मुजफ्फरपुर : स्वास्थ्य मंत्री श्री निशांत ने स्वास्थ्य सुविधाओं का किया विस्तार - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

शुक्रवार, 4 सितंबर 2026

मुजफ्फरपुर : स्वास्थ्य मंत्री श्री निशांत ने स्वास्थ्य सुविधाओं का किया विस्तार

  • होमी भाभा कैंसर अस्पताल में अत्याधुनिक ICU कॉम्प्लेक्स और SKMCH में 30 बेड के स्पेशल क्रिटिकल केयर यूनिट का लोकार्पण

Nishant-expand-sksmch-muzaffarpur
मुजफ्फरपुर, 03 सितंबर (रजनीश के झा) । बिहार सरकार के स्वास्थ्य मंत्री श्री निशांत ने गुरुवार को मुजफ्फरपुर के एक दिवसीय दौरे के दौरान स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की दिशा में कई महत्वपूर्ण पहल कीं। उन्होंने होमी भाभा कैंसर अस्पताल एवं अनुसंधान केंद्र (HBCH&RC), मुजफ्फरपुर में नवनिर्मित अत्याधुनिक ICU कॉम्प्लेक्स का उद्घाटन किया तथा श्री कृष्ण चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल (SKMCH) में 30 बेड के स्पेशल क्रिटिकल केयर यूनिट का लोकार्पण किया।


होमी भाभा कैंसर अस्पताल में अत्याधुनिक ICU कॉम्प्लेक्स का उद्घाटन

Nishant-expand-sksmch-muzaffarpur
स्वास्थ्य मंत्री श्री निशांत ने भारत सरकार के परमाणु ऊर्जा विभाग के अंतर्गत टाटा मेमोरियल सेंटर, मुंबई की इकाई होमी भाभा कैंसर अस्पताल एवं अनुसंधान केंद्र, मुजफ्फरपुर में अत्याधुनिक ICU कॉम्प्लेक्स का उद्घाटन किया। इस नई सुविधा के शुरू होने से कैंसर मरीजों को गंभीर एवं जटिल परिस्थितियों में बेहतर क्रिटिकल केयर सेवाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री ने अस्पताल का निरीक्षण कर कैंसर उपचार सहित विभिन्न चिकित्सा सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने चिकित्सकों एवं अधिकारियों से मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं, उपचार व्यवस्था, दवाओं की उपलब्धता तथा भविष्य में सुविधाओं के विस्तार की योजनाओं के संबंध में जानकारी ली। अस्पताल के निदेशक डॉ. कुमार प्रभाष ने स्वास्थ्य मंत्री एवं स्वास्थ्य विभाग के वरीय अधिकारियों को संस्थान की अब तक की यात्रा, उपलब्धियों तथा उत्तर बिहार में कैंसर देखभाल की बढ़ती आवश्यकताओं से अवगत कराया।


कैंसर मरीजों को घर के पास विश्वस्तरीय उपचार उपलब्ध कराना प्राथमिकता

Nishant-expand-sksmch-muzaffarpur
स्वास्थ्य मंत्री श्री निशांत ने कहा कि बिहार सरकार राज्य में कैंसर की चिकित्सा सुविधाओं को लगातार मजबूत कर रही है। टाटा मेमोरियल सेंटर, मुंबई के सहयोग से मुजफ्फरपुर में कैंसर उपचार की अत्याधुनिक सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि उत्तर बिहार के कैंसर मरीजों को बेहतर और विश्वस्तरीय चिकित्सा सेवाओं के लिए दूसरे राज्यों के बड़े शहरों की ओर न जाना पड़े। होमी भाभा कैंसर अस्पताल एवं अनुसंधान केंद्र, मुजफ्फरपुर को हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि मरीजों को उनके घर के नजदीक आधुनिक कैंसर उपचार एवं क्रिटिकल केयर सुविधाएं मिल सकें। स्वास्थ्य मंत्री ने अस्पताल की प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि आने वाले समय में यहां चिकित्सा सुविधाओं, संसाधनों एवं उपचार क्षमता का और विस्तार किया जाएगा।


SKMCH में 30 बेड के स्पेशल क्रिटिकल केयर यूनिट का लोकार्पण

Nishant-expand-sksmch-muzaffarpur
होमी भाभा कैंसर अस्पताल के कार्यक्रम के बाद स्वास्थ्य मंत्री श्री निशांत ने श्री कृष्ण चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल (SKMCH) का दौरा किया। यहां उन्होंने 30 बेड के स्पेशल क्रिटिकल केयर यूनिट का लोकार्पण किया। नए क्रिटिकल केयर यूनिट के शुरू होने से गंभीर रूप से बीमार मरीजों को बेहतर एवं त्वरित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। इससे मुजफ्फरपुर के साथ-साथ उत्तर बिहार के विभिन्न जिलों से आने वाले मरीजों को उच्च स्तरीय क्रिटिकल केयर सेवाओं का लाभ मिलेगा। स्वास्थ्य मंत्री ने SKMCH में मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं का भी निरीक्षण किया तथा अस्पताल प्रशासन एवं चिकित्सकों से उपचार व्यवस्था, संसाधनों और मरीजों की सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली।


उत्तर बिहार में कैंसर केयर के महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में विकसित हो रहा मुजफ्फरपुर

होमी भाभा कैंसर अस्पताल एवं अनुसंधान केंद्र, मुजफ्फरपुर भारत सरकार के परमाणु ऊर्जा विभाग के अंतर्गत टाटा मेमोरियल सेंटर, मुंबई की एक इकाई है। वर्ष 2018 में स्थापित इस केंद्र का उद्घाटन प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा 22 अगस्त 2025 को किया गया था। यह संस्थान उत्तर बिहार सहित आसपास के व्यापक क्षेत्र की कैंसर देखभाल आवश्यकताओं को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। यहां कैंसर उपचार के साथ मेमोग्राफी, CT स्कैन, डिजिटल एक्स-रे, सिमुलेटर स्कैन, रेडिएशन थेरेपी, कीमोथेरेपी, इम्यूनोथेरेपी एवं ब्रेकीथेरेपी जैसी महत्वपूर्ण सुविधाएं उपलब्ध हैं। अस्पताल के निदेशक डॉ. कुमार प्रभाष ने कहा कि संस्थान का उद्देश्य मरीजों को कैंसर के इलाज के लिए मुंबई जैसे दूरस्थ शहरों की यात्रा करने की आवश्यकता को कम करना तथा उन्हें उनके घर के पास विश्वस्तरीय कैंसर उपचार उपलब्ध कराना है। उन्होंने बताया कि अस्पताल में उपचार के लिए आने वाले मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। इसे देखते हुए संस्थान की क्षमता एवं चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार पर कार्य किया जा रहा है।

कोई टिप्पणी नहीं: