सीहोर : महाष्टमी को लगाया हलवा-पूरी का भोग, कन्याओं को कराया भोजन - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

मंगलवार, 30 सितंबर 2025

सीहोर : महाष्टमी को लगाया हलवा-पूरी का भोग, कन्याओं को कराया भोजन

  • आज मरीह माता मंदिर पर किया जाएगा भव्य भंडारे का आयोजन, हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं होंगे शामिल

Maha-ashtami-sehore
सीहोर। शहर के विश्रामघाट स्थित मरीह माता मंदिर में आस्था और उत्साह के साथ नवरात्रि का पर्व मनाया जा रहा है, मंगलवार को महाष्टमी के मौके पर यहां पर मौजूद श्रद्धालुओं ने आदिशक्ति मां दुर्गा के महागौरी रूप की पूजा-अर्चना की और उसके पश्चात हलवा-पूरी का भोग लगाकर यहां पर आने वाली सभी कन्याओं को भोजन कराया। बुधवार को सुबह यहां पर जारी नौ दिवसीय शतचंडी यज्ञ की पूर्णाहुति के पश्चात सुबह दस बजे से भव्य भंडारे का आयोजन किया जाएगा। इस मौके पर हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं को भोजन प्रसादी प्रदान की जाएगी। मरीह माता मंदिर में सुबह वैदिक मंत्रों से पूर्ण विधि-विधान से मां दुर्गा के महागौरी रूप में वैदिक मंत्रों से व्यवस्थापक गोविन्द मेवाड़ा, रोहित मेवाड़ा, जितेन्द्र तिवारी, मनोज दीक्षित मामा, पंडित उमेश दुबे, के मार्गदर्शन में पूजा अर्चना की गई। इसके पश्चात सुबह की आरती की गई।  


मंच के संयोजक मनोज दीक्षित मामा ने बताया कि  मां दुर्गा जी की आठवीं शक्ति का नाम महागौरी है और नवरात्रि के आठवें दिन इनकी पूजा की जाती है। इनका वर्ण पूर्ण रूप से गौर है, इसलिए इन्हें महागौरी कहा जाता है। इनके गौरता की उपमा शंख, चंद्र और कुंद के फूल से की गई है और इनकी आयु आठ वर्ष की मानी हुई है। इनके समस्त वस्त्र और आभूषण आदि भी श्वेत हैं। वृषभ पर सवार मां की चार भुजाएं हैं जिसमें ऊपर के दाहिने हाथ में अभय मुद्रा और नीचे वाले दाहिने हाथ में त्रिशूल है। ऊपर वाले बाएं हाथ में डमरू और नीचे के बाएं हाथ में वर मुद्रा है और इनकी मुद्रा अत्यंत शांत है। धन-धन्य और सुख-समृद्धि की प्राप्ति के लिए मां गौरी की उपासना की जानी चाहिए। अष्टमी तिथि के दिन सुबह स्नान-ध्यान के पश्चात कलश पूजन कर मां की विधि-विधान से पूजा करें। इस दिन मां को सफेद पुष्प अर्पित करें, मां की वंदना मंत्र का उच्चारण करें। आज के दिन मां की हलुआ, पूरी, सब्जी, काले चने और नारियल का भोग लगाएं। माता रानी को चुनरी अर्पित करें। अगर आपके घर अष्टमी पूजी जाती है तो आप पूजा के बाद कन्याओं को भोजन भी करा सकते हैं ये शुभ फल देने वाला माना गया है। उन्होंने कहा कि मां महागौरी का ध्यान-स्मरण, पूजन-आराधना भक्तों के लिए सर्वाधिक कल्याणकारी है। मनुष्य को सदैव इनका ध्यान करना चाहिए, इनकी कृपा से आलौकिक सिद्धियों की प्राप्ति होती है। ये भक्तों के कष्ट जल्दी ही दूर कर देती हैं एवं इनकी उपासना से असंभव कार्य भी संभव हो जाते हैं। ये मनुष्य की वृतियों को सत की ओर प्रेरित करके असत का विनाश करती हैं। भक्तों के लिए यह देवी अन्नपूर्णा का स्वरूप हैं इसलिए अष्टमी के दिन कन्याओं के पूजन का विधान है। ये धन, वैभव और सुख-शांति की अधिष्ठात्री देवी हैं।

कोई टिप्पणी नहीं: