सीहोर : राज्य स्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता में छिंदवाड़ा ने रायसेन को 4-1 से हराया - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

गुरुवार, 17 सितंबर 2026

सीहोर : राज्य स्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता में छिंदवाड़ा ने रायसेन को 4-1 से हराया

  • दूसरे सेमीफाइनल में आज छिंदवाड़ा और मंडला की होगी भिड़ंत, फाइनल में पहुंचने के लिए मैदान पर उतरेंगी दोनों टीमें
  • 16 टीमों से शुरू हुई प्रतियोगिता में अब खिताबी मुकाबले से पहले तीन टीमें दौड़ में

Sehore-football
सीहोर। शहर के आवासीय खेलकूद मैदान एवं चर्च मैदान पर मध्यप्रदेश फुटबॉल एसोसिएशन के तत्वावधान में स्वर्गीय कैलाश नारायण सारंग की स्मृति में आयोजित राज्य स्तरीय अंडर-14 फुटबॉल प्रतियोगिता में रोमांचक मुकाबले जारी हैं। गुरुवार को प्रतियोगिता के लीग चरण के मुकाबलों में छिंदवाड़ा ने रायसेन को 4-1 से पराजित कर दूसरे सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली। वहीं पहले मुकाबले में बालाघाट ने खंडवा को एकतरफा मुकाबले में 5-0 से हराया। प्रतियोगिता में प्रदेश की 16 टीमों ने हिस्सा लिया था। अब मुकाबले अपने अंतिम दौर में पहुंच चुके हैं। पहले सेमीफाइनल में भोपाल ने इंदौर को हराकर फाइनल में प्रवेश कर लिया है, जबकि दूसरे सेमीफाइनल के लिए छिंदवाड़ा और मंडला आमने-सामने होंगे।


बालाघाट ने खंडवा को 5-0 से दी शिकस्त

गुरुवार को पहला मुकाबला खंडवा और बालाघाट के मध्य खेला गया। शुरुआत से ही बालाघाट के खिलाड़ियों ने आक्रामक खेल का प्रदर्शन करते हुए खंडवा पर दबाव बनाए रखा। बालाघाट ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मुकाबला 5-0 से अपने नाम किया। बालाघाट की ओर से अयान, दिव्यांश, आराम, अखिलेश बिंद और प्रथम ने एक-एक गोल कर टीम को बड़ी जीत दिलाई। बालाघाट के खिलाड़ियों ने पूरे मुकाबले के दौरान बेहतर तालमेल के साथ खेलते हुए खंडवा के खिलाड़ियों को गोल करने के अधिक अवसर नहीं दिए।


छिंदवाड़ा ने रायसेन को 4-1 से हराया

दिन का दूसरा मुकाबला छिंदवाड़ा और रायसेन के बीच खेला गया। इस मुकाबले में छिंदवाड़ा के खिलाड़ियों ने शुरुआत से ही शानदार खेल का प्रदर्शन किया। टीम ने आक्रमण के साथ-साथ रक्षात्मक मोर्चे पर भी बेहतर तालमेल दिखाया और 4-1 से जीत दर्ज की। छिंदवाड़ा की ओर से वेदांत, अथर्व, आरव और तुषार ने एक-एक गोल किया। छिंदवाड़ा के लिए यह मुकाबला महत्वपूर्ण था और खिलाड़ियों ने दबाव के बावजूद संयमित एवं प्रभावी खेल दिखाते हुए जीत हासिल की। इस जीत के साथ टीम ने प्रतियोगिता के दूसरे सेमीफाइनल में प्रवेश किया।


आज मंडला-छिंदवाड़ा के बीच दूसरा सेमीफाइनल

एसोसिएशन के मीडिया प्रभारी प्रियांशु दीक्षित ने बताया कि शुक्रवार को प्रतियोगिता का दूसरा सेमीफाइनल मंडला और छिंदवाड़ा के बीच खेला जाएगा। मुकाबला शहर के भोपाल नाका स्थित आवासीय खेलकूद मैदान पर आयोजित होगा। मंडला की टीम ने अब तक प्रतियोगिता में तीन मुकाबले जीतकर शानदार प्रदर्शन किया है। वहीं छिंदवाड़ा की टीम भी लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रही है। गुरुवार को रायसेन के खिलाफ जीत के बाद टीम के खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ा हुआ है। दोनों टीमों के बीच होने वाला सेमीफाइनल मुकाबला फाइनल में प्रवेश के लिए महत्वपूर्ण होगा।


पदाधिकारियों ने खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह

गुरुवार को खेले गए मुकाबलों के दौरान एसोसिएशन के सचिव मनोज कन्नोजिया, खेल अधिकारी अताउल्ला खान, आनंद उपाध्याय, मधुर विजयवर्गीय, कमलेश अग्रवाल, अरुण राठौर, दीपक बाथम सहित अन्य पदाधिकारियों ने मैदान पर पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। प्रतियोगिता के आगामी मुकाबलों को लेकर खेल प्रेमियों में भी उत्साह बना हुआ है।

कोई टिप्पणी नहीं: