पटना : बिग बॉस में धूम मचा रहीं आम्रपाली दुबे की फिल्म ‘रोजा’ का दमदार ट्रेलर रिलीज - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

शनिवार, 24 अक्टूबर 2026

पटना : बिग बॉस में धूम मचा रहीं आम्रपाली दुबे की फिल्म ‘रोजा’ का दमदार ट्रेलर रिलीज

  • नवजात बच्चे के साथ घर से निकाली गई महिला के संघर्ष की कहानी बयां करता है ट्रेलर, सामाजिक मुद्दे पर आधारित है फिल्म

Amrapali-dubey-in-roza
पटना (रजनीश के झा) । भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री की लोकप्रिय अभिनेत्री आम्रपाली दुबे इन दिनों चर्चा में हैं। एक ओर बिग बॉस के घर में उनकी मौजूदगी सुर्खियां बटोर रही है, तो दूसरी ओर उनकी आगामी भोजपुरी फिल्म ‘रोजा’ का दमदार ट्रेलर रिलीज हो गया है। बी4यू भोजपुरी के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर जारी 4 मिनट 54 सेकंड का यह ट्रेलर एक ऐसी महिला की संघर्षपूर्ण कहानी की झलक दिखाता है, जिसे अपने नवजात बच्चे के साथ घर से बाहर निकाल दिया जाता है। ट्रेलर में आम्रपाली दुबे एक मुस्लिम महिला की भूमिका में नजर आ रही हैं। उनके किरदार का दर्द, संघर्ष और विपरीत परिस्थितियों से लड़ने का साहस कहानी को भावनात्मक आधार देता है। फिल्म की कहानी समाज की उन महिलाओं की पीड़ा को सामने लाने का प्रयास करती है, जिन्हें कमजोर समझकर अपने ही लोगों या प्रभावशाली व्यक्तियों के अत्याचार का सामना करना पड़ता है। ट्रेलर से संकेत मिलता है कि ‘रोजा’ केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं, बल्कि सामाजिक संवेदनशीलता और महिला सम्मान जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों को भी उठाती है।


फिल्म का निर्देशन इश्तियाक़ शैख़ बंटी ने किया है, जबकि निर्माता अमित सिंह चौहान हैं। फिल्म की कहानी शकील नियाज़ी ने लिखी है। आम्रपाली दुबे के किरदार और फिल्म की विषयवस्तु को लेकर दर्शकों के बीच उत्सुकता बढ़ने की उम्मीद है। फिल्म के ट्रेलर को लेकर निर्देशक इश्तियाक़ शैख़ बंटी ने बताया कि ‘रोजा’ सिर्फ एक फिल्म नहीं, बल्कि समाज की उन महिलाओं की पीड़ा और संघर्ष को सामने लाने की कोशिश है, जिन्हें कमजोर समझकर प्रताड़ित किया जाता है। हमारी कोशिश है कि फिल्म के माध्यम से दर्शकों तक एक संवेदनशील और प्रभावशाली संदेश पहुँचे। आम्रपाली दुबे ने रोजा के किरदार को पूरी संजीदगी के साथ निभाया है। हमें उम्मीद है कि फिल्म की कहानी दर्शकों के दिलों को छुएगी और उन्हें महिलाओं के सम्मान, अधिकार तथा सामाजिक जिम्मेदारी के बारे में सोचने के लिए प्रेरित करेगी।


‘रोजा’ का ट्रेलर भोजपुरी सिनेमा में सामाजिक सरोकारों से जुड़ी कहानियों की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास के रूप में देखा जा सकता है। अब दर्शकों को फिल्म की रिलीज का इंतजार रहेगा, ताकि वे पर्दे पर रोजा के संघर्ष और उसकी कहानी को विस्तार से देख सकें। आपको बता दें कि भोजपुरी फिल्म ‘रोजा’ में आम्रपाली दुबे, आज़म शैख, ज्योति मिश्रा, अमित शुक्ला, अयाज़ खान, जे. नीलम, विद्या सिंह, संतोष श्रीवास्तव, अनु ओझा, उल्हास कुड़वा, स्लेशा मिश्रा, नीलम पांडेय, ससिस्टा रॉय और स्वस्तिका राय मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म का संगीत ओम झा ने तैयार किया है, जबकि गीतों को नवाब आरज़ू, प्यारे लाल यादव, अमजद और मोहम्मद हसनैन ने लिखा है। फिल्म के गीतों को कल्पना पटवारी, ओम झा, आलोक कुमार, प्रियंका सिंह, जितेश शंकर, स्निग्धा सरकार और सारेगामापा विजेता अपूर्व सुजीत गौतम ने अपनी आवाज दी है। फिल्म के एडिटर प्रीतम नाइक, छायांकन निर्देशक डी. के. शर्मा, कोरियोग्राफर सोनू प्रीतम और एसोसिएट डायरेक्टर दिलीप के. रावत हैं। फिल्म के प्रचार-प्रसार की जिम्मेदारी पीआरओ रंजन सिन्हा संभाल रहे हैं।

कोई टिप्पणी नहीं: