- औषधि प्रतिष्ठान में अनियमितताएँ मिलने पर 10 औषधियों की बिक्री एवं निकासी पर रोक, दो अनधिकृत औषधियाँ जब्त

पटना, 09 अक्टूबर (रजनीश के झा) । राज्य औषधि नियंत्रक बिहार, पटना की टीम ने 08 अक्टूबर 2026 को कंकड़बाग थाना के सहयोग से पटना कंकड़बाग स्थित M/s Cellulas Pharma Private Limited, D-167, पी.सी. कॉलोनी में संयुक्त रूप से औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठान के संचालक मृत्युंजय कुमार सिंह उपस्थित पाए गए। निरीक्षण के दौरान औषधियों के क्रय-विक्रय अभिलेख एवं आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए गए। साथ ही, अनुज्ञप्ति की शर्तों के अनुरूप साइनबोर्ड प्रदर्शित नहीं पाया गया और औषधियों के भंडारण की व्यवस्था भी संतोषजनक नहीं मिली। जाँच में पाया गया कि प्रतिष्ठान के पास केवल एक कमरे (11.15 वर्ग मीटर) के लिए औषधि अनुज्ञप्ति थी, जबकि औषधियाँ चार कमरों में रखी गई थीं। इस पर विस्तृत जाँच के लिए फ्लैट के मुख्य द्वार को सील कर दिया गया। अनियमितताओं के मद्देनजर 10 औषधियों की बिक्री एवं निकासी पर रोक लगाते हुए प्रपत्र-15 जारी किया गया। दो एक्सपायर औषधियों को प्रपत्र-16 के तहत जब्त किया गया, जबकि सात औषधियों के नमूने जाँच एवं विश्लेषण के लिए संग्रहित किए गए। प्रतिष्ठान को आवश्यक अभिलेख पाँच दिनों के भीतर प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया है। औषधियों के नमूनों की जाँच रिपोर्ट एवं संबंधित अभिलेखों की समीक्षा के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। स्वास्थ्य विभाग द्वारा औषधियों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने तथा नियमों के अनुपालन के लिए निरीक्षण एवं जाँच अभियान जारी है।
पुलिस एवं उत्पाद विभाग की संयुक्त कार्रवाई में तीन लोग जेल भेजे गए
पटना के कंकड़बाग स्थित M/s Cellulas Pharma Private Limited में औषधि नियंत्रक विभाग की औचक निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठान परिसर में बड़ी मात्रा में शराब की बोतले मिलने पर पुलिस एवं उत्पाद विभाग को सूचित कर कार्रवाई की गई। शराब की बिक्री से जुड़े आरोपों के मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया। औषधि नियंत्रक विभाग द्वारा निरीक्षण के दौरान औषधियों के क्रय अभिलेख प्रस्तुत नहीं किए जाने, अनुज्ञप्ति के निर्धारित क्षेत्र से बाहर औषधियों के भंडारण तथा अन्य अनियमितताओं से संबंधित बिंदुओं को दर्ज किया गया। मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें