प्रो० सियाराम शर्मा ने 'रामविलास शर्मा का मूल्यांकन और नामवर सिंह' विषय पर अपनी बात रखते हुए कहा कि हिन्दी की आलोचना नामवर सिंह और रामविलास शर्मा की वाद, विवाद और संवाद की प्रक्रिया में हुआ है। नामवर सिंह रामविलास शर्मा को संघर्ष और साधना के अप्रतिम आलोचक के साथ ही प्रगतिशील आलोचना के अग्रदूत आलोचक के रूप में मानते हैं। दक्षिण बिहार केंद्रीय विश्वविद्यालय, गया के सहायक आचार्य डॉ० योगेश प्रताप शेखर ने 'दूसरी परंपरा और हजारी प्रसाद द्विवेदी' विषय पर अपनी बात रखते हुए कहा कि नामवर सिंह के लिए परंपरा कोई ठहरी हुई चीज नहीं है; उसका समकाल से बहुत गहरा संबंध है। द्विवेदी जी की तरह ही नामवर जी के यहाँ भी परंपरा इकहरी नहीं है। नामवर जी के अनुसार पुराने और नये के बीच के द्वन्द्वात्मक रिश्ते के द्वारा परंपरा का विकास हुआ है। यही नयी बात नामवर जी ने द्विवेदीजी की परंपरा संबंधी विवेचन में जोड़ी है। इस छठे सत्र का संचालन हिन्दी विभाग के सहायक आचार्य डॉ० प्रभात कुमार मिश्र ने किया। संगोष्ठी के ‘आधुनिकता, इतिहास और उपन्यास’ विषयक सातवें सत्र में 'उपन्यास की भारतीयता का प्रश्न और नामवर सिंह’ विषय पर बातचीत करते हुए प्रो. विनोद तिवारी ने कहा कि नामवर सिंह का मानना था कि हिंदी उपन्यास रोमांस के ज्यादा करीब है। उपन्यास को भारतीय ढंग का मानना एक मुकदमा है जो अभी भी सुलझा नहीं है। नामवर सिंह अंतर्वस्तु पर बहुत जोर देते हैं। उपन्यास मध्यवर्ग का नहीं किसान जीवन की महागाथा है यह नामवर सिंह की महत्वपूर्ण स्थापना है। डॉ. राहुल सिंह ने ‘नामवर सिंह का आधुनिकता बोध’ विषय पर अपनी बात रखते हुए कहा कि नामवर सिंह के यहाँ आधुनिकता अनुप्रयोग के रूप में है। नामवर जी के यहाँ आधुनिकता वस्तुस्पर्शिनी प्रतिभा के तौर पर मौजूद है। ‘नामवर सिंह का इतिहास बोध’ विषय पर बातचीत करते हुए डॉ. वैभव सिंह ने कहा कि नामवर सिंह मानते थे कि साहित्य अपने में ऐतिहासिक अवधारणा है; इतिहास साहित्य का पालन करता है। वे हमेशा तर्कसंगत इतिहासदृष्टि खोजते थे, उसे विकसित करते थे। इस सत्र का संचालन डॉ. सत्यप्रकाश सिंह ने किया।
'हिन्दी का गद्य पर्व' विषयक आठवें सत्र में श्री राकेश तिवारी ने 'नामवर सिंह : कथा-आलोचना के प्रतिमान' विषयक वक्तव्य में कहा कि उनके साक्षात्कारों, व्याख्यानों में और उनकी किताब में कहानी संबंधित उनके विचारों को देखा जा सकता है। नामवर जी की समीक्षा पद्धति कुछ और पाठकों की तलाश है। नामवर जी की आलोचना पाठकीय में संशय को आश्वस्ति में बदल देने की ताकत है। बनास जन के संपादक पल्लव ने अपने 'नामवर सिंह की आलोचना में प्रेमचंद' विषयक अपने वक्तव्य में कहा कि नामवर जी 'प्रेमचंद और भारतीय समाज' में मुखर सैद्धांतिक आग्रहों के बजाय अमुखर हैं। नामवर जी विश्व साहित्य के संदर्भ में प्रेमचंद की पुनर्व्याख्या करते हैं। नामवर जी प्रेमचंद की कला की सादगी, सरलता, बेबाकपने को रेखांकित करते हैं। 'हिन्दी साहित्येतिहास पर नामवर-विचार' विषय पर बात रखते हुए डॉ० विशाल विक्रम सिंह ने कहा कि 90 के बाद की जो परिस्थितियाँ बदली हैं उनके अनुसार नामवर सिंह इतिहास के पुनर्लेखन की माँग करते हैं। प्राच्यवादी काल-विभाजन को तोड़ने का काम नामवर सिंह करते हैं। इस सत्र का संचालन डॉ० अवनीश कुमार मिश्र ने किया। इस दौरान सभागार में प्रो० वशिष्ठ नारायण त्रिपाठी, प्रो० बलिराज पाण्डेय, प्रो० चंद्रकला त्रिपाठी, प्रो० वशिष्ठ द्विवेदी, प्रो० आनंद कुमार, प्रो० मनोज कुमार सिंह, प्रो० विनोद तिवारी, प्रो० श्रीप्रकाश शुक्ल, प्रो० आशीष त्रिपाठी, प्रो० प्रभाकर सिंह, प्रो० नीरज खरे, डॉ० सूर्य नारायण, डॉ पल्लव, डॉ० किंगसन सिंह पटेल, डॉ० मोतीलाल, डॉ० प्रीति त्रिपाठी, डॉ० सत्यप्रकाश सिंह, शिव कुमार पराग, उज्ज्वल भट्टाचार्य, डॉ० विवेक सिंह, डॉ० सुशील सुमन, डॉ० राहुल सिंह, डॉ० वैभव सिंह आदि बनारस एवं देश के गणमान्य विद्वानों के साथ ही भारी संख्या में शोधार्थियों एवं विद्यार्थियों की उपस्थिति रही।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें