दिल्ली : केंद्र ने सीबीएफसी का पुनर्गठन किया; प्रीति जिंटा, पंकज त्रिपाठी 18 सदस्यीय बोर्ड में शामिल - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

बुधवार, 16 सितंबर 2026

दिल्ली : केंद्र ने सीबीएफसी का पुनर्गठन किया; प्रीति जिंटा, पंकज त्रिपाठी 18 सदस्यीय बोर्ड में शामिल

New-film-censor-board
नई दिल्ली। केंद्र ने बुधवार को केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (सीबीएफसी) का पुनर्गठन किया और प्रीति जिंटा, पंकज त्रिपाठी, सुनील शेट्टी तथा प्रसेनजीत चटर्जी, फिल्मकार प्रियदर्शन एवं ग्रैमी पुरस्कार विजेता संगीतकार रिकी केज समेत विभिन्न कलाकारों को 18-सदस्यीय बोर्ड में शामिल किया गया है। सीबीएफसी अध्यक्ष शशि शेखर वेम्पति की अध्यक्षता वाले नये बोर्ड का गठन तत्काल प्रभाव से तीन साल के लिए या अगले आदेश तक, जो भी पहले हो, किया गया है। पिछली बार सीबीएफसी का पुनर्गठन अगस्त 2017 में तीन साल के कार्यकाल के लिए किया गया था। नये बोर्ड का गठन नहीं होने के कारण उस बोर्ड के सदस्य 2020 के बाद भी पद पर बने रहे। ऐसा उन प्रावधानों के तहत किया गया था, जिनमें सदस्यों को उनके उत्तराधिकारियों की नियुक्ति होने तक पद पर बने रहने की अनुमति दी जाती है।


नये बोर्ड में फिल्म समीक्षक विनोद अनुपम, अभिनेता मनोज जोशी, फिल्मकार अभिषेक जैन, गायक एवं पूर्व सांसद हंसराज हंस, निर्माता सुप्रिया यारलागड्डा, कवि एवं लेखक यतींद्र मिश्रा और अभिनेत्री रूपाली गांगुली भी शामिल हैं। रंगमंच निर्देशक वामन केंद्रे और लेखक रमेश पतंगे पिछले बोर्ड के केवल दो ऐसे सदस्य हैं, जिन्हें नवगठित बोर्ड में भी बरकरार रखा गया है। निवर्तमान बोर्ड में अभिनेत्री विद्या बालन, फिल्मकार विवेक अग्निहोत्री, पूर्व फुटबॉलर मिहिर भूटिया, अभिनेत्री गौतमी तडिमल्ला, वाणी त्रिपाठी टिक्कू, जीविता राजशेखर और फिल्मकार नरेश चंद्र लाल के अलावा केंद्रे और पतंगे शामिल थे। पल्लवी जोशी फिल्मकार अग्निहोत्री की पत्नी हैं। वह अग्निहोत्री द्वारा निर्देशित फिल्म ‘‘द कश्मीर फाइल्स’’ के निर्माताओं और कलाकारों में शामिल थीं। गांगुली ने 2024 में औपचारिक रूप से भाजपा की सदस्यता ग्रहण की थी।

कोई टिप्पणी नहीं: