- विद्यार्थियों को दिया गया टीमवर्क और नेतृत्व क्षमता का प्रशिक्षण

गाजियाबाद (रजनीश के झा)। वसुंधरा स्थित मेवाड़ ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के शिक्षक शिक्षा विभाग ने विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, टीमवर्क और आत्मनिर्भरता का विकास के मकसद से साप्ताहिक स्काउट गाइड शिविर आयोजित किया। शिविर में भारत स्काउट और गाइड, गाज़ियाबाद के जिला संगठन आयुक्त श्याम सिंह ने विभिन्न कार्यशालाएँ और कौशल विकास प्रशिक्षण देकर प्रतिभागी विद्यार्थियों को स्काउटिंग कौशल, अनुशासन तथा व्यवहारिक गतिविधियों का अनुभव प्रदान किया। इसी दौरान प्रतिभागियों को जिम कॉर्बेट राष्ट्रीय उद्यान की शैक्षिक यात्रा भी कराई गई। इस भ्रमण ने विद्यार्थियों को प्रकृति के निकट जाने, साहसिक शिक्षण अनुभव प्राप्त करने और पर्यावरण जागरूकता के मूल्यों को समझने का अवसर दिया। शिविर के अंतिम दिन विद्यार्थियों ने राज्यवार टेंट पिचिंग और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से अपनी रचनात्मकता व टीम भावना का प्रदर्शन किया। प्रस्तुतियों में देश की सांस्कृतिक विविधता और विद्यार्थियों का उत्साह स्पष्ट रूप से दिखाई दिया। समारोह में मेवाड़ ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के चेयरमैन डॉ. अशोक कुमार गदिया और निदेशक डॉ. अलका अग्रवाल ने अपनी उपस्थिति से सभी विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाया। चेयरमैन डॉ. गदिया ने अपने स्काउट अनुभव साझा करते हुए बताया कि स्काउटिंग ने उनके व्यक्तित्व निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। विभागाध्यक्ष डॉ. गीता रानी ने सभी का आभार व्यक्त किया।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें