वाराणसी : 2027 की जंग : कानून-व्यवस्था, विकास और सियासी समीकरणों के बीच यूपी का निर्णायक चुनाव - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

गुरुवार, 23 अप्रैल 2026

वाराणसी : 2027 की जंग : कानून-व्यवस्था, विकास और सियासी समीकरणों के बीच यूपी का निर्णायक चुनाव

  • योगी का चेहरा, मायावती का समीकरण और अखिलेश की चुनौती के बीच ‘वोट बंटवारा’ खोलेगा बीजेपी की हैट्रिक का रास्ता?  
  • सपा ने दादरी से छेड़ी मुहिम, क्या ‘योगी मॉडल’ दिलाएगा सत्ता की हैट्रिक या बदलेगा जनादेश का मिज़ाज?
  • तीसरी ताकत का दांव या वोटों का विभाजन? बसपा की ‘सोशल इंजीनियरिंग’ बनाम बीजेपी का ‘योगी कार्ड’, 2027 का छुपा गणित
  • ब्राह्मण-मुस्लिम-दलित समीकरण से बसपा की वापसी की कोशिश, सपा के साथ संभावित वोट बंटवारा, क्या यही बीजेपी की हैट्रिक की असली कुंजी बनेगा?

Up-elaction
वाराणसी (सुरेश गांधी). उत्तर प्रदेश की राजनीति में 2027 का विधानसभा चुनाव अब केवल एक चुनावी प्रक्रिया नहीं, बल्कि “मॉडल बनाम विकल्प” की निर्णायक लड़ाई बनता जा रहा है। भाजपा ने अपने पत्ते समय से पहले खोलते हुए साफ कर दिया है कि चुनाव का चेहरा एक बार फिर योगी आदित्यनाथ ही होंगे। वहीं दूसरी ओर सपा ने पश्चिमी यूपी के दादरी से मिशन-2027 का बिगुल बजाकर यह संकेत दे दिया है कि मुकाबला सीधा और तीखा होगा। यह चुनाव केवल सीटों का गणित नहीं, बल्कि “गवर्नेंस के मॉडल”, “सामाजिक समीकरण” और “राजनीतिक विश्वास” की अग्निपरीक्षा होगा। यह अलग बात है, 2027 विधानसभा चुनाव की बिसात पर एक दिलचस्प और निर्णायक मोड़ उभर रहा है, तीसरी ताकत के रूप में बसपा की सक्रियता। अब तक मुकाबला मुख्यतः बीजेपी बनाम सपा माना जा रहा था, लेकिन मायावती के नेतृत्व में बसपा जिस तरह से अपने पारंपरिक और नए सामाजिक समीकरणों को साधने में जुटी है, उसने चुनावी गणित को और जटिल बना दिया है। यह केवल “तीसरी पार्टी की मौजूदगी” नहीं, बल्कि वोटों के ऐसे विभाजन का संकेत है जो सीधे तौर पर बीजेपी के पक्ष में जा सकता है। 2027 का चुनाव यूपी की राजनीति में एक निर्णायक मोड़ होगा। एक तरफ योगी आदित्यनाथ का “सख्त प्रशासन और तेज विकास” का मॉडल है, तो दूसरी ओर विपक्ष का “सामाजिक न्याय और आर्थिक सवालों” पर आधारित नैरेटिव। यह चुनाव तय करेगा : क्या उत्तर प्रदेश “मजबूत नेतृत्व” को प्राथमिकता देता रहेगा? या “नए विकल्प” की तलाश करेगा? अगर कानून-व्यवस्था की छवि, विकास की रफ्तार और लाभार्थी योजनाओं का प्रभाव कायम रहा, तो बीजेपी के लिए हैट्रिक संभव है। लेकिन अगर बेरोजगारी, सामाजिक असंतोष और विपक्ष की एकजुटता मजबूत हुई, तो मुकाबला कांटे का हो सकता है। मतलब साफ है “2027 में यूपी केवल सरकार नहीं चुनेगा, बल्कि यह तय करेगा कि भविष्य ‘मॉडल’ से चलेगा या ‘मूड’ से।” 


चेहरा तय, रणनीति स्पष्ट,, बीजेपी का ‘योगी कार्ड’

बीजेपी के राष्ट्रीय नेतृत्व द्वारा योगी आदित्यनाथ के नाम पर मुहर लगाना कई संदेश देता है। पहला, पार्टी अपने सबसे मजबूत क्षेत्रीय चेहरे के साथ चुनाव में उतरना चाहती है। दूसरा, 2017 और 2022 के अनुभवों से सीखते हुए इस बार “चेहरे का सस्पेंस” खत्म कर दिया गया है। नितिन नवीन के बयान ने यह स्पष्ट कर दिया कि बीजेपी अब चुनाव को पूरी तरह “योगी बनाम बाकी” के फ्रेम में ले जाना चाहती है। 2017 में पार्टी ने बिना मुख्यमंत्री चेहरे के चुनाव लड़ा और जीत के बाद योगी को आगे किया। 2022 में भी कुछ हद तक अस्पष्टता रही, लेकिन 2027 के लिए पार्टी ने पहले ही तय कर लिया कि नेतृत्व का केंद्र योगी ही होंगे। मतलब साफ है : बीजेपी अपने सबसे भरोसेमंद ब्रांड, “योगी मॉडल” को ही जनता के सामने रखेगी।


‘योगी मॉडल’, हकीकत, धारणा और बहस

योगी आदित्यनाथ का शासन तीन प्रमुख स्तंभों पर खड़ा दिखता है, कानून-व्यवस्था, इंफ्रास्ट्रक्चर और सांस्कृतिक राष्ट्रवाद।

कानून-व्यवस्था : ‘नो-नॉनसेंस’ छवि : यूपी, जिसे कभी अपराध और माफिया के लिए जाना जाता था, वहां कानून-व्यवस्था को लेकर बड़ा बदलाव देखने को मिला। माफिया के खिलाफ बुलडोजर कार्रवाई, तेज पुलिस कार्रवाई और एनकाउंटर नीति, महिलाओं की सुरक्षा के लिए विशेष अभियान. यूपी पुलिस की सक्रियता ने सरकार को “सख्त प्रशासन” की पहचान दी। हालांकि, विपक्ष इसे “अति-आक्रामक” नीति बताते हुए सवाल उठाता है कि क्या कानून का राज पूरी तरह संतुलित है? यही द्वंद्व 2027 में भी बड़ा मुद्दा रहेगा, सुरक्षा बनाम संवैधानिक संतुलन।

इंफ्रास्ट्रक्चर : एक्सप्रेसवे से निवेश तक : योगी सरकार ने विकास को दृश्य और मापनीय बनाया है। पूर्वांचल, बुंदेलखंड और गंगा एक्सप्रेसवे, डिफेंस कॉरिडोर, शहरीकरण और एयरपोर्ट परियोजनाएं, नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट जैसे प्रोजेक्ट्स यूपी को वैश्विक नक्शे पर स्थापित करने की कोशिश हैं। यह वह क्षेत्र है जहां बीजेपी अपने काम को “दिखाने” में सबसे मजबूत स्थिति में है।


सांस्कृतिक पहचान : राजनीति का भावनात्मक पक्ष

योगी सरकार ने धार्मिक स्थलों के विकास को प्राथमिकता दी। श्रीकाशी विश्वनाथ धाम जैसे प्रोजेक्ट्स ने सांस्कृतिक पुनर्जागरण का संदेश दिया। इससे बीजेपी को कोर वोट बैंक में मजबूती मिलती है, लेकिन विपक्ष इसे “ध्रुवीकरण” का प्रयास बताता है।


विपक्ष की चुनौती, क्या सपा बदल पाएगी समीकरण?

अखिलेश यादव के नेतृत्व में सपा 2027 के लिए अपनी रणनीति तैयार कर रही है। दादरी से मिशन की शुरुआत का मतलब है, पश्चिमी यूपी में सामाजिक समीकरणों को मजबूत करना।

सपा की रणनीति : जातीय समीकरणों को साधना, किसानों और युवाओं के मुद्दे उठाना, बीजेपी के “कानून-व्यवस्था मॉडल” पर सवाल. लेकिन सबसे बड़ी चुनौती है, क्या विपक्ष एकजुट हो पाएगा?


2027 का असली रण, किन मुद्दों पर होगा फैसला?

सुरक्षा बनाम स्वतंत्रता : क्या जनता सख्त कानून-व्यवस्था को प्राथमिकता देगी या “अधिकारों की बहस” को?

रोजगार और आर्थिक अवसर : इंफ्रास्ट्रक्चर बना, निवेश आया, लेकिन क्या नौकरियां पर्याप्त हैं? यह युवाओं का सबसे बड़ा सवाल होगा।

ग्रामीण और किसान मुद्दे : पश्चिमी यूपी में किसान राजनीति अभी भी निर्णायक भूमिका निभा सकती है।

जातीय समीकरण : यूपी की राजनीति में जातीय समीकरण अभी भी पूरी तरह खत्म नहीं हुए हैं, वे केवल नए रूप में मौजूद हैं।


क्या बीजेपी लगा पाएगी हैट्रिक?

बीजेपी का दावा है कि “गुड गवर्नेंस $ विकास $ लाभार्थी योजनाएं” उसे तीसरी बार सत्ता दिलाएंगी। प्रधानमंत्री योजनाओं का लाभ, राशन, आवास, शौचालय, स्वास्थ्य सुविधाएं. इन योजनाओं का सीधा असर “लाभार्थी वर्ग” पर पड़ा है, जो चुनाव में निर्णायक बन सकता है।


बसपा का नया दांव : ‘सोशल इंजीनियरिंग 2.0’

बसपा की राजनीति हमेशा से “सोशल इंजीनियरिंग” पर आधारित रही है, लेकिन 2027 के लिए यह रणनीति और व्यापक होती दिख रही है। मुख्य समीकरण : दलित $ ब्राह्मण $ मुस्लिम वोट बैंक. सवर्णों में नाराजगी को साधने की कोशिश. मुस्लिम वोटों में “सुरक्षित विकल्प” बनने की रणनीति.  बसपा यह संदेश देने में लगी है कि वह केवल दलितों की पार्टी नहीं, बल्कि “सर्वजन” की पार्टी है, ठीक उसी तरह जैसे 2007 में उसने पूर्ण बहुमत हासिल किया था। बसपा का लक्ष्य साफ है : सपा और बीजेपी दोनों से नाराज मतदाताओं को एक मंच पर लाना।


बीजेपी के ‘नाराज वोट’ और बसपा की उम्मीद

बीजेपी के भीतर और उसके परंपरागत समर्थन वर्ग में कुछ असंतोष के संकेत भी समय-समय पर सामने आते रहे हैं, टिकट वितरण को लेकर असंतोष. स्थानीय नेताओं की उपेक्षा. कुछ वर्गों में “प्रतिनिधित्व” की भावना का कमजोर होना. बसपा इन्हीं “नाराज वोटों” को अपने पक्ष में मोड़ने की कोशिश कर रही है। खासकर ब्राह्मण वोट बैंक, जो कभी बसपा के साथ मजबूत तरीके से जुड़ा था, उसे फिर से साधने की कवायद तेज है।


पुरानी छवि बनाम नया नैरेटिव : लॉ एंड ऑर्डर पर टकराव

बसपा अपने शासनकाल की “कानून-व्यवस्था” की छवि को फिर से उभारने में जुटी है। मायावती सरकार को अक्सर “सख्त प्रशासन” के लिए याद किया जाता है, और यही नैरेटिव अब फिर से सामने लाया जा रहा है।


सबसे बड़ा फैक्टरः सपा-बसपा वोटों का विभाजन

यहां से चुनाव का सबसे अहम गणित शुरू होता है। अखिलेश यादव की सपा और बसपा दोनों ही बीजेपी विरोधी वोट बैंक को साधने की कोशिश करेंगी। लेकिन अगर दोनों अलग-अलग लड़ती हैं, तो मुस्लिम वोटों का बंटवारा, दलित वोटों का आंशिक खिसकाव. ओबीसी समीकरण में उलझन. यानी बीजेपी को सीधे फायदा. वैसे भी यूपी में “वोट शेयर” से ज्यादा “वोट का बंटवारा” चुनाव तय करता है। 2014, 2017 और 2019 के चुनावों में यही पैटर्न देखा गया, विपक्ष के वोट बंटे और बीजेपी को स्पष्ट बहुमत मिला।

कोई टिप्पणी नहीं: