वाराणसी : तपती सड़कों पर राहत की धार : मंत्री रविन्द्र जायसवाल ने लगवाए वाटर कूलर - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

सोमवार, 8 जून 2026

वाराणसी : तपती सड़कों पर राहत की धार : मंत्री रविन्द्र जायसवाल ने लगवाए वाटर कूलर

Heat-wave-varanasi
वाराणसी (सुरेश गांधी)। पूर्वांचल में पड़ रही भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान के बीच आमजन को राहत पहुंचाने की पहल करते हुए प्रदेश के स्टाम्प एवं न्यायालय पंजीयन शुल्क राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविन्द्र जायसवाल ने सोमवार को अपने उत्तरी विधानसभा क्षेत्र में निःशुल्क वाटर कूलरों का वितरण किया। मंत्री की इस पहल से शहर के कई प्रमुख सार्वजनिक स्थलों, मंदिरों और चौराहों पर राहगीरों, श्रद्धालुओं तथा स्थानीय नागरिकों को शुद्ध एवं ठंडा पेयजल उपलब्ध हो सकेगा। गर्मी के इस कठिन दौर में जब दोपहर के समय सड़कों पर निकलना भी चुनौती बन गया है, तब लोगों को पेयजल की सुविधा उपलब्ध कराना राहत का बड़ा माध्यम माना जा रहा है। इसी उद्देश्य से मंत्री रविन्द्र जायसवाल ने अपने क्षेत्रीय कार्यालय से विभिन्न स्थानों के लिए वाटर कूलर उपलब्ध कराए और संबंधित समितियों व स्थानीय प्रतिनिधियों को उन्हें शीघ्र स्थापित करने के निर्देश दिए। मंत्री ने कहा कि जनप्रतिनिधि होने का दायित्व केवल विकास कार्यों तक सीमित नहीं है, बल्कि आम नागरिकों की दैनिक आवश्यकताओं और उनकी सुविधाओं का भी ध्यान रखना उतना ही आवश्यक है। गर्मी के मौसम में स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता सबसे बड़ी जरूरत बन जाती है। ऐसे में यह प्रयास लोगों को राहत देने के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों को मजबूत करने का भी माध्यम है।


इन प्रमुख स्थानों पर लगेंगे वाटर कूलर

मंत्री द्वारा जिन स्थानों पर वाटर कूलर उपलब्ध कराए गए, उनमें राम जानकी मंदिर शिवपुर, रामलीला मैदान चौकाघाट, सारंग चौराहा, आशापुर चौराहा, सेंट्रल बैंक बड़ी बाजार, शैलपुत्री तिराहा स्थित हनुमान मंदिर, पंचकोसी चौराहा तथा जलालीपुरा स्थित शंभो माता मंदिर प्रमुख हैं। इन स्थानों पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोगों की आवाजाही होती है। वाटर कूलर लगने के बाद राहगीरों, व्यापारियों, श्रद्धालुओं और स्थानीय निवासियों को सीधे लाभ मिलेगा।


‘सेवा ही सर्वोपरि’ की भावना

कार्यक्रम के दौरान मंत्री रविन्द्र जायसवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री की प्रेरणा से सरकार जनकल्याण की भावना के साथ कार्य कर रही है। समाज के अंतिम व्यक्ति तक सुविधाएं पहुंचाना ही सुशासन का मूल उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी में एक गिलास ठंडा पानी भी किसी जरूरतमंद के लिए बड़ी राहत बन सकता है और इसी भावना के साथ यह अभियान चलाया जा रहा है।


जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं की रही मौजूदगी

इस अवसर पर डीसीएफ चेयरमैन राकेश सिंह अलगू, पूर्व मंडल अध्यक्ष सिद्धनाथ शर्मा, अजीत सिंह, कमलेश सोनकर, मंडल अध्यक्ष मनोज सोनकर, दिलीप चौहान सहित अनेक जनप्रतिनिधि, पार्षद और सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम में पार्षद अशोक मौर्या, संजय जायसवाल, बृजेश श्रीवास्तव, सुशील गुप्ता, संदीप रघुवंशी, बलिराम कन्नौजिया, अभय पांडे, राजेंद्र मौर्या, राजेंद्र यादव, रिंकू मौर्य, जितेंद्र कुशवाहा समेत बड़ी संख्या में स्थानीय लोग शामिल हुए।


जनसेवा की मिसाल बनी पहल

गर्मी के बढ़ते प्रकोप के बीच शहर के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर शीतल पेयजल की व्यवस्था को स्थानीय लोगों ने सराहनीय कदम बताया है। लोगों का मानना है कि इससे हजारों राहगीरों और जरूरतमंद नागरिकों को प्रतिदिन राहत मिलेगी। जनसहभागिता और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना से जुड़ी यह पहल वाराणसी में जनसेवा का एक सकारात्मक उदाहरण बनकर सामने आई है। 

कोई टिप्पणी नहीं: