कार्सन की पुस्तकों में प्राचीन यूनानी साहित्य में इच्छा के सुख और दर्द पर आधारित नजरिया प्रस्तुत करने वाली ‘इरोज द बिटरस्वीट’, छंदबद्ध उपन्यास ‘ऑटोबायोग्राफी ऑफ रेड’, कविता और गद्य का संग्रह ‘मेन इन द ऑफ ऑवर्स’ (जिसने 2001 में कनाडा का प्रतिष्ठित ग्रिफिन पोएट्री प्राइज जीता था), और मर्लिन मुनरो तथा ट्रॉय की हेलेन की तुलना करने वाली कृति ‘‘नॉर्मा जीन बेकर ऑफ ट्रॉय’’ शामिल हैं। कार्सन ने शास्त्रीय यूनानी साहित्य की ऐसी कृतियों का अनुवाद भी किया है, जिन्हें स्वीडिश अकादमी के अनुसार ‘‘स्वयं में उनकी स्वतंत्र कृतियां माना जा सकता है।’’ इनमें सैफो की कविताओं पर आधारित ‘इफ नॉट, वंडर’ भी शामिल है। साहित्य समिति के अध्यक्ष एंडर्स ओल्सन ने कहा, ‘‘उनकी लगभग पूरी साहित्यिक रचना, शब्दों के प्रति भाषाशास्त्री के जुनून और नए अर्थ के लिए कवि की तड़प के बीच के संगम पर केंद्रित रही है।’’ कार्सन ने कई उत्तर अमेरिकी विश्वविद्यालयों में क्लासिक्स (शास्त्रीय साहित्य) पढ़ाया है और वह आइसलैंड में रह चुकी हैं, जहां उन्हें और उनके पति रॉबर्ट क्यूरी को 2022 में नागरिकता प्रदान की गई थी। उन्होंने 2010 में प्रकाशित ‘नॉक्स’ में अपने खुद के जीवन को भी शब्दों में उतारा है। यह किताब उनके भाई माइकल की दशकों लंबी अनुपस्थिति और फिर उनकी मृत्यु पर आधारित है। ओल्सन ने इसे ‘‘जितना साहित्यिक, उतना ही मूर्तिकला जैसा (शिल्पगत) सृजन कहा—एक बक्से के रूप में एक समाधि-लेख, जिसमें उनके मृत भाई को समर्पित चित्रों, पत्रों और अन्य लिखित पाठों का एक अकॉर्डियन की तरह खुलने वाला संग्रह है।’’ इसमें रोमन कवि कैटुलस द्वारा उनके अपने भाई के लिए लिखे गए एक शोकगीत का कार्सन द्वारा किया गया अनुवाद भी शामिल है। कार्सन ने 2024 में 'लंदन रिव्यू ऑफ बुक्स' में पार्किंसंस रोग से पीड़ित होने के बारे में लिखा था।
उन्होंने कहा कि एक 'विशेष रूप से परेशान करने वाला' लक्षण यह था कि उनकी लिखावट 'बिखर गई थी'। साहित्य के नोबेल पुरस्कार की घोषणा स्टॉकहोम में स्वीडिश अकादमी द्वारा की गई। इस बारे में कार्सन या उनके किसी प्रतिनिधि की प्रतिक्रिया नहीं मिल सकी और उन्होंने ‘एपी’ के ईमेल का तत्काल जवाब नहीं दिया। पिछले साल, हंगरी के लेखक लास्लो क्रास्नाहोरकाई ने साहित्य का नोबेल पुरस्कार जीता था। इस साल के नोबेल पुरस्कारों की घोषणा की शुरुआत सोमवार को हुई। चिकित्सा क्षेत्र का नोबेल पुरस्कार सोमवार को कार्ल डीसेरोथ, पीटर हेगेमन और जॉर्ज नागेल को देने की घोषणा की गई, जिन्होंने इस बात पर अनुसंधान किया है कि मस्तिष्क व्यक्तिगत तंत्रिका कोशिकाओं (नर्व सेल्स) की गतिविधियों को चालू या बंद करने के लिए किन प्रणालियों का उपयोग करता है। मंगलवार को भौतिकी के नोबेल पुरस्कार की घोषणा की गई। बेल्जियम में जन्मे वैज्ञानिक फ्रांसिस हैल्जेन को ‘न्यूट्रिनो’ के एक दुर्लभ समूह से जुड़े रहस्य सुलझाने के उनके प्रयास के लिए 2026 के भौतिकी के नोबेल पुरस्कार के लिए चुना गया है। हेनरी बी कागन और केंसो सोआई को रासायनिक अणुओं में रहस्यमयी दर्पण छवियों (मिरर इमेज) को सुलझाने के उनके प्रयासों के लिए इस वर्ष का रसायन विज्ञान का नोबेल पुरस्कार देने की घोषणा बुधवार को की गई। शुक्रवार को नोबेल शांति पुरस्कार की घोषणा की जाएगी, जिसके बाद अर्थशास्त्र में नोबेल स्मृति पुरस्कार के विजेता का नाम सोमवार को घोषित किया जाएगा। इस साल पुरस्कार की राशि 1.2 करोड़ स्वीडिश क्रोनर (लगभग 12 लाख अमेरिकी डॉलर) है।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें