सीहोर : कुबेरेश्वरधाम पहुंचे 150 से अधिक बाइकर्स पंडित प्रदीप मिश्रा ने की सराहना - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

गुरुवार, 22 अक्टूबर 2026

सीहोर : कुबेरेश्वरधाम पहुंचे 150 से अधिक बाइकर्स पंडित प्रदीप मिश्रा ने की सराहना

  • कहा- नशा मुक्ति और देश की एकता के लिए जागरूकता बेहद जरूरी
  • सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती और राष्ट्रीय एकता दिवस पर निकाली जा रही है नशामुक्त भारत व सशक्त भारत संदेश यात्रा

Kubereshwar-dham-sehore
सीहोर। लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती एवं राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर नशामुक्त भारत और सशक्त भारत के संदेश को जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से देश के विभिन्न राज्यों से सुरक्षा बलों और बाइकर्स के दल जागरूकता यात्रा पर निकले हैं। इसी सिलसिले में गुरुवार को यह मोटरसाइकिल रैली जिला मुख्यालय के समीप स्थित प्रसिद्ध धार्मिक स्थल कुबेरेश्वरधाम पहुंची। रैली के आगमन को ध्यान में रखते हुए पुलिस प्रशासन द्वारा सुरक्षा के व्यापक और पुख्ता इंतजाम किए गए थे। धाम पर पहुंचने पर अधिकारियों व पुलिसकर्मियों ने यात्रा में शामिल जवानों का फूल-मालाएं पहनाकर आत्मीय स्वागत किया।  2029 तक नशामुक्त भारत का लक्ष्य- पंडित प्रदीप मिश्रा रैली में शामिल करीब 150 पुलिस जवानों ने कुबेरेश्वरधाम पहुंचकर अंतर्राष्ट्रीय कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा से भेंट की और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर पंडित प्रदीप मिश्रा ने जवानों को संबोधित करते हुए कहा कि युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए वर्ष 2029 तक नशामुक्त भारत का लक्ष्य तय किया गया है। देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने की दिशा में सुरक्षा बलों का यह कदम बेहद सराहनीय है। विठलेश सेवा समिति की ओर से पंडित विनय मिश्रा और पंडित समीर शुक्ला ने सभी जवानों को आगे की यात्रा के लिए शुभकामनाएं देते हुए हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।  


रुद्राक्ष वितरण स्थल का निरीक्षण और प्रसादी का आनंद

विठलेश सेवा समिति के मीडिया प्रभारी मनोज दीक्षित मामा ने जानकारी देते हुए बताया कि भोपाल से इंदौर की ओर प्रस्थान करते समय धाम पर पहुंचे करीब 150 पुलिस जवानों ने कथा स्थल के साथ-साथ वर्षभर निशुल्क रूप से चलने वाले रुद्राक्ष वितरण केंद्र का भी निरीक्षण किया। इस दौरान समिति की ओर से जवानों को रुद्राक्ष भेंट किए गए। यात्रा दल ने यहाँ श्रद्धालुओं के साथ बैठकर भोजन-प्रसादी का आनंद लिया। देश के कोने-कोने में अपनी सेवाएं देने वाले जवानों ने कहा कि कुबेरेश्वरधाम देश के लाखों श्रद्धालुओं की अगाध आस्था का बड़ा केंद्र है। त्रिपुरा से आए एक जवान ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि वह पहली बार इस पवित्र धाम पर पहुँचे हैं और यहाँ की व्यवस्थाओं से अभिभूत हैं।

  

देश जोड़ने के अनूठे प्रयास की मुक्तकंठ से सराहना

पंडित श्री मिश्रा ने जवानों के अदम्य साहस और देश को एकजुट करने के इस अनूठे प्रयास की मुक्तकंठ से सराहना की। इस रैली के माध्यम से समाज, विशेषकर युवा पीढ़ी को यह संदेश दिया गया कि आपसी सद्भाव और देश की अखंडता ही भारत की असली ताकत है। इस दौरान प्रशासनिक अधिकारियों और अतिथियों ने युवाओं से अपील की कि वे किसी भी प्रकार के नशे से दूर रहें और एक स्वस्थ, सुरक्षित तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में अपनी अहम भूमिका निभाएं। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रशांत चौबे, सीएसपी अभिनंदना शर्मा, मंडी थाना प्रभारी अर्चना सिंह, सूबेदार प्राची राजपूत, राहुल श्रीवास्तव और कुबेरेश्वरधाम चौकी के शिवांक भार्गव सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

कोई टिप्पणी नहीं: