पटना : खाद्य संरक्षा मानकों के उल्लंघन पर हुई कड़ी कार्रवाई, 11 मामले में अभियोजन को मंजूरी - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

रविवार, 27 सितंबर 2026

पटना : खाद्य संरक्षा मानकों के उल्लंघन पर हुई कड़ी कार्रवाई, 11 मामले में अभियोजन को मंजूरी

  • असुरक्षित एवं मानकों के विपरीत पाए गए खाद्य पदार्थों के मामलों में स्वास्थ्य सचिव सह खाद्य संरक्षा आयुक्त श्री कुमार रवि द्वारा दी गई अभियोजन को मंजूरी

food-security-inspection-bihar
पटना, 27 सितंबर (रजनीश के झा) । राज्य में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने को लेकर विभाग की कार्रवाई लगातार जारी है। विभिन्न जिलों में लिए गए खाद्य नमूनों की प्रयोगशाला जांच में 11 नमूने असुरक्षित एवं मानकों के विपरीत पाए गए। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विभाग द्वारा मानकों के उल्लंघन के मामलों में नियमानुसार जांच एवं कार्रवाई की जा रही है। स्वास्थ्य सचिव सह खाद्य संरक्षा आयुक्त, बिहार श्री कुमार रवि द्वारा विभिन्न जिलों से प्राप्त जांच रिपोर्टों के आधार पर असुरक्षित एवं मानकों के अनुरूप नहीं पाए गए खाद्य पदार्थों के मामलों में कार्रवाई की गई है। मामले में स्वास्थ्य सचिव सह खाद्य संरक्षा आयुक्त, बिहार श्री कुमार रवि द्वारा खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम, 2006 के तहत अभियोजन की मंजूरी प्रदान की गई है। अभिहित अधिकारियों को अधिनियम के तहत सक्षम न्यायालय में अभियोजन दायर करने का निर्देश दिया गया है। यह मामला अधिनियम के उल्लंघन से संबंधित है और जिसके तहत दंड का प्रावधान है। इसमें तीन महीने तक की जेल और 3,00,000 रुपये तक का जुर्माना हो सकता है।


विभिन्न जिलों में असुरक्षित खाद्य पदार्थों के मामलों में कार्रवाई

खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा प्राप्त जांच रिपोर्टों के आधार पर विभिन्न जिलों में निम्न खाद्य पदार्थों में गंभीर अनियमितताएं पाई गई हैं—

अररिया : मैसर्स सेंटर फॉर नेशनल डेवलपमेंट इनीशिएटिव, सिसाउना, बस्ती से हल्दी पाउडर का नमूना संग्रहित किया गया था। जांच रिपोर्ट में नमूने में मेटानिल येलो (Metanil Yellow) की उपस्थिति पाई गई।

शेखपुरा :  मैसर्स शिव शंकर होटल, बरबीघा से लिए गए बेसन लड्डू के नमूने में मेटानिल येलो पाया गया। नमूने को असुरक्षित खाद्य घोषित किया गया।

भोजपुर : मैसर्स संतोष किराना दुकान, शाहपुर से लिए गए हल्दी के नमूने में लेड क्रोमेट पाया गया और इसे असुरक्षित खाद्य माना गया।

जमुई :  मैसर्स गोपाल होटल एंड स्वीट्स शॉप, महाराजगंज चौक से लिए गए बेसन लड्डू के नमूने में मेटानिल येलो पाया गया।

पूर्णिया :  बनमनखी स्थित मैसर्स मोनाज पोद्दार से लिए गए भिंडी के नमूने में बाहरी/अतिरिक्त रंग की उपस्थिति पाई गई और नमूने को असुरक्षित खाद्य घोषित किया गया।

सीतामढ़ी : मैसर्स गणपति ट्रेडर्स से लिए गए मल्टी-सोर्स एडिबल वेजिटेबल ऑयल के नमूने में निर्धारित सीमा से अधिक एसिड वैल्यू तथा तेल में घुलनशील सिंथेटिक रंग पाया गया। नमूने को अवर-मानक, असुरक्षित एवं मिसब्रांडेड (Misbranded) घोषित किया गया।

मुजफ्फरपुर :  मैसर्स गोकुल स्वीट्स से लिए गए रोल बर्फी के नमूने में चांदी के वर्क के स्थान पर एल्युमिनियम फॉइल पाए जाने की पुष्टि हुई।

अररिया : मैसर्स सेंटर फॉर नेशनल डेवलपमेंट इनीशिएटिव से लिए गए धनिया पाउडर के नमूने में ऑयल सॉल्युबल कलर एवं स्टार्च की उपस्थिति पाई गई और इसे असुरक्षित खाद्य घोषित किया गया।

पटना : दानापुर स्थित मैसर्स मैन्युफैक्चरिंग यूनिट ऑफ द लन्दन बलेरी (काव्या एंटरप्राइजेज) से लिए गए हल्दी पाउडर के नमूने में लेड क्रोमेट पाया गया।

पटना : मैसर्स निखिल एंटरप्राइजेज, गुलजारबाग से लिए गए सौंफ के नमूने में फास्ट ग्रीन एफसीएफ की उपस्थिति पाई गई और इसे असुरक्षित खाद्य घोषित किया गया।

खगड़िया : मैसर्स रौशन पनीर से लिए गए पनीर के नमूने में फॉर्मेलिन एवं स्टार्च की उपस्थिति तथा निर्धारित मानक से कम वसा की मात्रा पाई गई। नमूने को असुरक्षित खाद्य घोषित किया गया।


खाद्य संरक्षा विभाग द्वारा खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच एवं मानकों के उल्लंघन के मामलों में नियमानुसार कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

कोई टिप्पणी नहीं: