भोपाल : बच्चों की छुट्टी, पर परिंदे जायेंगे स्कूल - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

बुधवार, 29 अप्रैल 2026

भोपाल : बच्चों की छुट्टी, पर परिंदे जायेंगे स्कूल

Bhopal-school
भोपाल (संवाददाता)। बच्चों की गर्मियों की छुट्टी लग गई है, अब बच्चे चिलचिलाती धूप में स्कूल नहीं आएंगे, परंतु परिंदे अवश्य स्कूल जायेंगे। छुट्टी से पहले बच्चों ने स्कूल में ऐसी व्यवस्था कर दी है कि परिंदों को ठण्डा पानी मिल सके और कोई भी पक्षी गर्मी में प्यासा न रहे।  भीषण गर्मी को देखते हुए स्कूल के बच्चों ने सराहनीय पहल की है। प्रकृति की परवाह करते हुए उनमें पर्यावरण के प्रति प्रेम, करूणा और दया का भाव जागृत करने के उद्देश्य से मिट्टी के सकोरे बांटे गए, जिन्हें बच्चों ने स्कूल परिसर तथा पेड़ों पर पानी भरकर रखा। ताकि रिकार्ड तोड़ गर्मी में प्यास से व्याकुल पक्षी पानी पीकर अपने को जीवित रख सकें और धूप में झुलसने से बच सकें।


 रातीबड़ मार्ग स्थित शारदा विद्या मंदिर में प्रारम्भ किए गए इस अभियान का उद्देश्य गर्मी के मौसम में प्यास से परेशान परिंदों को राहत पहुंचाना तथा समाज में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाना है। विद्यार्थियों द्वारा सकोरों में पानी भर कर पेड़ों और खुले स्थानों पर सुरक्षित तरीके से रखा गया ताकि अधिक-से-अधिक पक्षियों को लाभ मिल सके। इन सकोरों में प्रतिदिन शीतल जल भरा जाएगा। इसके लिए स्कूल स्टॉफ के ही  सदस्यों की ड्यूटी लगाई गई है। ईको क्लब की सहायता से प्रारंभ किए गए इस कार्य के बारे में शारदा विद्या मंदिर की प्राचार्या शैफाली गौतम ने बताया कि इस प्रकार की गतिविधियां बच्चों में दया, दायित्व और प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता विकसित करती हैं। उन्होंने सभी से अपील की है कि वे अपने घरों के आसपास परिंदों के लिए दाना-पानी की व्यवस्था कर पुण्य लाभ प्राप्त करें। बच्चों ने कहा कि वह अपने-अपने घर पर भी पक्षियों के लिए दाना पानी की व्यवस्था करेंगे. कार्यक्रम के दौरान शिक्षिकाओं द्वारा विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण और जीव-जंतुओं के महत्व के बारे में जानकारी दी गई। उत्साहित बच्चों द्वारा नियमित रूप से सकोरों में पानी भरने का संकल्प भी लिया गया।

कोई टिप्पणी नहीं: