर जिले के अध्यक्ष श्री रवि मालवीय, भारतीय जनता पार्टी प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य श्री सीताराम यादव, भारतीय जनता पार्टी सीहोर जिले के महामंत्री राजकुमार गुप्ता,रवि नागले,जिला कार्यालय मंत्री श्री पंकज गुप्ता, भारतीय जनता पार्टी सीहोर जिले के जिला मीडिया प्रभारी सुशील संचेती, सह मीडिया प्रभारी हृदेश राठौर पत्रकार वार्ता में उपस्थित थे।


मकान इच्छा से खाली कर दो वरना हम तोड़ देंगे , कोर्ट के आदेश को नहीं मान रहे है नपा अधिकारी

  • बुजुर्ग हॅू पति का भी स्वर्गवास हो गया है। जीवनयापन का यही एक मकान सहारा है।

sehore news
सीहोर। कलेक्ट्रेट में इच्छा मृत्यु का आवेदन देने वाली वृद्ध महिला को धमकी देने का मामला सामने आया है। मकान का प्रकरण कोर्ट में विचाराधीन है। प्रशासनिक अधिकारी कोर्ट के आदेश को भी नहीं मान रहे है। बस स्टेंड स्थित मकान को जबरन खाली कराने का प्रयास किया जा रहा है। तीन दिनों के अंदर मकान खाली नहीं करने पर मकान तोडऩे की कार्यवाही करने की चैतावनी रेहटी के प्रशासनिक अधिकारियों ने दी है। शुक्रवार को कलेक्ट्रेट पहुंची रेहटी की आवेदिका ललता बाई बेवा स्व किशोर सिंह ने बताया की खसरा कमांक 250/4 में से 0.005 एकड भूमि उनके अधिपत्य की है। इस भूमि पर बने मकान को सड़क बनाने और नाला गहरीकरण के नाम पर जबरन तोड़े जाने की कोशिश की जा रही है। इच्छा मृत्यु का आवेदन कलेक्ट्रेट कार्यालय में देने के बाद 13 मई को नगर परिषद रेहटी कार्यालय में बुलाकर समस्या का समाधान नहीं तो नहीं किया गया बल्की नगर परिषद सीएमओ और तहसीलदार द्वारा कोर्ट के आदेश को नहीं मानते हुए तीन दिनों के अंदर मकान खाली करने और नहीं करने पर जबरन मकान तोड़ ने और फिर इच्छा मृत्यु की मांग करने पर जेल में डलवाने की धमकी भी दी गई है। इस संबंध में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंचकर ललता बाई ने न्याय की गुहार लगाते हुए कहा की मानसिक रूप से काफी परेशान किया जा रहा है रेहटी में पदस्थ अधिकारी अपने पद का दुर्पयोग कर रहे है। बुजुर्ग हॅू पति का भी स्वर्गवास हो गया है। जीवनयापन का यही एक मकान सहारा है।


दुपाडिय़ा दांगी काकड़ कॉलोनी की महिलाओं ने किया कलेक्ट्रोरेट में प्रदर्शंन,  बारिश से पहले नहीं बनी सड़क तो करेंगे विधायक कार्यालय का घेराव


sehore news
सीहोर। ग्राम दुपाडिय़ा दांगी और काकड़ कॉलोनी की महिलाओं ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। किसान स्वराज संगठन के जिलाध्यक्ष विनय सिंह दांगी के नेतृत्व में डिप्टी कलेक्टर सतीष राय को ज्ञापन दिया। महिलाओं के द्वारा दुपाडिय़ा दांगी काकड़ कॉलोनी से बड़बेली तक बारिश से पहले सड़क निर्माण की मांग की गई। मांगी पूरी नहीं होने पर विधायक कार्यालय और सीएम हाउस का घेराव करने की चैतावनी भी जिला प्रशासन को दी। कलेक्ट्रेट पहुंची रचना बाई ने बताया की साहब बारिश के समय बीमार हो जाते है तो हमारे वाहन घर पर नहीं पहुंच पाते है और हमें बमुश्किल खटिया पर सड़क तक पहुंचाना पड़ता है। वहीं मुलिया बाई ने कहा कि नाले पर पुल नहीं होने और कच्ची सड़क पर कीचड़ होने से वाहन नहीं चल पाते है पहले भी काकड़ कॉलोनी के दो ग्रामीण अस्पताल नहीं पहुंच सके थे जिससे उनकी रास्ते में ही मौत हो गई थी। ग्राम के रघुवीर मीना ने कहा कि हमने प्रभारी मंत्री, विधायक, और कलेक्टर को इस समस्या से अवगत करा दिया लेकिन कोई इस और ध्यान नहीं दे रहे है।  जबकी बीते दिनों फौजियों का सम्मान करने ग्राम दुपाडिय़ा दांगी की काकड़ कॉलोनी पहुंचे प्रभारी मंत्री प्रभूराम चौधरी, पूर्व मंत्री रामपाल सिंह और विधायक रामेश्वर शर्मा के वाहन भी नाले में से बमुश्किल निकल पाए थे । पांच साल से सरकार से गुहार लगा रहे है, लेकिन अभी तक हमारी सड़क नहीं बन पाई है, हमारे बारिश में हमारे बच्चे स्कूल नहीं पहुंच पाते इसलिए हम बच्चों को भी हमारे साथ लाए है ताकि सरकार को भी दिखे कि हम कितनी परेशानी से गुजर रहे। प्रदर्शन करने वालों में भगवत सिंह, रघुवीर मीना, विनय सिंह दांगी, विनोद मेवाड़ा, जितेंद्र मेवाड़ा, विश्राम मेवाड़ा, फूल सिंह, कमलेश मेवाड़ा सहित बड़ी संख्या में महिला, पुरुष शामिल थे।



कोई टिप्पणी नहीं: