लखनऊ : शस्त्रपूजन से प्रबल होती है आत्मगौरव और देशरक्षण की भावना : डॉ. दिनेश शर्मा - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

गुरुवार, 2 अक्टूबर 2025

लखनऊ : शस्त्रपूजन से प्रबल होती है आत्मगौरव और देशरक्षण की भावना : डॉ. दिनेश शर्मा

  • लखनऊ में भारतीय क्षत्रिय समाज का विजयादशमी उत्सव मना
  • क्षत्रिय जाति नहीं, धर्म और जीवनशैली है : अनिल सिंह गहलोत

Shaahtra-puja-lucknow
नई दिल्ली / लखनऊ , 2अक्टूबर, (विजय सिंह)। 'भारत में शस्त्रपूजन की परंपरा बेहद प्राचीन है। शस्त्रपूजन मन में समाजरक्षण का भाव पैदा करता है। यह हमारे अंतस में आत्मगौरव, आत्मरक्षण और देशरक्षण की भावना प्रबल करता है। क्षत्र अधिपति ही क्षत्रिय कहलाने का अधिकारी है। क्षत्रिय वह है जिनकी वीरांगनाओं ने बच्चों को तिलक लगाकर देशरक्षा के लिए सहर्ष भेज दिया। उक्त बातें आज गुरुवार को लखनऊ में राज्यसभा सांसद डॉ.दिनेश शर्मा ने भारतीय क्षत्रिय समाज, लोक अधिकार मंच एवं ऊर्जस्वी कुलश्रेष्ठ कुटुम्ब के संयुक्त तत्वावधान में गोमतीनगर स्थित सीएमएस सभागार में आयोजित विजयादशमी उत्सव एवं  शस्त्र-पूजन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि व्यक्त किए।


Shaahtra-puja-lucknow
डॉ. दिनेश शर्मा ने कहा कि, 'राजा श्रीराम आदर्श क्षत्रिय थे, जिन्होंने गिरिजन, परिजन और वनवासी समाज को गले लगाकर राक्षस दल का विनाश किया, इसलिए वह मर्यादा पुरुषोत्तम कहलाए। ऋषि परशुराम ने क्षत्रिय भगवान कृष्ण और भीष्म पितामह को सारे शस्त्र का ज्ञान दिया, इसलिए कटने-बंटने के नैरेटिव से सावधान रहने की जरूरत है।' कार्यक्रम के संयोजक एवं भारतीय क्षत्रिय समाज के अध्यक्ष अनिल सिंह गहलोत ने कहा, 'क्षत्रिय कोई जाति नहीं, यह धर्म है, जीवनशैली है। जो भी छात्र धर्म का पालन करे, वो क्षत्रिय है। धर्म के रक्षाहित यदि शस्त्र उठाना पड़े तो वह भी शास्त्रसम्मत है। शस्त्रपूजन सिर्फ तलवारों का प्रदर्शन मात्र नहीं है, यह परंपरा से जुड़ने का माध्यम है। क्षत्रियों का कुल अतुलनीय है। क्षत्रिय कुल में ही सभी ईश्वरों ने अवतार लिए हैं।' विशिष्ट अतिथि डॉ.राजेश्वर सिंह ने कहा, क्षत्रिय धर्म की बेहद गौरवशाली परंपरा है। क्षत्रियों को इसे आगे बढ़ाने की जरूरत है। क्षत्रिय वही है जो राष्ट्र और समाज के लिए प्राण-प्रण से समर्पित है। उन्होंने युवाओं से आह्वान करते हुए कहा, 'शिक्षा ज्ञान और तकनीक से स्वंय को मजबूत बनाएं। आने वाले दौर में डिजिटल साक्षरता बड़ा हथियार बनेगा। युवा डिजिटल दक्ष होंगे, सशक्त होंगे तो नौकरियां खुद खोजते हुए आएंगी।' उन्होंने कहा, 'प्रभु श्री राम को काल्पनिक बताया जाना हमारी नींव पर सुनियोजित हमला था। क्षत्रिय समाज अपने आराध्य पर हमला बर्दाश्त नहीं करेगा।'


विशिष्ट अतिथि विधान परिषद सदस्य पवन सिंह चौहान ने कहा, शस्त्रपूजन का संदेश अन्याय, असत्य, अधर्म और अनीति से लड़ने के लिए ग्रहण करना है।'  विधान परिषद सदस्य अंगद कुमार सिंह ने कहा, 'क्षत्रियों ने आदिकाल से ही समाज के सभी वर्गों का रक्षण किया है। देश और समाज को जब भी जरूरत पड़ी है, क्षत्रियों ने सहर्ष अपने दरवाजे खोल दिए हैं।' अतिथियों का स्वागत भारतीय क्षत्रिय समाज के राष्ट्रीय संयोजक छेदी सिंह एवं आभार ज्ञापन राष्ट्रीय महासचिव अरविंद कुमार सिंह ने किया। इस मौके पर राज्य महिला आयोग की सदस्य एकता सिंह, सुविख्यात शिक्षाविद डॉ.एस.के.डी. सिंह, पूर्व डीजीपी सुलखान सिंह, सेवानिवृत आईएएस अधिकारी एसपी सिंह, भाजपा के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष राजीव मिश्र, भारतीय क्षत्रिय समाज के प्रदेश अध्यक्ष पंकज सिंह भदौरिया, प्रदेश महामंत्री विशाल चंद्र शाही, भाजपा नेता प्रदीप सिंह 'बब्बू', डॉ.अखिलेश सिंह, प्रधान संघ की अध्यक्ष संयोगिता सिंह चौहान, ऊर्जस्वी कुलश्रेष्ठ कुटुम्ब के संस्थापक डॉ.अतुल मोहन सिंह समेत शिक्षा, चिकित्सा, पत्रकारिता एवं विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े कई गणमान्य महानुभाव उपस्थित रहे।

कोई टिप्पणी नहीं: