वाराणसी : घाटों पर भीड़, सुरक्षा का घेरा; योगी ने परखी एयर शो की तैयारी - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

शनिवार, 24 अक्टूबर 2026

वाराणसी : घाटों पर भीड़, सुरक्षा का घेरा; योगी ने परखी एयर शो की तैयारी

  • मुख्यमंत्री का निर्देश—अनावश्यक बैरिकेडिंग से बचें, हर घाट पर हो सफाई, पेयजल और शौचालय का इंतजाम

प्रधानमंत्री के आगमन और गंगा के ऊपर होने वाले एयर शो को लेकर प्रशासन को अलर्ट रहने की हिदायत, 200 मोबाइल टॉयलेट, 280 वाटर टैंकर और दो हजार डस्टबिन की व्यवस्था, काल भैरव और बाबा विश्वनाथ के दरबार में मत्था टेक कर की लोककल्याण की कामना

Air-show-safty-varanasi
वाराणसी (सुरेश गांधी). गंगा की लहरों के ऊपर भारतीय वायुसेना के शौर्य का साक्षी बनने को आतुर काशी में रविवार को होने वाले एयर शो से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तैयारियों की कमान अपने हाथ में ले ली। प्रधानमंत्री के आगमन और कार्यक्रम के दौरान उमड़ने वाली भारी भीड़ के मद्देनजर मुख्यमंत्री ने शनिवार को सर्किट हाउस में प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा, यातायात, सफाई और जनसुविधाओं की विस्तृत समीक्षा की। उनका स्पष्ट निर्देश था कि सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद हो, लेकिन आम लोगों को गंगा घाटों तक पहुंचने में अनावश्यक परेशानी न हो। इसके लिए बिना जरूरत बैरिकेडिंग से बचने और भीड़ प्रबंधन की बेहतर व्यवस्था करने पर विशेष जोर दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि एयर शो के दौरान बड़ी संख्या में लोगों के घाटों पर पहुंचने की संभावना है। ऐसे में प्रशासन की जिम्मेदारी केवल सुरक्षा तक सीमित नहीं, बल्कि लोगों की सुविधाजनक आवाजाही सुनिश्चित करना भी है। घाटों तक पहुंचने वाले रास्तों पर व्यवस्था दुरुस्त रखने, पर्याप्त पार्किंग स्थल उपलब्ध कराने, रूट डायवर्जन को प्रभावी बनाने और यातायात को सुचारु रखने के निर्देश दिए। प्रधानमंत्री के आगमन से जुड़े सभी महत्वपूर्ण स्थलों के साथ गंगा घाटों पर भी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने को कहा।


घाटों पर सुविधाओं का व्यापक इंतजाम

मुख्यमंत्री ने गंगा घाटों की अतिरिक्त सफाई, पर्याप्त शौचालय और पीने के पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर जोर दिया। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने उन्हें तैयारियों की जानकारी देते हुए बताया कि घाटों पर सिल्ट सफाई कराई जा रही है। लोगों की सुविधा के लिए 200 मोबाइल टॉयलेट और 280 वाटर टैंकर की व्यवस्था की गई है। घाटों और प्रमुख मार्गों पर दो हजार डस्टबिन रखे जाएंगे, जबकि सफाई व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने के लिए 200 सफाई वॉलंटियर भी लगाए गए हैं। इसके अतिरिक्त कार्यक्रम के दौरान सफाई कर्मचारियों की तैनाती की गई है। मुख्यमंत्री ने केवल एयर शो से जुड़े स्थलों तक सफाई सीमित न रखने, बल्कि पूरे शहर को स्वच्छ रखने का निर्देश दिया। उन्होंने संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय परिसर में पड़े कूड़े को भी तत्काल हटाने को कहा। उनका जोर था कि एयर शो के लिए देश-दुनिया की नजरें काशी पर होंगी, इसलिए शहर की स्वच्छता और व्यवस्थाओं में किसी तरह की कमी नहीं रहनी चाहिए।


प्रस्तुतीकरण के जरिए परखी तैयारी

बैठक की शुरुआत में जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार और पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से मुख्यमंत्री को जिला प्रशासन और पुलिस की तैयारियों से अवगत कराया। भीड़ नियंत्रण, सुरक्षा प्रबंध, यातायात संचालन, पार्किंग और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय से जुड़े बिंदुओं की समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी कर ली जाएं और कार्यक्रम के दौरान किसी भी संभावित समस्या से निपटने के लिए समुचित तैयारी रहे। प्रधानमंत्री के आगमन और एयर शो को देखते हुए प्रशासन के सामने सबसे बड़ी चुनौती सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के साथ ही आमजन की सहज आवाजाही सुनिश्चित करना है। मुख्यमंत्री ने इसी संतुलन पर जोर देते हुए अधिकारियों को सतर्कता और संवेदनशीलता के साथ जिम्मेदारी निभाने की हिदायत दी।


पहले काल भैरव, फिर बाबा विश्वनाथ के दरबार में हाजिरी

प्रशासनिक तैयारियों की समीक्षा से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने काशी के कोतवाल बाबा काल भैरव और श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन किया। मुख्यमंत्री सबसे पहले बाबा काल भैरव के दरबार पहुंचे। यहां उन्होंने विधि-विधान से दर्शन-पूजन किया और आरती उतारी। इसके बाद श्री काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचकर गर्भगृह में जलाभिषेक किया और षोडशोपचार पूजन के माध्यम से लोककल्याण की कामना की। मुख्यमंत्री का यह दौरा धार्मिक आस्था और प्रशासनिक तैयारियों, दोनों दृष्टियों से महत्वपूर्ण रहा। एक ओर उन्होंने काशी के आराध्य देवों के दरबार में हाजिरी लगाई, वहीं दूसरी ओर अगले दिन होने वाले एयर शो और प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर व्यवस्थाओं की समीक्षा कर अधिकारियों को स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए।


बैठक में ये रहे मौजूद

बैठक में श्रम एवं सेवायोजन मंत्री अनिल राजभर, स्टाम्प एवं न्यायालय शुल्क राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविन्द्र जायसवाल, आयुष राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. दयाशंकर मिश्र 'दयालु', एमएसएमई राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्य, महापौर अशोक तिवारी, विधान परिषद सदस्य राय धर्मेंद्र सिंह, पूर्व मंत्री एवं विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी, विधायक डॉ. अवधेश सिंह, त्रिभुवन राम, सौरभ श्रीवास्तव और डॉ. सुनील पटेल सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। प्रशासनिक अधिकारियों में एडीजी जोन नवीन अरोड़ा, पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल, जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार, अपर पुलिस आयुक्त शिवहरी मीणा, डीआईजी वैभव कृष्ण, विकास प्राधिकरण उपाध्यक्ष पूर्ण बोरा, नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल और सीडीओ प्रखर कुमार सिंह समेत संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

कोई टिप्पणी नहीं: