समस्तीपुर : चेतावनी मार्च निकालकर 45 दिन के बजाय 25 दिन में गैस सिलिंडर देने की मांग की - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

शनिवार, 30 मई 2026

समस्तीपुर : चेतावनी मार्च निकालकर 45 दिन के बजाय 25 दिन में गैस सिलिंडर देने की मांग की

Cpi-ml-samastipur-lpg-protest
ताजपुर/समस्तीपुर (संवाददाता),  30 मई । ताजपुर नगर परिषद क्षेत्र में रसोई गैस की आपूर्ति में हो रही 45 दिनों की भारी देरी के खिलाफ शनिवार को RYA-इनौस के बैनर तले फलमंडी से चेतावनी मार्च निकालकर बाजार भ्रमण के बाद अस्पताल चौक पर सभा का आयोजन किया गया। मार्च में बड़ी संख्या में स्थानीय उपभोक्ताओं, युवाओं एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भाग लिया और गैस वितरण व्यवस्था में सुधार की मांग उठाई। मार्च के दौरान अस्पताल चौक पर आयोजित सभा को संबोधित करते हुए आरवाए जिला अध्यक्ष आसिफ होदा ने कहा कि ताजपुर नगर परिषद क्षेत्र होने के बावजूद उपभोक्ताओं को ग्रामीण श्रेणी में जोड़कर गैस सिलेंडर की आपूर्ति 45 दिनों के बाद की जा रही है। इससे आम लोगों, खासकर गृहिणियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि नगर परिषद क्षेत्र के उपभोक्ताओं के साथ यह अन्याय है और इसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।


अपने अध्यक्षीय संबोधन में आरवाईए प्रखंड उपाध्यक्ष मो० एजाज ने कहा कि समीर भारत गैस एजेंसी समेत अन्य एजेंसियां मनमानी और गैस सिलिंडर का फर्जीवाड़ा कर रही है। उपभोक्ताओं का गैस उपभोक्ताओं को न देकर एजेंसी द्वारा उठा लिया जाता है और शिकायत करने पर ऊपरी गड़बड़ी बताकर पल्ला झाड़ लिया जाता है। मौके पर प्रतिभागियों ने हाथों में मांगों से संबंधित नारे लिखे तख्तियां और बैनर लेकर गैस आपूर्ति में हो रही देरी के खिलाफ नारेबाजी की तथा संबंधित विभाग एवं गैस एजेंसी प्रबंधन से अविलंब समस्या के समाधान की मांग की। सभा को संबोधित करते हुए भाकपा माले प्रखंड सचिव सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने कहा कि यदि शीघ्र ही गैस आपूर्ति व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। मार्च का नेतृत्व संगठन के स्थानीय नेताओं ने किया तथा सभा को प्रभात रंजन गुप्ता, ब्रहमदेव प्रसाद सिंह, राजदेव प्रसाद सिंह, फरहादुल होदा, मो० सलमान, मो० सोनू, लक्की होदा, मो० दिलशान, रूमान होदा, सामाजिक कार्यकर्ता दीनबंधु प्रसाद, मो० इशरार आदि ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि ताजपुर नगर परिषद क्षेत्र के उपभोक्ताओं को शहरी क्षेत्र के अनुरूप गैस आपूर्ति की सुविधा मिलनी चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि मांगों की अनदेखी होने पर व्यापक जनआंदोलन चलाया जाएगा। कार्यक्रम के अंत में प्रशासन और संबंधित अधिकारियों से 45 दिनों की प्रतीक्षा अवधि समाप्त कर 25 दिन के अंदर नियमित एवं समयबद्ध गैस आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की गई।

कोई टिप्पणी नहीं: