दिल्ली : कांग्रेस नेता अलका लांबा के पिता के घर में नकाबपोश लोगों ने चोरी की - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

रविवार, 30 अगस्त 2026

दिल्ली : कांग्रेस नेता अलका लांबा के पिता के घर में नकाबपोश लोगों ने चोरी की

Alka-lamba-father-house
नई दिल्ली । कांग्रेस नेता अलका लांबा के पिता के पश्चिमी दिल्ली के टैगोर गार्डन स्थित घर में घुसकर तीन नकाबपोश लोगों ने नकदी और आभूषण चुरा लिए। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। सोशल मीडिया पर प्रसारित इस घटना की कथित सीसीटीवी फुटेज में नकाबपोश लोगों को घर में घुसते और बाद में मोटरसाइकिल से फरार होते हुए देखा जा सकता है। अधिकारियों के अनुसार, यह घटना राजौरी गार्डन थाना क्षेत्र के अंतर्गत टैगोर गार्डन के सी-ब्लॉक में हुई। उन्होंने बताया कि इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस संदिग्धों का पता लगाने के लिए परिसर तथा आसपास के इलाकों की सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है। 


अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की अध्यक्ष अलका लांबा के अनुसार, रविवार तड़के तीन नकाबपोश लोग उनके पिता के घर में घुस गये और उनकी जमा-पूंजी तथा आभूषण चुराकर ले गए। उन्होंने बताया कि उनके 88 वर्षीय पिता सुरक्षित हैं। लांबा ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘पिता के घर में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में पूरी घटना के बारे में पता चला है। तीन नकाबपोश लोग घर में घुसते हैं और 10 मिनट में सब कुछ साफ करने के बाद एक ही बाइक से फरार हो जाते हैं।’’ लांबा ने राजधानी में लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता व्यक्त की और पुलिस से संदिग्धों का पता लगाने के लिए आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि यदि पुलिस चाहे तो हर सीसीटीवी कैमरे की फुटेज की जांच करके आसानी से अपराधियों तक पहुंच सकती है। पुलिस ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है और चोरी हुई नकदी और आभूषणों की सटीक कीमत समेत अन्य जानकारी की अभी प्रतीक्षा है।

कोई टिप्पणी नहीं: