खिलाड़ियों की इस गौरवपूर्ण सफलता पर डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने हर्ष व्यक्त किया है। इसमें जिला क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष विधायक सुदेश राय, सचिव अतुल कुशवाहा, कोषाध्यक्ष वीरु वर्मा, सुनील जलोदिया, हेमंत केसरिया, कमलेश पारोचे, मदन कुशवाहा एवं आशीष शर्मा ने भी चयनित खिलाड़ियों को उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं। संचालक जगदीश कुशवाहा, मुख्य कोच अतुल कुशवाहा, सहायक कोच गौरव पिचुनिया, चेतन मेवाड़ा एवं मयंक जैन ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि यह सफलता खिलाड़ियों के कड़े अभ्यास और अटूट अनुशासन का परिणाम है। समस्त कोचिंग स्टाफ ने विश्वास जताया है कि ये खिलाड़ी आगामी मैचों में शानदार प्रदर्शन कर जिले और प्रदेश का नाम गौरवान्वित करेंगे। सफलता केवल मेहनत की भाषा समझती है। एकेडमी के मार्गदर्शन और खिलाड़ियों के समर्पण ने आज यह मुकाम हासिल किया है। पूरे जिले को इन पर गर्व है।
सीहोर। खेल जगत में सीहोर की पहचान को मजबूत करते हुए स्थानीय एकलव्य क्रिकेट एकेडमी के दो प्रतिभावान खिलाड़ियों ने एक बार फिर जिले का नाम रोशन किया है। एकेडमी की निशिता विश्वकर्मा और अरब मसीह का चयन प्रतिष्ठित भोपाल डिवीजन टीम में हुआ है। यह सफलता एकेडमी के लिए अत्यंत हर्ष का विषय है, क्योंकि प्रति वर्ष की भांति इस वर्ष भी यहां के खिलाड़ियों ने राज्य स्तरीय मंच पर अपनी जगह बनाई है। उनकी सफलता पर कोच अतुल कुशवाहा सहित अन्य ने बधाई दी है।एसोसिएशन के मीडिया प्रभारी प्रियांशु दीक्षित ने बताया कि अरब मसीह और निशिता विश्वकर्मा सालों से बीएसआई पर एकलव्य अकादमी में खेलते हुए आ रहे है। चयनित खिलाड़ी आगामी दिनों में विभिन्न शहरों में आयोजित टूर्नामेंट में भोपाल डिवीजन का प्रतिनिधित्व करेंगे: निशिता विश्वकर्मा (सीनियर बालिका वर्ग): निशिता के मैच 20 अप्रैल से 23 अप्रैल तक इंदौर में आयोजित होंगे। वे चंबल, जबलपुर, शहडोल और सागर डिवीजन जैसी मजबूत टीमों के विरुद्ध मैदान में उतरेंगी। इसके अलावा अरब मसीह (अंडर-18 बालक वर्ग) अरब मसीह 19 से 22 अप्रैल तक जबलपुर में रेस्ट ऑफ एमपी के विरुद्ध होने वाले महत्वपूर्ण मैचों में अपनी बल्लेबाजी और कौशल का प्रदर्शन करेंगे।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें