- जरूरतमंद लोगों की मदद को देखते हुए इस बैंक की स्थापना-रोटरी क्लब अध्यक्ष मधुर विजयवर्गीय
जरूरतमंद मरीजों एवं उनके परिवारों को सहायता प्रदान करना
उन्होंने बताया कि मानव सेवा के पावन उद्देश्य को साकार करने हेतु रोटरी क्लब सीहोर द्वारा नगर में एक मेडिकल इक्विपमेंट बैंक की स्थापना की जा रही है। इस अभिनव पहल का उद्देश्य ऐसे जरूरतमंद मरीजों एवं उनके परिवारों को सहायता प्रदान करना है, जिन्हें अस्थायी रूप से चिकित्सा उपकरणों की आवश्यकता होती है, किंतु आर्थिक अथवा अन्य कारणों से उन्हें प्राप्त करने में कठिनाई होती है। अक्सर देखा जाता है कि किसी रोगी के स्वस्थ हो जाने अथवा परिवार में उपयोग समाप्त हो जाने के पश्चात व्हीलचेयर, वॉकर, बैसाखी, हॉस्पिटल बेड, ऑक्सीजन कंसंट्रेटर, नेबुलाइजर, कमोड चेयर, एयर बेड एवं अन्य चिकित्सा उपकरण घरों में अनुपयोगी अवस्था में पड़े रहते हैं। ये उपकरण किसी अन्य जरूरतमंद व्यक्ति के लिए अमूल्य सहारा बन सकते हैं।
रोटरी क्लब सीहोर नगरवासियों से विनम्र अनुरोध
रोटरी क्लब सीहोर नगरवासियों से विनम्र अनुरोध करता है कि जिनके पास ऐसे चिकित्सा उपकरण उपलब्ध हैं और वर्तमान में उनका उपयोग नहीं हो रहा है, वे उन्हें नि:शुल्क रूप से मेडिकल इक्विपमेंट बैंक में दान स्वरूप जमा कराएं। आपका यह छोटा-सा योगदान किसी पीड़ित परिवार के लिए आशा और राहत का माध्यम बन सकता है। इस बैंक से आवश्यकता अनुसार चिकित्सा उपकरण जरूरतमंद व्यक्तियों को नाम मात्र की सुरक्षा राशि जमा कराकर निर्धारित अवधि के लिए उपलब्ध कराए जाएंगे। उपयोग पूर्ण होने पर उपकरण वापस जमा करने पर सुरक्षा राशि लौटा दी जाएगी, जिससे वही उपकरण आगे अन्य जरूरतमंद लोगों की सेवा में पुन: उपयोग किए जा सकें। रोटरी क्लब सीहोर समस्त नागरिकों, सामाजिक संस्थाओं एवं जनप्रतिनिधियों से इस जनकल्याणकारी अभियान में सहयोग एवं सहभागिता की हार्दिक अपेक्षा करता है।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें