
मधुबनी, 03 सितंबर (रजनीश के झा)। राज्य स्वास्थ्य समिति, बिहार के निर्देश के आलोक में जिले में संचालित “जाँच एवं उपचार चिकित्सा आपके द्वार” अभियान के तहत जिलाधिकारी श्री आनंद शर्मा एवं वरीय पुलिस अधीक्षक श्री योगेंद्र कुमार ने समाहरणालय परिसर से जागरूकता रथ (एलईडी वाहन) को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह जागरूकता रथ जिले के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में भ्रमण कर लोगों को अभियान के उद्देश्यों एवं गैर-संचारी रोगों की समय पर जांच एवं उपचार के प्रति जागरूक करेगा। ज्ञातव्य हो कि उक्त अभियान के तहत 01 सितंबर, 2026 से 30 नवंबर, 2026 तक ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में गैर-संचारी रोगों की स्क्रीनिंग, चिकित्सकीय परामर्श, दवा वितरण तथा आवश्यक उपचार की सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य उच्च रक्तचाप, मधुमेह, तीन प्रकार के सामान्य कैंसर—मुंह, स्तन एवं गर्भाशय ग्रीवा कैंसर, हृदय रोग, नॉन-अल्कोहलिक फैटी लिवर डिजीज (NAFLD) तथा क्रॉनिक ऑब्सट्रक्टिव पल्मोनरी डिजीज (COPD) जैसी बीमारियों की समय पर पहचान करना, आवश्यक प्रबंधन एवं उपचार सुनिश्चित करना तथा इनसे होने वाली असामयिक मौतों में कमी लाना है।
घर-घर होगी स्क्रीनिंग, उपलब्ध कराई जाएंगी निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं
अभियान के दौरान लोगों को गैर-संचारी रोगों के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ आवश्यकतानुसार स्वास्थ्य जांच, परामर्श, दवा वितरण एवं उपचार की सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। अभियान के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों तक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है। इस अवसर पर अपर समाहर्ता श्री मुकेश रंजन, जिला कार्यक्रम प्रबंधक (स्वास्थ्य) श्री पंकज कुमार, जिला आपूर्ति पदाधिकारी श्री कुमार दीपक सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें