- बंद चीनी मिल चालू करने और ओवरब्रिज निर्माण शुरू कराने की मांग, 25 अक्टूबर को पदयात्रा की चेतावनी
नेताओं ने कहा कि समस्तीपुर की चीनी मिल, जो कभी बिहार की प्रमुख चीनी मिलों में शुमार थी, लंबे समय से बंद पड़ी है। राज्य के कुछ जिलों में बंद चीनी मिलों को फिर से चालू करने की प्रक्रिया शुरू की गई है, लेकिन समस्तीपुर चीनी मिल को चालू करने की दिशा में अब तक कोई गतिविधि दिखाई नहीं दे रही है। जबकि, सरकार की ओर से चीनी मिलों को चालू करने के लिए तैयार की गई सूची में समस्तीपुर चीनी मिल का नाम भी शामिल होने की बात कही जा रही है। नेताओं ने मांग की कि मिल को चालू करने के लिए ठोस पहल की जाए, ताकि क्षेत्र में रोजगार के अवसर बढ़ें और स्थानीय अर्थव्यवस्था को गति मिले। वहीं, रेल विस्तार- विकास मंच के नेताओं ने कहा कि भोला टॉकीज रेल गुमटी पर ओवरब्रिज निर्माण का कार्य जोर-शोर से शुरू किया गया था, लेकिन अब यह बंद पड़ा है। निर्माण कार्य बंद रहने और रास्ता अवरुद्ध होने से आम लोगों, वाहन चालकों एवं राहगीरों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। नेताओं ने संबंधित विभाग से बंद पड़े ओवरब्रिज निर्माण कार्य को अविलंब शुरू कराने तथा निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निर्माण पूरा करने की मांग की। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि दोनों मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई, तो 25 अक्टूबर को भोला टॉकीज रेल गुमटी पर पदयात्रा निकालकर आंदोलन किया जाएगा।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें