पटना : केन्द्रीय कृषि मंत्री के साथ ऑनलाइन संवाद, रबी योजना के लिए क्षमता निर्माण कार्यक्रम आयोजित - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

रविवार, 13 सितंबर 2026

पटना : केन्द्रीय कृषि मंत्री के साथ ऑनलाइन संवाद, रबी योजना के लिए क्षमता निर्माण कार्यक्रम आयोजित

Aggriculture-minister-talk-bihar
पटना, 13 सितंबर (रजनीश के झा) । भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद का पूर्वी अनुसंधान परिसर, पटना तथा इसके रांची स्थित अनुसंधान केंद्र और कृषि विज्ञान केंद्रों (रामगढ़ एवं बक्सर) द्वारा दिनांक 13 सितम्बर, 2026 को माननीय केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के साथ ऑनलाइन संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में लगभग 186 लोगों ने भाग लिया, जिसमें 101 किसान शामिल थे। मंत्री ने किसानों, वैज्ञानिकों और अन्य हितधारकों को पिछले रबी मौसम में रिकॉर्ड उत्पादन के लिए बधाई दी। उन्होंने आगामी रबी मौसम की बेहतर तैयारी के लिए स्थानीय परिस्थितियों और जलवायु परिवर्तन को ध्यान में रखते हुए ठोस कार्ययोजना बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि रबी योजना किसानों की जरूरतों के आधार पर गांव, प्रखंड और जिला स्तर से तैयार होकर राज्य और राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचनी चाहिए। इसमें आईसीएआर, कृषि विज्ञान केंद्र, राज्य सरकार, एटीएमए और किसानों की सक्रिय भागीदारी जरूरी है।


Aggriculture-minister-talk-bihar
श्री चौहान ने छोटे किसानों के लिए समेकित कृषि प्रणाली को बढ़ावा देने और इसे किसानों के खेतों पर प्रदर्शित करने पर जोर दिया। उन्होंने कृषि विविधीकरण, प्राकृतिक खेती और कृषि यंत्रीकरण को भी बढ़ावा देने की बात कही। उन्होंने विकसित कृषि संकल्प अभियान और खेत बचाओ अभियान के तहत किए गए कार्यों को आगे बढ़ाने तथा किसानों को फसल बीमा, वीबी-जी राम जी और किसान सम्मान निधि जैसी योजनाओं का लाभ दिलाने पर भी जोर दिया। डॉ. एम.एल. जाट, सचिव (डेयर) एवं  महानिदेशक, आईसीएआर तथा श्री आतीश चंद्रा, सचिव, कृषि एवं किसान कल्याण विभाग ने भी रबी योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए विभिन्न विभागों और संस्थानों के बीच बेहतर समन्वय की आवश्यकता बताई। 


Aggriculture-minister-talk-bihar
इस अवसर पर किसान-वैज्ञानिक संवाद भी आयोजित किया गया। भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद का पूर्वी अनुसंधान परिसर, पटना के निदेशक डॉ. अनुप दास ने कहा कि किसान के लिए समय सबसे महत्वपूर्ण संसाधनों में से एक है। इसलिए खेती के प्रत्येक कार्य को सही समय पर करना बहुत जरूरी है। उन्होंने कहा कि रबी फसलों की योजना बनाते समय भी समय का विशेष ध्यान रखना चाहिए। नौबतपुर प्रखंड के कराई गांव के किसानों ने जल की अनिश्चित उपलब्धता को देखते हुए उपयुक्त फसल किस्मों के बारे में वैज्ञानिकों से जानकारी ली। वैज्ञानिकों ने किसानों को उनकी परिस्थितियों के अनुसार उपयुक्त किस्मों के बारे में बताया। संवाद के दौरान फसल अवशेष प्रबंधन, जलवायु-अनुकूल कृषि, समय पर बुवाई और कटाई, फसल चक्र, समेकित कृषि प्रणाली, संतुलित उर्वरक उपयोग, पशुपालन, बकरी पालन और पोषण वाटिका जैसे विषयों पर चर्चा हुई। कार्यक्रम के अंत में किसानों ने संस्थान की प्रदर्शन एवं प्रशिक्षण इकाइयों का भ्रमण किया और व्यावहारिक जानकारी प्राप्त की। यह भ्रमण ‘देखकर सीखना’ के सिद्धांत पर आधारित था।

कोई टिप्पणी नहीं: