- सम्राट चौधरी को एनडीए में बेहतर सीएम बनने की है जल्दी, इसीलिए नीतीश को कर रहे हैं बार बार बेइज्जत
बिहार कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता राजेश राठौड़ ने कहा है कि सम्राट चौधरी ने एक बार नहीं बल्कि अनेकों बार पूर्ववर्ती मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को लेकर ऐसी तल्ख टिप्पणी की है जो उनके शासन काल को बदतर बताने का प्रयास ही प्रतीत होता है। सम्राट चौधरी के ताजा बयान को आधार बनाकर उन्होंने कहा कि नए नवेले सीएम ने कहा है कि थानों और अंचलों की मॉनिटरिंग सीएम आवास से की जाएगी जो यह स्पष्ट करता है कि थानों में व्याप्त भ्रष्टाचार और अंचलों में लालफीताशाही और भ्रष्टाचार को नीतीश कुमार ने फलीभूत होने दिया जिसे अब सम्राट चौधरी ने समाप्त करने की ठान ली है। मतलब स्पष्ट है कि राज्य में एनडीए के पूर्ववर्ती सीएम ने भ्रष्टाचार को बढ़ावा दिया जिसको अब उन्हीं के नवनियुक्त सीएम ने भरे सदन में स्वीकार लिया है। खुद को सुपरहिट सीएम साबित करने में अपनी ही सरकार के नाकामियों को रेखांकित कर सम्राट चौधरी ने कहीं न कहीं नीतीश कुमार के मुख्यमंत्रित्व काल को आईना दिखाने का काम किया है।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें