मधुबनी : राष्ट्रीय सहकारी चीनी कारखाना महासंघ के विशेषज्ञों द्वारा चीनी मिल स्थल निरीक्षण - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

बुधवार, 25 फ़रवरी 2026

मधुबनी : राष्ट्रीय सहकारी चीनी कारखाना महासंघ के विशेषज्ञों द्वारा चीनी मिल स्थल निरीक्षण

  • सकरी में प्रस्तावित सहकारी चीनी मिल के लिए संभाव्यता प्रतिवेदन एवं विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन निर्माण की प्रक्रिया तेज

Sakri-sugar-mil-madhubani
मधुबनी (रजनीश केझा), 25 फरवरी। मधुबनी जिले के सकरी में प्रस्तावित सहकारी चीनी मिल की स्थापना की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। आज दिनांक 25 फरवरी 2026 को नेशनल फेडरेशन ऑफ कोऑपरेटिव शुगर फैक्ट्रीज लिमिटेड, नई दिल्ली के मुख्य गन्ना सलाहकार डॉ आर. बी. डोले एवं तकनीकी सलाहकार  के. एम. चौधरी द्वारा सकरी में प्रस्तावित सहकारी चीनी मिल स्थल का विस्तृत निरीक्षण किया गया। इस अवसर पर सहकारी चीनी मिल की संभाव्यता प्रतिवेदन (फिजिबिलिटी रिपोर्ट) एवं विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (डीपीआर) तैयार करने के उद्देश्य से भूमि की स्थिति, संपर्क पथ, जल उपलब्धता, विद्युत व्यवस्था, गन्ना उत्पादन क्षेत्र, परिवहन सुविधा सहित अन्य तकनीकी एवं भौगोलिक पहलुओं का गहन अवलोकन किया गया।


स्थानीय गन्ना कृषकों से सीधी वार्ता, उत्साहपूर्ण सहभागिता

स्थल निरीक्षण के उपरांत विशेषज्ञ दल द्वारा स्थानीय गन्ना कृषकों के साथ संवाद स्थापित किया गया। इस दौरान कृषकों ने गन्ना उत्पादन, विपणन में आ रही समस्याओं, उचित मूल्य, परिवहन सुविधा एवं चीनी मिल की स्थापना से होने वाले लाभों पर अपने विचार साझा किए। विशेषज्ञों ने कृषकों को आश्वस्त किया कि प्रस्तावित सहकारी चीनी मिल से न केवल गन्ना का समुचित मूल्य मिलेगा, बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन, आर्थिक सशक्तिकरण एवं कृषि आधारित उद्योगों को भी बढ़ावा मिलेगा। निरीक्षण एवं कृषक संवाद के दौरान जिला सहकारिता पदाधिकारी एवं जिला ईख (गन्ना) पदाधिकारी भी उपस्थित रहे। पदाधिकारियों ने जिले में गन्ना उत्पादन की वर्तमान स्थिति, संभावनाओं एवं सहकारी चीनी मिल की आवश्यकता से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियाँ विशेषज्ञ दल को उपलब्ध कराईं। 


क्षेत्रीय विकास की दिशा में मील का पत्थर सिद्ध होगी सहकारी चीनी मिल

प्रस्तावित सहकारी चीनी मिल की स्थापना से मधुबनी जिले के सकरी एवं आसपास के क्षेत्रों में गन्ना कृषकों को सीधा लाभ मिलेगा। यह परियोजना कृषि, उद्योग एवं सहकारिता के समन्वय से क्षेत्रीय विकास को नई गति प्रदान करेगी।

कोई टिप्पणी नहीं: