मधुबनी, 14 अगस्त (रजनीश के झा)। आगामी बिहार विधान सभा निर्वाचन 2025 को लेकर जिला प्रशासन की तैयारियाँ तेज़ हो गई हैं। इसी क्रम में जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिलाधिकारी आनंद शर्मा ने अपने क्षेत्र भ्रमण के दौरान कई संभावित डिस्पैच सेंटरों का निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने सबसे पहले डी.बी. कॉलेज, जयनगर का भ्रमण किया और वहाँ पर निर्वाचन संबंधी आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा की। इसके बाद उन्होंने +2 सीता उच्च विद्यालय, बसैठा, लीलाधर उच्च विद्यालय, बेनीपट्टी, तथा कालिदास महाविद्यालय, उचैठ का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी ने उपस्थित अधिकारियों को निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप सभी व्यवस्थाएँ सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने विशेष रूप से निम्न बिंदुओं पर ध्यान देने को कहा:
भवन एवं परिसर की सुरक्षा व्यवस्था।
पेयजल, विद्युत, शौचालय आदि की समुचित व्यवस्था।
वाहनों के आवागमन
निर्वाचन सामग्री के सुरक्षित भंडारण और वितरण की तैयारी।
जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि निर्वाचन कार्य लोकतंत्र का सबसे बड़ा पर्व है, इसलिए सभी अधिकारियों को पूरी निष्ठा, पारदर्शिता और सतर्कता के साथ कार्य करना होगा। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान संबंधित अनुमंडल पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी सहित कई वरीय अधिकारी मौजूद थे।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें