दिल्ली : किसके संरक्षण के चलते मंत्री पद पर बने हुए हैं धर्मेंद्र प्रधान : जयराम रमेश - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

बुधवार, 3 जून 2026

दिल्ली : किसके संरक्षण के चलते मंत्री पद पर बने हुए हैं धर्मेंद्र प्रधान : जयराम रमेश

Congress-atack-modi
नई दिल्ली। कांग्रेस ने बुधवार को सवाल किया कि शिक्षा मंत्रालय की ‘‘अक्षमता और भ्रष्टाचार’’ के सबूत सामने आने के बावजूद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी धर्मेंद्र प्रधान को क्यों बचा रहे हैं और किसके संरक्षण के चलते यह सब हो रहा है ? पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने यह भी कहा कि शिक्षा मंत्रालय और सीबीएसई के स्तर पर जवाबदेही का स्पष्ट अभाव है। रमेश ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘सीबीएसई के शीर्ष अधिकारियों को भले ही स्थानांतरित कर दिया गया हो, लेकिन मंत्री प्रधान पद पर बने रहने के लिए बेशर्मी से एड़ी-चोटी का जोर लगा रहे हैं, जबकि उनके मंत्रालय की अक्षमता और भ्रष्टाचार के सबूत सामने आ चुके हैं।’’ उनके मुताबिक, खबरों से पता चला है कि दिग्विजय सिंह की अध्यक्षता वाली शिक्षा संबंधी संसदीय समिति के समक्ष सीबीएसई के अधिकारी अपनी ऑन स्क्रीन मार्किंग (ओएसएम) सेवा के अनुबंध के संबंध में उठाए गए सवालों का जवाब नहीं दे सके।  कांग्रेस नेता का कहना है कि यह सीबीएसई और शिक्षा मंत्रालय के उच्चतम स्तर पर जवाबदेही का स्पष्ट अभाव है। उन्होंने एक अंग्रेजी दैनिक की खबर का उल्लेख करते हुए कहा, ‘‘सीबीएसई न केवल ओएसएम प्रणाली को आगे के लिए टालने की सलाह पर ध्यान देने में विफल रही, बल्कि प्रतिभागियों द्वारा उठाए गए कई विशिष्ट मुद्दों को हल करने में भी विफल रही।’’ रमेश ने कहा, ‘‘मंत्री प्रधान एक भ्रष्ट, अक्षम और संवेदनहीन शिक्षा मंत्रालय चलाते हैं। अब एक सर्वेक्षण से भी पता चलता है कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के मतदाता मंत्री प्रधान का इस्तीफा मांग रहे हैं।’’ उन्होंने सवाल किया कि प्रधानमंत्री मोदी उन्हें बचाने पर क्यों अड़े हुए हैं तथा किसके संरक्षण ने अब तक उनका पद पर बने रहना सुनिश्चित किया है?

कोई टिप्पणी नहीं: