मधुबनी : डीएम के निरीक्षण एवं निर्देश पर राम सागर टोल स्थित विद्यालय में दो कमरों का होगा निर्माण - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

मंगलवार, 8 सितंबर 2026

मधुबनी : डीएम के निरीक्षण एवं निर्देश पर राम सागर टोल स्थित विद्यालय में दो कमरों का होगा निर्माण

  • बच्चों की पढ़ाई बाधित न हो, इसके लिए प्रशासन ने शुरू की आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने की पहल

Madhubani-dm-strict-for-school
मधुबनी 08, सितंबर (रजनीश के झा) । बच्चों को निर्बाध, सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा विद्यालयों में आवश्यक आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में, जिलाधिकारी, मधुबनी श्री आनंद शर्मा द्वारा पूर्व में बिस्फी प्रखंड क्षेत्र के भ्रमण/निरीक्षण के दौरान नया प्राथमिक विद्यालय, राम सागर टोल का निरीक्षण किया गया था। निरीक्षण के दौरान विद्यालय में आवश्यक आधारभूत संरचना उपलब्ध कराने तथा बच्चों के पठन-पाठन के लिए समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया था। जिलाधिकारी के उक्त निर्देश के अनुपालन में सोमवार को नया प्राथमिक विद्यालय, राम सागर टोल के परिसर में लगभग 15 लाख रुपये की लागत से दो कमरों के निर्माण कार्य का शिलान्यास किया गया।


निर्माण कार्य का शिलान्यास प्रखंड प्रमुख रीता कुमारी एवं प्रखंड विकास पदाधिकारी बसंत कुमार सिंह द्वारा किया गया।

इस अवसर पर प्रखंड प्रमुख रीता कुमारी ने कहा कि किसी भी परिस्थिति में बच्चों की पढ़ाई बाधित नहीं होनी चाहिए। भवनविहीन अथवा भूमिहीन विद्यालयों में भी पठन-पाठन जारी रखने के लिए तत्काल समुचित वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने कहा कि बच्चों की शिक्षा एवं उनके सुरक्षित भविष्य के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। प्रखंड विकास पदाधिकारी बसंत कुमार सिंह ने कहा कि विद्यालयों में बच्चों के लिए सुरक्षित, व्यवस्थित एवं अनुकूल शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना प्रखंड प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने बताया कि विद्यालयों की आधारभूत आवश्यकताओं की नियमित समीक्षा की जा रही है तथा सभी संबंधित पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र के विद्यालयों का नियमित निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।


11 बिंदुओं पर विद्यालयों से मांगी गई रिपोर्ट

सरकारी विद्यालयों में बच्चों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने तथा आधारभूत सुविधाओं की कमी को दूर करने के लिए जिला प्रशासन द्वारा 11 बिंदुओं पर विद्यालय प्रधानाध्यापकों से विस्तृत रिपोर्ट तलब की गई है। इसमें विद्यालय भवन की उपलब्धता, विद्यालय की आधारभूत संरचना सहित भवनविहीन एवं भूमिहीन विद्यालयों से संबंधित जानकारी भी शामिल है। प्राप्त रिपोर्ट के आधार पर आवश्यकताओं का आकलन कर प्राथमिकता के आधार पर विद्यालयों में आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की कार्रवाई की जाएगी। विद्यालय में अतिरिक्त कमरों के निर्माण की पहल से स्थानीय ग्रामीणों एवं अभिभावकों में हर्ष का माहौल है। लोगों ने बच्चों की शिक्षा के लिए आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में जिला प्रशासन द्वारा की जा रही पहल की सराहना की। इस अवसर पर समाजसेवी मदन यादव, मोहम्मद चांद, मनोज कुमार मंडल, सुधीर कुमार मंडल, शिक्षिका नीलम कुमारी, शंभू यादव, सहायक शिक्षक परवेज आलम सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं स्थानीय लोग उपस्थित थे।

कोई टिप्पणी नहीं: