- मुख्य सचिव की अध्यक्षता में भारत-नेपाल सीमावर्ती क्षेत्रों की सुरक्षा व्यवस्था सहित विभिन्न बिन्दुओं को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित
मुख्य सचिव ने कहा कि भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र की संवेदनशीलता को देखते हुए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें तथा किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने सीमा क्षेत्रों में नियमित निगरानी बढ़ाने तथा प्रशासनिक सतर्कता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। जिला पदाधिकारी आनंद शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि पिछले पांच दिनों से सभी प्रकार के मादक पदार्थों विशेषकर सूखा नशा के विरुद्ध व्यापक अभियान चलाया गया जिसके काफी सकारत्मक परिणाम प्राप्त हुए हैं। इसी कड़ी में 1000 किलो गांजा की जब्ती की गई है जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 5 करोड़ रुपए है। मुख्य सचिव ने कहा कि विधि व्यवस्था के दृष्टिकोण से सरकार की जीरो टॉलरेंस की नीति है। उन्होंने डीएम एसपी को निर्देश दिया कि अवैध गतिविधियों में संलिप्त एवं अवांछित लोगों को चिन्हित करते हुए स्पीडी ट्रायल चलाकर सजा दिलवाना सुनिश्चित करें। उन्होंने चिन्हित केसों का सभी दृष्टिकोण से त्वरित अनुसंधान करने का निर्देश दिया। मुख्य सचिव ने समीक्षा के क्रम में एसएसबी से बॉर्डर के सुरक्षा की विस्तार से जानकारी प्राप्त की। उन्होंने एसएसबी के अधिकारियों को बॉर्डर पर पैट्रोलिंग और भी बढ़ाने का निर्देश दिया। वाइब्रेंट विलेज की समीक्षा के क्रम में मुख्य सचिव ने निर्देश दिया कि मधुबनी जिले के सभी 286 वाइब्रेंट विलेज (गांव) में सभी चयनित योजनाओं को त्वरित गति से धरातल पर उतारा जाय ताकि ये भारत के विकसित गांव की श्रेणी में आ सके। उन्होंने सभी गांवों में एसएसबी की सक्रिय भागीदारी का भी निर्देश दिया। जिलाधिकारी आनंद शर्मा ने बताया कि सभी वाइब्रेंट विलेज के पंचायतों की ग्राम सभा में आमंत्रित सदस्य के रूप में एसएसबी के प्रतिनिधि भी शामिल होंगे। मुख्य सचिव ने अंतरराष्ट्रीय सीमा से 15 किलोमीटर के दायरे में सरकारी भूमि पर किए गए अवैध अतिक्रमण पर की जा रही कार्रवाई की भी विस्तृत समीक्षा की।
समीक्षा की कड़ी में मुख्य सचिव ने जिला प्रशासन एवं विभिन्न विभागों द्वारा आपसी समन्वय से किए जा रहे कार्यों की सराहना भी की। बैठक के उपरांत मुख्य सचिव ने वरीय अधिकारियों के साथ नेपाली जयनगर रेलवे स्टेशन पहुंचकर सुरक्षा सहित तमाम संवेदनशील बिन्दुओं का जायजा लिया। निरीक्षण के क्रम में उन्होंने रेलवे स्टेशन पर सीसीटीवी कैमरे का अधिष्ठापन एवं सीसीटीवी कैमरा कंट्रोल रूम का अवलोकन किया। इसी कड़ी में रेलवे स्टेशन पर उपलब्ध आधारभूत सुविधाओं के अवलोकन के क्रम में संबंधित अधिकारियों को कई आवश्यक दिशा निर्देश भी दिए। बैठक में पुलिस महानिदेशक, बिहार, श्री विनय कुमार,अपर मुख्य सचिव (गृह), श्री अरविंद कुमार चौधरी, श्री कुंदन कृष्णन, पुलिस महानिदेशक, विशेष शाखा, एवं एसटीएफ, आयुक्त, दरभंगा प्रमंडल, दरभंगा, श्री हिमांशु कुमार राय,जिलाधिकारी, मधुबनी, आनंद शर्मा, पुलिस अधीक्षक, योगेंद्र कुमार, सरोज कुमार ठाकुर, उप महानिरीक्षक, भा .पु. से.,स.सी.ब,क्षेत्रक मुख्यालय, मुज़फ्फरपुर, गोविंद सिंह भंडारी, कमांडेंट 48वीं वाहिनी SSB जयनगर, खोजा राम लामोर, कमान अधिकारी, 18वीं वाहिनी SSB, राजनगर, अपर समाहर्ता, मुकेश रंजन, उप निदेशक सह जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, परिमल कुमार, कोंकण रेलवे के प्रतिनिधि सहित संबंधित विभाग के पदाधिकारी उपस्थित थे।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें