वाराणसी : नेशनल वॉलीबॉल में सेमीफाइनल की रणभेरी, भिड़ेंगे चार सूरमा - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

शुक्रवार, 9 जनवरी 2026

वाराणसी : नेशनल वॉलीबॉल में सेमीफाइनल की रणभेरी, भिड़ेंगे चार सूरमा

National-vollyball-sehore
वाराणसी (सुरेश गांधी)। डॉ. संपूर्णानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम (सिगरा) में चल रही 72वीं सीनियर नेशनल वॉलीबॉल चैंपियनशिप अब अपने सबसे रोमांचक और निर्णायक दौर में प्रवेश कर चुकी है। नगर निगम वाराणसी की मेजबानी में आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता के छठे दिन शुक्रवार को खेले गए क्वार्टरफाइनल मुकाबलों ने खेल प्रेमियों को रोमांच से भर दिया। महिला वर्ग में केरल और हरियाणा, जबकि पुरुष वर्ग में रेलवे और सर्विसेज ने अपने-अपने मुकाबले जीतकर सेमीफाइनल में जगह बना ली। अब सभी की निगाहें सेमीफाइनल मुकाबलों पर टिकी हैं, जहां देश की सर्वश्रेष्ठ टीमें खिताब की ओर अंतिम छलांग लगाने उतरेंगी। वाराणसी की धरती पर वॉलीबॉल का यह महाकुंभ हर दिन नए इतिहास की इबारत लिख रहा है।


महिला वर्ग : केरल का दबदबा, यूपी को सीधे सेटों में दी शिकस्त       

महिला वर्ग के पहले क्वार्टरफाइनल में केरल की टीम ने उत्तर प्रदेश को सीधे सेटों में 3-0 (25-10, 25-20, 25-18) से पराजित कर अपने इरादे साफ कर दिए। शुरू से अंत तक केरल की खिलाड़ी कोर्ट पर पूरी तरह हावी रहीं। उनके खेल में अनुशासन, आक्रामकता और बेहतरीन तालमेल साफ नजर आया। नेट पर अन्ना और अनुश्री ने यूपी के आक्रमण को बार-बार ब्लॉक कर उसकी धार कुंद की। अनुभवी सेटर नीतू की सटीक और कलात्मक सेटिंग ने केरल के अटैक को और घातक बना दिया। बैक रो से अनघा ने आउटसाइड हिटर की भूमिका में महत्वपूर्ण अंक जुटाए, जबकि अन्ना वी. ने ऑलराउंडर के रूप में डिफेंस को मजबूती दी। इस जीत के साथ केरल न सिर्फ सेमीफाइनल में पहुंची, बल्कि खिताब की प्रबल दावेदार के रूप में भी उभरी है।


हरियाणा की बेटियों का दम, बंगाल को एकतरफा मुकाबले में हराया

महिला वर्ग के दूसरे क्वार्टरफाइनल में हरियाणा की टीम ने पश्चिम बंगाल को 3-0 (25-16, 25-22, 25-19) से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। हरियाणा की खिलाड़ियों ने हर सेट में आक्रामक खेल दिखाते हुए बंगाल को वापसी का मौका नहीं दिया। ज्योति और स्वाति ने नेट पर शानदार ब्लॉक और सटीक सर्विस से टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई। अल्पना और सविता ने आक्रमण को धार दी, जबकि पूजा और तनु राठी ने दबाव के क्षणों में धैर्य और तालमेल से विपक्षी डिफेंस को ध्वस्त किया। हरियाणा की यह जीत टीम वर्क और रणनीतिक समझ का शानदार उदाहरण रही।


पुरुष वर्ग : रेलवे की रफ्तार के आगे हरियाणा बेबस

पुरुष वर्ग के पहले क्वार्टरफाइनल में इंडियन रेलवे ने हरियाणा को कड़े मुकाबले में 3-1 (25-20, 25-17, 22-25, 25-23) से पराजित कर सेमीफाइनल का टिकट कटाया। मुकाबले में जबरदस्त उतार-चढ़ाव देखने को मिला, लेकिन निर्णायक क्षणों में रेलवे का अनुभव भारी पड़ा। रेलवे के कप्तान अंगामुथु ने दमदार स्मैश और सधी हुई कप्तानी से टीम को दिशा दी। समीर चौधरी की सटीक सर्विस, रोहित कुमार की नेट पर मजबूत ब्लॉकिंग और लिबरो रामनाथन आर. की फुर्तीली डिफेंस ने हरियाणा के आक्रमण को बार-बार विफल किया। संजय मलिक और तनिष्क चौधरी ने बीच-बीच में चतुर ड्रॉप शॉट्स से मैच की गति रेलवे के पक्ष में बनाए रखी।


सर्विसेज का सधा हुआ खेल, राजस्थान को 3-0 से किया बाहर

पुरुष वर्ग के दूसरे क्वार्टरफाइनल में सर्विसेज ने राजस्थान को सीधे सेटों में 3-0 (25-17, 25-12, 25-23) से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। हालांकि तीसरे सेट में राजस्थान ने जोरदार वापसी की कोशिश की, लेकिन सर्विसेज की रणनीतिक मजबूती के आगे वह नाकाम रही। सर्विसेज की जीत में विक्रम ने मुख्य अटैकर की भूमिका निभाई, शिखर एस. ने नेट पर फुर्ती दिखाई और शमीमुद्दीन ने डिफेंस व अटैक के बीच संतुलन बनाकर टीम को बढ़त दिलाई।


खेल के साथ राजनीति का संगम

क्वार्टरफाइनल मुकाबलों के दौरान खेल और राजनीति का अनोखा संगम भी देखने को मिला। मुख्य अतिथि के रूप में कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, आयुष मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’, पूर्व विधायक सुरेंद्र नारायण सिंह और भाजपा नेता पंकज सिंह चंचल उपस्थित रहे। मंडलायुक्त एस. राजलिंगम और पूर्व प्राचार्य डॉ. सत्यदेव सिंह की गरिमामयी उपस्थिति ने आयोजन की शोभा बढ़ाई। इससे पूर्व महापौर अशोक कुमार तिवारी और आयोजन समिति के सचिव सर्वेश पांडेय ने अतिथियों का भव्य स्वागत किया।


क्वार्टरफाइनल स्कोरकार्ड (9 जनवरी)

पुरुष वर्ग

रेलवे बनाम हरियाणा : रेलवे विजेता 3-1

(25-20, 25-17, 22-25, 25-23)


सर्विसेज बनाम राजस्थान : सर्विसेज विजेता 3-0

(25-17, 25-12, 25-23)


महिला वर्ग

केरल बनाम उत्तर प्रदेश : केरल विजेता 3-0

(25-10, 25-20, 25-18)


हरियाणा बनाम पश्चिम बंगाल : हरियाणा विजेता 3-0

(25-16, 25-22, 25-19)

कोई टिप्पणी नहीं: