इस मौके पर श्रद्धा भक्ति सेवा समिति के संचालक श्री सिंह ने कहाकि भगवान राम और हनुमान का प्रेम अटूट समर्पण, निस्वार्थ सेवा और भक्ति का सर्वोच्च प्रतीक है, जो अमर है। हनुमान जी ने अपना पूरा जीवन राम की सेवा में समर्पित कर दिया, बदले में राम ने उन्हें अपने हृदय में स्थान दिया। वे केवल सेवक-स्वामी नहीं, बल्कि एक-दूसरे के पूरक हैं, जहां राम-कथा और सत्संग होती है, वहां हनुमान जी सूक्ष्म रूप में उपस्थित रहते हैं। आधुनिक समय के सबसे जागृत, सिद्ध, चमत्कार घटित करने वाले एवं अपने भक्तों के दु:खों को हरने वाले भगवान हनुमान हैं, उनका चरित्र अतुलित पराक्रम, ज्ञान और शक्ति के बाद भी अहंकार से विहीन था। यही आदर्श आज हमारे लिये प्रकाश स्तंभ हैं, जो विषमताओं से भरे हुए संसार सागर में हमारा मार्गदर्शन करते हैं। सबसे बड़ी बात यह है कि असंभव लगने वाले कार्यों में भी जब हनुमानजी ने विजय प्राप्त की तब भी उन्होंने प्रत्येक सफलता का श्रेय सो सब तव प्रताप रघुराई कहकर अपने स्वामी को समर्पित कर दिया। पूरी मेहनत करना पर श्रेय प्राप्ति की इच्छा न रखना सेवक का देव दुर्लभ गुण होता है, जो उसे अन्य सभी सद्गुणों का उपहार दे देता है। यहीं हनुमानजी के व्यक्तित्व की सबसे बड़ी विशेषता है। वे शौर्य, साहस और नेतृत्व के भी प्रतीक हैं। समर्पण एवं भक्ति उनका सर्वाधिक लोकप्रिय गुण है। रामभक्त हनुमान बल, बुद्धि और विद्या के सागर तो थे ही, अष्ट सिद्धि और नौ निधियों के दाता और ज्योतिष के भी प्रकांड विद्वान थे। वे हर युग में अपने भक्तों को अपने स्वरूप का दर्शन कराते हैं और उनके दु:खों को हरतेे हैं।
सीहोर। जिला मुख्यालय के समीपस्थ ग्राम भाऊखेड़ी के युवाओं के द्वारा 2020 से अभी तक 365 से अधिक ग्रामों में भगवान श्रीराम की भक्ति के साथ हनुमान का ध्वज लेकर जाग्रति करने वाले जाग्रति हनुमान मंडल का श्रद्धा भक्ति सेवा समिति के संचालक राहुल सिंह ने स्वागत और सम्मान किया। इस मौके पर हनुमान मंडल के गायक कुमेर प्रजापति ने बताया कि हमारे मंडल ने कोरोना काल के दौरान जाग्रति हनुमान मंडल का निर्माण किया था, इसका उद्देश्य लोगों में सनातन धर्म को जोड़ने के अलावा विश्व में कोरोना जैसी महामारी फिर से न हो और सभी लोग स्वस्थ्य रहे। इसी कामना के साथ मंडल ने संकल्प लिया है। हमारा लक्ष्य है कि करीब 11 सौ से अधिक गांवों तक भगवान श्रीराम के साथ-साथ हनुमान का ध्वज पहुंचे, अब तक करीब 365 ग्रामों तक हमारे मंडल की ओर से विरेन्द्र वर्मा, जय सिंह ठाकुर, दीपक सेन और मनीष नागर पहुंच गए है।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें