- प्रशासन की त्वरित कार्रवाई से पंचायत सरकार भवन का रास्ता अतिक्रमणमुक्त, आमजन को मिलेगा योजनाओं एवं सेवाओं का सुगम लाभ

मधुबनी, 08 सितंबर, (रजनीश के झा)। जिलाधिकारी, मधुबनी के निर्देश के आलोक में 07 सितंबर को बासोपट्टी प्रखंड अंतर्गत सेली-बेली पंचायत सरकार भवन को जोड़ने वाले रास्ते को अस्थाई अतिक्रमण से मुक्त कराया गया। अंचल अधिकारी, बासोपट्टी एवं प्रखंड विकास पदाधिकारी, बासोपट्टी द्वारा पुलिस बल के सहयोग से उक्त कार्रवाई की गई। उल्लेखनीय है कि सेली-बेली पंचायत सरकार भवन का निर्माण लगभग 8–10 वर्ष पूर्व ही पूर्ण हो चुका था, किंतु पंचायत सरकार भवन तक पहुंचने वाले रास्ते के अवरुद्ध रहने के कारण आम नागरिकों को पंचायत सरकार भवन के माध्यम से उपलब्ध कराई जाने वाली विभिन्न सरकारी सेवाओं एवं सुविधाओं का समुचित लाभ नहीं मिल पा रहा था। उक्त रास्ते पर कुछ ग्रामीणों द्वारा पेड़-पौधे लगाने, झोपड़ी एवं अन्य अस्थाई संरचनाएं खड़ी कर मार्ग को अवरुद्ध करते हुए अतिक्रमण किया गया था। प्रशासन द्वारा नियमानुसार कार्रवाई करते हुए अतिक्रमण को हटाकर रास्ते को आवागमन के लिए मुक्त कराया गया। रास्ता अतिक्रमणमुक्त होते ही प्रखंड विकास पदाधिकारी, बासोपट्टी के स्तर से रास्ते के मिट्टीकरण का कार्य भी तत्काल प्रारंभ करा दिया गया है, ताकि पंचायत सरकार भवन तक आमजन का सुगम एवं निर्बाध आवागमन सुनिश्चित किया जा सके। यह कार्रवाई प्रशासन की जनहित के प्रति प्रतिबद्धता एवं लंबित समस्याओं के त्वरित समाधान का महत्वपूर्ण उदाहरण है। पंचायत सरकार भवन तक सुगम पहुंच बहाल होने से स्थानीय ग्रामीणों को विभिन्न सरकारी योजनाओं, सेवाओं एवं प्रशासनिक सुविधाओं का लाभ अपने पंचायत स्तर पर अधिक आसानी से प्राप्त हो सकेगा। प्रशासन की इस कार्रवाई से स्थानीय ग्रामीणों में हर्ष का माहौल है तथा लंबे समय से लंबित इस समस्या के समाधान के प्रति लोगों ने संतोष व्यक्त किया है।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें