- अब तक 11.43 लाख से अधिक ECG जांच, 606 स्वास्थ्य संस्थानों में सेवा उपलब्ध
तिमाही आधार पर लगातार बढ़ी ECG जांच की संख्या
अप्रैल-जून 2025: 15,086 जांच
जुलाई-सितंबर 2025: 57,440 जांच
अक्टूबर-दिसंबर 2025: 1,43,943 जांच
जनवरी-मार्च 2026: 2,57,605 जांच
वहीं वित्तीय वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही यानी अप्रैल-जून 2026 में 3,11,903 ECG जांच की गईं। जुलाई से 26 सितंबर 2026 तक कुल 3,57,928 ECG जांच दर्ज की गई हैं। वर्तमान में जिला अस्पतालों से लेकर प्रखंड स्तर तक कुल 606 सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में ECG जांच की सुविधा निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही है। इनमें जिला अस्पताल (DH), अनुमंडलीय अस्पताल (SDH), रेफरल अस्पताल (RH), सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC), प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) तथा शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (UPHC) शामिल हैं। प्रखंड एवं स्थानीय स्तर तक ECG जांच की सुविधा उपलब्ध होने से मरीजों को अपने नजदीकी सरकारी स्वास्थ्य संस्थान में ही जांच कराने की सुविधा मिल रही है।
निःशुल्क ECG सेवा के विस्तार से शहर के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को भी लाभ मिल रहा है। पहले इस जांच के लिए भी लोगों को निजी अस्पतालों तक जाना पड़ता था, लेकिन अब स्थानीय स्तर पर मुफ्त ECG जांच की सुविधा उपलब्ध होने से स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच आसान हुई है। इससे मरीजों को समय और अतिरिक्त यात्रा खर्च की बचत के साथ-साथ आवश्यक जांच समय पर कराने में सुविधा मिल रही है। स्वास्थ्य मंत्री श्री निशांत ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग की यह पहल ग्रामीण एवं शहरी दोनों क्षेत्रों में मरीजों को उनके नजदीकी सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों पर आवश्यक जांच की सुविधा उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। इससे हृदय संबंधी संभावित समस्याओं की समय पर जांच एवं पहचान में सहायता मिल रही है। उन्होंने कहा कि बिहार सरकार का लक्ष्य है कि स्वास्थ्य सेवाएं राज्य के प्रत्येक नागरिक तक आसानी से, समय पर और प्रभावी रूप से पहुंचें। निःशुल्क ECG जांच की बढ़ती पहुंच इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्वास्थ्य संस्थानों में उपलब्ध जांच सुविधाओं को लगातार मजबूत किया जा रहा है, ताकि लोगों को स्थानीय स्तर पर अधिक से अधिक आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकें। 606 स्वास्थ्य संस्थानों में निःशुल्क ECG सेवा और अब तक 11.43 लाख से अधिक जांच राज्य में सार्वजनिक स्वास्थ्य सेवाओं की बढ़ती पहुंच और उपयोगिता को दर्शाती है।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें