सीहोर : ब्रिजिशनगर में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर सफलतापूर्वक सम्पन्न - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

रविवार, 9 अगस्त 2026

सीहोर : ब्रिजिशनगर में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर सफलतापूर्वक सम्पन्न

  • बारिश के बीच 100 से अधिक मरीजों ने लिया लाभ, ग्राम पंचायत परिसर में हुआ पौधारोपण

Free-health-camp-sehore
सीहोर। ग्रामीण अंचल में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ग्राम पंचायत ब्रिजिशनगर (पीपलथोन) में रविवार को आयोजित निःशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं चिकित्सा परामर्श शिविर सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। यह शिविर अटल अस्पताल, साहस महिला/बाल शिक्षण एवं सामाजिक विकास संस्था तथा सेवा सदन अस्पताल के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया। ग्राम पंचायत परिसर में पौधारोपण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया, जिसमें अतिथियों एवं चिकित्सकों ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पौधे रोपे। लगातार हो रही बारिश के बावजूद ग्रामीणों में स्वास्थ्य शिविर को लेकर उत्साह देखने को मिला। शिविर में 100 से अधिक मरीजों ने पहुंचकर स्वास्थ्य परीक्षण कराया और विशेषज्ञ चिकित्सकों से निःशुल्क परामर्श प्राप्त किया। शिविर में मेडिसिन विशेषज्ञ, स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ तथा बैरियाट्रिक (मोटापा) रोग विशेषज्ञों ने मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया। साथ ही हृदय रोग, मधुमेह, उच्च रक्तचाप, थायराइड, सांस संबंधी रोग, बुखार, सर्दी-खांसी, त्वचा रोग एवं अन्य सामान्य बीमारियों की जांच की गई। इसके अतिरिक्त मरीजों की निःशुल्क नेत्र जांच की गई तथा जरूरतमंदों को निःशुल्क आई ड्रॉप भी वितरित की गई। आयोजकों ने बताया कि शिविर का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के लोगों तक उनके निवास स्थान के निकट विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना तथा बीमारियों की समय रहते पहचान कर उचित उपचार के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी इसी प्रकार के स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएंगे, ताकि ग्रामीणों को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिल सके। शिविर के दौरान ग्रामीणों ने अटल अस्पताल की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन से दूर-दराज़ के लोगों को विशेषज्ञ चिकित्सकीय सेवाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो रही हैं, जिससे समय और आर्थिक व्यय दोनों की बचत हो रही है।

कोई टिप्पणी नहीं: