दिल्ली : निर्वाचन आयुक्तों को संरक्षण प्रदान करने वाले कानून को निरस्त किया जाए : खरगे - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

बुधवार, 21 अक्टूबर 2026

दिल्ली : निर्वाचन आयुक्तों को संरक्षण प्रदान करने वाले कानून को निरस्त किया जाए : खरगे

Kharge-demand-distroy-ec-imunity-law
नई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने बुधवार को निर्वाचन आयुक्तों को कवच प्रदान करने वाले 2023 के कानून को रद्द करने की मांग की और आरोप लगाया कि मोदी सरकार ने निर्वाचन आयोग की निष्पक्षता एवं स्वतंत्रता को नुकसान पहुंचाया है। उन्होंने यह भी कहा कि मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने और ईवीएम के स्थान पर मतपत्रों से चुनाव कराने की जरूरत है। खरगे ने यहां संवाददाताओं से बातचीत में सवाल किया, "क्या आप (निर्वाचन आयुक्त) संविधान से ऊपर हैं?" उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार निर्वाचन आयुक्तों को जवाबदेही से बचा रही है। उन्होंने कहा, "उन्हें कानूनी कार्रवाई से छूट देने के लिए जो कानून आप लाए हैं, उसे रद्द कीजिए।" कांग्रेस अध्यक्ष ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त और अन्य निर्वाचन आयुक्त (नियुक्ति, सेवा की शर्तें और कार्यकाल) अधिनियम, 2023 का जिक्र किया, जिसके तहत निर्वाचन आयुक्तों को अपने आधिकारिक कर्तव्यों के निर्वहन के दौरान किए गए कार्यों या कहे गए शब्दों के लिए दीवानी और आपराधिक कार्यवाही से सुरक्षा प्रदान की गई है। 


खरगे ने आरोप लगाया कि निर्वाचन आयोग के केंद्रीय कार्यालय से सॉफ्टवेयर के जरिये बूथ स्तर के अधिकारियों (बीएलओ) को मतदाता सूचियों में बदलाव करने के निर्देश दिए जा रहे हैं। उन्होंने कहा, "अगर चुनाव निष्पक्ष और स्वतंत्र तरीके से कराए जाते हैं तो कोई भी जीते, हमें कोई आपत्ति नहीं है। संविधान यह नहीं कहता कि केवल कांग्रेस को ही जीतना चाहिए या किसी खास पार्टी को ही जीतना चाहिए।" उन्होंने कहा कि विपक्ष किसी व्यक्ति या पार्टी के लिए नहीं, बल्कि लोकतंत्र की रक्षा और संस्थाओं की विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए लड़ रहा है। खरगे ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री (नरेन्द्र) मोदी विपक्षी नेताओं के पत्रों का सीधे जवाब नहीं देते और इसके बजाय अन्य लोगों से जवाब दिलवाते हैं। प्रधानमंत्री मोदी को लिखे अपने पत्र के केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रीजीजू द्वारा दिए गए जवाब का जिक्र करते हुए खरगे ने कहा कि जब तक प्रधानमंत्री और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह इन मुद्दों पर निर्णय नहीं लेते, तब तक इस तरह के जवाब से उठाए गए मुद्दों का समाधान नहीं होगा। उन्होंने कहा, "अगर आपने मनमाने तरीके से काम करने का फैसला कर लिया है तो देश की जनता चुप नहीं बैठेगी। वह आपको सत्ता से हटा देगी।" खरगे ने चेतावनी दी कि यदि सरकार अपनी गलतियों को सुधारने में विफल रहती है तो उसे जनता के आक्रोश का सामना करना पड़ेगा। महिला आरक्षण के मुद्दे पर खरगे ने कहा कि सरकार मौजूदा सदन की संख्या और वर्तमान संवैधानिक व्यवस्था के तहत 33 प्रतिशत आरक्षण लागू कर सकती है। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी पर विपक्ष को महिला आरक्षण के विरोधी के रूप में पेश कर लोगों को गुमराह करने का आरोप लगाया। खरगे ने कहा, "अगर हम इसके विरोध में होते तो हमने कानून को पारित ही क्यों किया होता?" उन्होंने सरकार के रुख को विपक्ष को बदनाम करने का प्रयास बताया।

कोई टिप्पणी नहीं: