दिल्ली : एयर वाइस मार्शल शक्ति शर्मा सशस्त्र बलों में एवीएम रैंक पाने वाली पहली महिला बनीं - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

मंगलवार, 1 सितंबर 2026

दिल्ली : एयर वाइस मार्शल शक्ति शर्मा सशस्त्र बलों में एवीएम रैंक पाने वाली पहली महिला बनीं

air-vice-marshal-shakti-sharma
नई दिल्ली। भारतीय वायुसेना की अधिकारी शक्ति शर्मा ने इतिहास रचा है। वह देश के सशस्त्र बलों में एयर वाइस मार्शल (एवीएम) या समकक्ष पद प्राप्त करने वाली पहली महिला अधिकारी (गैर-चिकित्सा) बन गई हैं। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि शर्मा ने एक सितंबर को वायुसेना मुख्यालय में असिस्टेंट चीफ ऑफ एयर स्टाफ (शिक्षा) का पद संभाला। वायुसेना के एक अधिकारी ने बताया कि बल की अधिकारी शर्मा पूर्व में एयर कमोडोर के पद पर कार्यरत थीं। रक्षा मंत्रालय ने कहा, ‘‘भारतीय वायु सेना के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि है। एयर वाइस मार्शल शक्ति शर्मा भारतीय रक्षा बलों में एयर वाइस मार्शल (या उसके समकक्ष) का पद हासिल करने वाली पहली महिला अधिकारी (गैर-चिकित्सा) बनीं।’’ 


बयान के मुताबिक एवीएम शर्मा को 18 जून, 1994 को वायुसेना की शिक्षा इकाई में कमीशन मिला था और वह अपनी नयी भूमिका के लिए काफी अनुभव लेकर आई हैं। उन्हें प्रशिक्षण केंद्रों, वायुसेना के अड्डों, कमान मुख्यालयों और वायुसेना मुख्यालयों में अलग-अलग जगहों पर काम करने का अनुभव है। मंत्रालय ने बताया, ‘‘अपने पूरे करियर के दौरान, उन्होंने कई अहम संस्थागत पहलों का नेतृत्व किया है। इनमें भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) कानपुर और पुणे विश्वविद्यालय में ‘वायुसेना की उत्कृष्टता पीठ’ की स्थापना शामिल है, जिनका उद्देश्य शैक्षणिक और रणनीतिक रक्षा सहयोग को बढ़ावा देना है। उन्होंने तीनों सेनाओं की पहली महिला अधिकारी के तौर पर सैनिक स्कूल की कमान संभालकर इतिहास भी रचा। उन्होंने सैनिक स्कूल, कपूरथला में प्रिंसिपल के तौर पर काम किया।’’ बयान में कहा गया कि यह अहम उपलब्धि भारतीय रक्षा बलों में महिला अधिकारियों की यात्रा का एक नया अध्याय है। तीन दशकों से अधिक समय की शानदार सेवा के साथ, वह वायुसेना के आदर्श वाक्य पीढ़ियों को ‘शान के साथ आसमान छूने’ के लिए प्रेरित करती रही हैं।

कोई टिप्पणी नहीं: