सीहोर : शिवभक्ति में डूबा सीहोर, सीवन से कुबेरेश्वरधाम तक गूंजे हर-हर महादेव - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

मंगलवार, 25 अगस्त 2026

सीहोर : शिवभक्ति में डूबा सीहोर, सीवन से कुबेरेश्वरधाम तक गूंजे हर-हर महादेव

  • बारिश के बीच निकली 11 किमी की भव्य कांवड़ यात्रा, पंडित प्रदीप मिश्रा ने कांवड़ लेकर श्रद्धालुओं के साथ किया सफर; 100 से अधिक स्थानों पर सेवा शिविर

Kubereshwar-dham-sehore
सीहोर। सावन के अंतिम चरण में प्रदोष के पावन अवसर पर मंगलवार को सीहोर से कुबेरेश्वरधाम तक आस्था, भक्ति और सेवा का विराट संगम देखने को मिला। शहर के सीवन नदी तट से कुबेरेश्वरधाम तक करीब 11 किलोमीटर लंबी भव्य कांवड़ यात्रा निकाली गई। भगवा वस्त्रों में सजे हजारों कांवड़िए कंधों पर कांवड़ लेकर हर-हर महादेव, बम-बम भोले और श्री शिवाय नमस्तुभ के जयघोष के साथ आगे बढ़ते रहे। रिमझिम बारिश भी शिवभक्तों की आस्था को नहीं डिगा सकी। सीवन नदी से कुबेरेश्वरधाम तक निकली इस कांवड़ यात्रा में बारिश, भक्ति, सेवा और शिव नाम का ऐसा संगम दिखाई दिया कि पूरा मार्ग मानो शिवमय हो गया। कांवड़ यात्रा का प्रमुख आकर्षण अंतर्राष्ट्रीय कथा वाचक पंडित प्रदीप मिश्रा का स्वयं कांवड़ लेकर श्रद्धालुओं के साथ चलना रहा। सुबह करीब सवा नौ बजे उन्होंने सीवन नदी तट पर पहुंचकर कांवड़ में जल भरा और श्रद्धालुओं के साथ पैदल कुबेरेश्वरधाम के लिए रवाना हुए। उनके यात्रा में शामिल होते ही कांवड़ियों का उत्साह और बढ़ गया। हजारों श्रद्धालु उनके साथ भगवान शिव के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़े।


बारिश की फुहारों के बीच नहीं रुके कदम

यात्रा शुरू होते ही बारिश की फुहारें शुरू हो गईं, लेकिन श्रद्धालुओं के कदम नहीं रुके। कांवड़िए बारिश में भी भजन-कीर्तन करते हुए आगे बढ़ते रहे। किसी के कंधे पर कांवड़ थी तो किसी के हाथ में भगवा ध्वज। पूरे मार्ग पर शिव नाम के जयकारों और भजनों की गूंज से वातावरण भक्तिमय बना रहा। ऐसा लग रहा था मानो बारिश की बूंदें भी शिवभक्तों की इस आस्था यात्रा का अभिषेक कर रही हों। कांवड़िए कुबेरेश्वरधाम पहुंचकर सीवन के पवित्र जल से भगवान कुबेरेश्वर महादेव का जलाभिषेक कर परिवार की सुख-समृद्धि और विश्व कल्याण की कामना करते नजर आए।


100 से अधिक सेवा शिविरों में श्रद्धालुओं की सेवा

कांवड़ यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए शहर से कुबेरेश्वरधाम तक विभिन्न स्थानों पर 100 से अधिक सेवा शिविर लगाए गए। इनमें भोजन-प्रसादी, फलहारी खिचड़ी, नाश्ता, केले, फल, बिस्किट और पेयजल की व्यवस्था की गई। क्षेत्रवासियों, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों के साथ विठलेश सेवा समिति के सेवादार भी सेवा कार्य में जुटे रहे। विठलेश सेवा समिति की ओर से पंडित विनय मिश्रा, पंडित समीर शुक्ला सहित सेवादारों ने श्रद्धालुओं के लिए भोजन-प्रसादी की व्यवस्था की। समिति के अनुसार बड़ी संख्या में पहुंचे कांवड़ यात्रियों और श्रद्धालुओं को भंडारे में भोजन कराया गया।


झांकियां और भजनों ने बांधा समां, 450 किलोमीटर भगवान भोलेनाथ की झांकी लेकर पहुंचे

विठलेश सेवा समिति के मीडिया प्रभारी मनोज दीक्षित मामा ने बताया कि ऐतिहासिक कांवड़ यात्रा में देश के विभिन्न क्षेत्रों से आए प्रसिद्ध भजन गायकों ने भजनों की प्रस्तुतियां दीं। आधा दर्जन से अधिक आकर्षक झांकियां, बैंड-बाजे और भजन मंडलियां यात्रा का विशेष आकर्षण रहीं। महाराष्ट्र के जलगांव से आए श्रद्धालुओं का दल भगवान भोलेनाथ की झांकी के साथ करीब 450 किलोमीटर की पैदल यात्रा कर कुबेरेश्वरधाम पहुंचा।


कई राज्यों से पहुंचे शिवभक्त

कांवड़ यात्रा में मध्यप्रदेश के अलावा महाराष्ट्र, हरियाणा, पंजाब और उत्तरप्रदेश सहित विभिन्न राज्यों से श्रद्धालु शामिल हुए। विदेशों से भी शिवभक्त कुबेरेश्वरधाम पहुंचे। अलग-अलग क्षेत्रों से आए श्रद्धालुओं ने यात्रा में शामिल होकर सीवन नदी के जल से भगवान शिव का अभिषेक किया।


सीवन घाट पर भीड़ बढ़ी तो पुल से भरवाया जल

श्रद्धालुओं की भारी संख्या को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण के लिए विशेष इंतजाम किए। सीवन नदी घाट पर भीड़ को नियंत्रित करते हुए कांवड़ियों के लिए पुल पर नलों के माध्यम से जल भरने की व्यवस्था की गई। पुलिस और प्रशासन की टीमें पूरे मार्ग पर तैनात रहीं। यातायात, पार्किंग और सुरक्षा व्यवस्था पर भी विशेष निगरानी रखी गई।


पंडित प्रदीप मिश्रा ने जताया सभी का आभार

कुबेरेश्वरधाम पहुंचने के बाद पंडित प्रदीप मिश्रा ने श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि ऐतिहासिक कांवड़ यात्रा को सफल बनाने में सभी का सहयोग रहा है। उन्होंने ग्रामीण एवं शहरी सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों, जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पूरे सावन माह लाखों श्रद्धालुओं के आवागमन के बीच चिकित्सा, पार्किंग, यातायात, भोजन-प्रसादी, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और सीवन नदी तट की व्यवस्थाओं को संभालने में सभी ने मिलकर कार्य किया। श्रद्धालुओं की सेवा में जुटे सामाजिक संगठनों और सेवादारों के योगदान की भी उन्होंने सराहना की। सीवन नदी से कुबेरेश्वरधाम तक निकली इस कांवड़ यात्रा में बारिश, भक्ति, सेवा और शिव नाम का ऐसा संगम दिखाई दिया कि पूरा मार्ग मानो शिवमय हो गया।

कोई टिप्पणी नहीं: