भोपाल : किसानों की समस्याओं, खराब सड़क को लेकर किया बड़ा धरना-प्रदर्शन - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

गुरुवार, 21 मई 2026

भोपाल : किसानों की समस्याओं, खराब सड़क को लेकर किया बड़ा धरना-प्रदर्शन

  • जर्जर खंडवा-मूंदी रोड को लेकर सरकार को 3 महीने का अल्टीमेटम, मुख्यमंत्री के दौरे पर काले झंडे दिखाएंगें: गजेन्द्र सिंह सोलंकी

Farmer-protest-khandwa
भोपाल (संवाददाता) । मांधाता विधानसभा क्षेत्र में खंडवा-मूंदी मार्ग की बदहाल स्थिति और किसानों की समस्याओं को लेकर कांग्रेस ने भाजपा सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। गुरुवार, 21 मई को प्रदेश किसान कांग्रेस के बैनर तले मूंदी बस स्टैंड पर विशाल धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता, किसान और आम नागरिक शामिल हुए। आंदोलन का नेतृत्व किसान कांग्रेस प्रदेश महामंत्री गजेंद्र सिंह सोलंकी बड़नगर ने किया। धरना-प्रदर्शन के बाद राज्यपाल के नाम तहसीलदार वंदना चौहान को ज्ञापन सौंपते हुए कांग्रेस नेताओं ने सरकार को चेतावनी दी कि यदि 3 महीने के भीतर खंडवा-मूंदी सड़क का निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ, तो कांग्रेस उग्र आंदोलन करेगी। यहां तक कि मुख्यमंत्री के मूंदी आगमन पर काले झंडे दिखाने की भी चेतावनी दी गई।


5 साल से बदहाल है खंडवा-मूंदी रोड

कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि मूंदी से खंडवा तक लगभग 32 किलोमीटर लंबा मार्ग पिछले 5 वर्षों से जर्जर हालत में पड़ा है। सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढों और खराब निर्माण के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं, जिनमें कई लोगों की जान जा चुकी है। इसके बावजूद सरकार और जनप्रतिनिधि समस्या के समाधान को लेकर गंभीर नहीं हैं। कांग्रेस जिलाध्यक्ष उत्तम पाल सिंह ने कहा कि यदि तय समय सीमा में सड़क निर्माण नहीं हुआ, तो मूंदी से खंडवा तक पैदल मार्च निकाला जाएगा और खंडवा कलेक्टर कार्यालय का घेराव किया जाएगा।


डरना बंद करो, तभी सरकार डरेगी

इंदिरा कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष चंद्रशेखर चौहान ने अपने संबोधन में किसानों से एकजुट होने की अपील करते हुए कहा कि जब तक किसान डरते रहेंगे, तब तक भाजपा सरकार उन्हें डराती रहेगी। उन्होंने कहा कि अब किसानों और आम जनता को अपने हक के लिए खुलकर आवाज उठानी होगी।


सरकार पर किसानों की अनदेखी का आरोप

प्रदेश किसान कांग्रेस महासचिव गजेंद्र सिंह सोलंकी ने भाजपा सरकार पर किसानों की लगातार अनदेखी करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि एक ओर किसान फसल, तुलाई और समर्थन मूल्य जैसी समस्याओं से जूझ रहे हैं, वहीं दूसरी ओर सड़क जैसी मूलभूत सुविधाओं तक की सुध नहीं ली जा रही। सोलंकी ने गेहूं तुलाई में गड़बड़ी और बारदानों के माध्यम से अधिक वजन लेने के आरोप लगाते हुए इसकी जांच की मांग भी की। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में दो विधायक और एक सांसद होने के बावजूद सड़क का निर्माण नहीं होना सरकार की विफलता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि अगर सरकार ने जल्द निर्णय नहीं लिया, तो आने वाले समय में आंदोलन और उग्र किया जाएगा।


बड़ी संख्या में पहुंचे कांग्रेस कार्यकर्ता और किसान

धरना-प्रदर्शन में जिला कांग्रेस अध्यक्ष उत्तम पाल सिंह, जिला पंचायत सदस्य जीतेंद्र सिंह, सोनू गुर्जर, नारायण सिंह तोमर, रिछफल रंधीर, रज्जाक खान, राजू नामदेव, उदय भानू बीड़, आयुष चौरे, राधेश्याम राठौर, मनोज खरजे, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सेतान सिंह चौहान, चेतराम सिरसाटिया, शैलेंद्र सिंह तोमर, राहुल चिक्तिखाल, हसन मुगल, अजर खान, मनोहर पटेल, गोपाल सोलंकी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन एवं आभार प्रदर्शन आसाराम पटेल ने किया।

कोई टिप्पणी नहीं: