मुंबई : राजकुमार राव स्टारर फिल्म 'दादा' का फर्स्ट लुक देख सौरव गांगुली ने कही यह बड़ी बात - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

बुधवार, 8 जुलाई 2026

मुंबई : राजकुमार राव स्टारर फिल्म 'दादा' का फर्स्ट लुक देख सौरव गांगुली ने कही यह बड़ी बात

film-dada-saurav-ganguly
मुंबई । राजकुमार राव स्टारर 'दादा – द सौरव गांगुली स्टोरी' का फर्स्ट लुक पोस्टर आज सौरव गांगुली के जन्मदिन के मौके पर जारी किया गया, जिससे दुनियाभर में मौजूद उनके करोड़ों फैंस के लिए यह दिन और भी खास बन गया। उत्साह को और बढ़ाते हुए मेकर्स ने यह भी ऐलान किया कि यह सबसे ज्यादा इंतजार की जाने वाली बायोपिक 14 मई 2027 को लंबे हॉलिडे वीकेंड के दौरान सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फर्स्ट लुक को जबरदस्त प्यार मिल रहा है और इस रिस्पॉन्स से खुद सौरव गांगुली भी काफी भावुक हैं। सौरव गांगुली ने अपने जन्मदिन पर सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर कर फैंस का शुक्रिया अदा किया। उन्होंने फिल्म में अपना किरदार निभाने के लिए राजकुमार राव की भी जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा, "जन्मदिन की इन दिल से दी गई शुभकामनाओं के लिए आप सभी का बहुत-बहुत धन्यवाद। हर साल मुझे यह देखकर बहुत अच्छा लगता है कि देश और दुनिया के इतने सारे लोगों से मुझे इतना प्यार और स्नेह मिलता है।"


उन्होंने आगे कहा है, "आज मेरी बायोपिक के फर्स्ट लुक का भी लॉन्च हुआ है, जिसमें राजकुमार राव मेरा किरदार निभा रहे हैं। मुझे लगता है कि उन्होंने शानदार काम किया है। यह मेरे लिए इसलिए भी बेहद खास है क्योंकि इससे मैं एक बार फिर 2002 के नेटवेस्ट फाइनल और लॉर्ड्स की उस बालकनी वाली याद में पहुंच जाता हूं, जिसे राजकुमार राव और मेरी बायोपिक की पूरी टीम फिर से पर्दे पर जिंदा करने वाली है। एक बार फिर आप सभी को जन्मदिन की शुभकामनाओं के लिए बहुत-बहुत धन्यवाद। जैसा कि मैंने कहा, हर साल आप सभी का इतना प्यार मुझे सच में बेहद विनम्र महसूस कराता है।" “'दादा - द सौरव गांगुली स्टोरी' उस शख्स के असाधारण सफर को दिखाती है जिसने न सिर्फ इस खेल को खेला, बल्कि इसे हमेशा के लिए बदल दिया। एक टैलेंटेड युवा क्रिकेटर से लेकर भारत के सबसे प्रभावशाली कप्तानों में से एक बनने तक के उनके सफर को दर्शाती यह फिल्म उस हिम्मत, जुझारूपन और भरोसे का जश्न मनाती है जिसने भारतीय क्रिकेट को एक नई पहचान दी और पूरी एक पीढ़ी को प्रेरित किया। दादा - द सौरव गांगुली स्टोरी विक्रमादित्य मोटवाने द्वारा निर्देशित, लव रंजन और अंकुर गर्ग द्वारा निर्मित है। इसे गुलशन कुमार, भूषण कुमार, टी-सीरीज़ और डीबीएल द्वारा प्रेजेंट किया गया है और यह लव फिल्म्स का प्रोडक्शन है। यह फिल्म 14 मई 2027 को दुनिया भर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।”

कोई टिप्पणी नहीं: