सीहोर : वैशाख मास में जल की सेवा बड़ी पुण्यकारी : पंडित सुनील शर्मा - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

सोमवार, 30 मार्च 2026

सीहोर : वैशाख मास में जल की सेवा बड़ी पुण्यकारी : पंडित सुनील शर्मा

  • शुक्रवार से होगा वैशाख मास का प्रारंभ 

Baisakh-mas-sehore
सीहोर। इस वर्ष वैशाख मास का प्रारंभ 3 अप्रैल चित्रा नक्षत्र से आरंभ होगा। वैशाख मास 1 मई शुक्रवार तक रहेगा। हिंदू नव वर्ष विक्रम संवत् 2083 के अनुसार यह दूसरा पवित्र महीना है l वैशाख मास की 29 दिन की अवधि में चिरंजीवी भगवान परशुराम जन्मोत्सव, गंगा सप्तमी, गुरु गोरखनाथ जयंती, बुद्ध पूर्णिमा जैसे महत्वपूर्ण धार्मिक उत्सव मनाए जाएंगे l वैशाख मास जगत पालक भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी की विशेष पूजा, जप, तप, ध्यान और व्रत अनुष्ठान के लिए समर्पित है l विशाखा नक्षत्र के नाम पर इसे वैशाख मास के नाम से जाना जाता है l पंडित सुनील शर्मा के अनुसार वैशाख मास में धर्म-कर्म, स्नान-दान, जप-तप, व्रत और उपवास आदि का बड़ा धार्मिक महत्व माना गया है l शास्त्र मान्यता अनुसार वैशाख मास में किया गया जल तीर्थ में स्नान, गरीबों और जरुरतमंदो को किया गया दान और पूजा-तप का पुण्यफल कभी समाप्त नहीं होता है और वैशाख मास में की गई पूजा अक्षय पुण्यदायी होती है l वैशाख मास में तीर्थ नदियों में स्नान करने मात्र से साधक के सभी दोष और पाप समाप्त हो जाते हैं और पुण्य फल की प्राप्ति होती है l वैशाख के महीने में कांसे के बर्तन में भोजन नहीं करना चाहिए l 


वैशाख मास में श्रद्धालुओं के द्वारा किए जाने वाले कर्म - 

पंडित सुनील शर्मा के अनुसार वैशाख मास में प्रतिदिन साधक को भगवान विष्णु की पूजा और कथा का श्रवण करना चाहिए और विष्णु सहस्त्रनाम भगवान सत्यनारायण कथा का श्रवण पाठन करना चाहिए l वैशाख मास में प्रतिदिन विष्णु प्रिया कहलाने वाली तुलसी जी की सेवा करते हुए संध्या के समय दीया जलाना चाहिए l वैशाख मास में यदि संभव हो तो प्याऊ बनवाना चाहिए या फिर गौमाता व पशु-पक्षियों के लिए जल का इंतजाम करना चाहिए l शास्त्र अनुसार वैशाख मास में जल सेवा बड़ी पुण्य कारी मानी गई है l वैशाख मास में पुण्य की प्राप्ति के लिए व्यक्ति को जल, घड़ा, छाता, चप्पल, आदि का दान करना चाहिए l

कोई टिप्पणी नहीं: