सीहोर : आज अंतिम सोमवार पर होगा भगवान शिव का रुद्राभिषेक - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

सोमवार, 24 अगस्त 2026

सीहोर : आज अंतिम सोमवार पर होगा भगवान शिव का रुद्राभिषेक

  • नृसिंह लक्ष्मी मंदिर में पवित्रा एकादशी पर भगवान का विशेष श्रृंगार, भोग लगाकर की पूजा-अर्चना

Narsingh-lakshmi-mandir-sehore
सीहोर। शहर के कोलीपुरा स्थित प्राचीन सिद्धपीठ श्री नृसिंह लक्ष्मी मंदिर में सावन मास का पर्व आस्था और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। पवित्रा एकादशी के अवसर पर रविवार को मंदिर में भगवान का विशेष श्रृंगार कर भोग लगाया गया। वहीं सावन के अंतिम सोमवार को मंदिर में भगवान शिव का विशेष रुद्राभिषेक किया जाएगा। संत माधवदास महाराज के सानिध्य में विप्रजनों और श्रद्धालुओं द्वारा विधि-विधान से दिव्य अनुष्ठान संपन्न किया जाएगा। संस्कार मंच के प्रभारी मनोज दीक्षित मामा ने बताया कि सावन मास के दौरान मंदिर में प्रतिदिन विशेष धार्मिक अनुष्ठान किए जा रहे हैं। अंतिम सोमवार को महामंडलेश्वर रामभूषण महाराज के मार्गदर्शन में सुबह 10 बजे भगवान शिव का विशेष अभिषेक किया जाएगा। इसके पश्चात गंगाजल से रुद्राभिषेक प्रारंभ होगा। इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होकर भगवान शिव की पूजा-अर्चना करेंगे।


सावन में रुद्राभिषेक का विशेष महत्व

उन्होंने बताया कि शिवपुराण की रुद्र संहिता में सावन मास में रुद्राभिषेक का विशेष महत्व बताया गया है। धार्मिक मान्यता के अनुसार भगवान शिव का रुद्राभिषेक करने से भक्त की मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं और जीवन में सुख-शांति की प्राप्ति होती है। श्रद्धालु सावन सोमवार को भगवान शिव का जलाभिषेक, गंगाजल अर्पण और रुद्राभिषेक कर भोलेनाथ का आशीर्वाद प्राप्त करते हैं। मंदिर परिसर में रविवार को पवित्रा एकादशी के अवसर पर सुबह से ही श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया था। भगवान के विशेष श्रृंगार और भोग के बाद श्रद्धालुओं ने दर्शन कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। आज अंतिम सोमवार होने के कारण मंदिर में विशेष धार्मिक आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह है। सुबह से ही मंदिर परिसर में भगवान शिव के जयकारों और पूजा-अर्चना का वातावरण रहेगा।

कोई टिप्पणी नहीं: