दिल्ली : मोदी सीधे जनादेश से चुने गए पहले प्रधानमंत्री : नितिन नवीन - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

बुधवार, 7 अक्टूबर 2026

दिल्ली : मोदी सीधे जनादेश से चुने गए पहले प्रधानमंत्री : नितिन नवीन

Nitin-naveen-bjp
नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष नितिन नवीन ने बुधवार को नरेन्द्र मोदी के निर्वाचित प्रतिनिधि के रूप में 25 वर्ष के सफर को लगातार संघर्ष से भरा ‘‘अविस्मरणीय’’ अध्याय बताया और उन्हें देश का ऐसा पहला प्रधानमंत्री करार दिया, जिन्हें सीधे जनादेश के जरिए चुना गया। नवीन ने एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू को प्रधानमंत्री बनने से पहले कांग्रेस के नेताओं ने चुना था। इसी तरह इंदिरा गांधी और राजीव गांधी को भी प्रधानमंत्री पद के लिए कांग्रेस नेतृत्व ने चुना था। नवीन ने कहा, ‘‘2014 का आम चुनाव पहली बार ऐसा अवसर था, जब प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार को केवल किसी पार्टी के चेहरे के रूप में पेश नहीं किया गया और न ही केवल पार्टी द्वारा नामित किया गया, बल्कि उन्हें सीधे जनता के सामने चुनाव अभियान के प्रमुख चेहरे के रूप में पेश किया गया।’’ 


उन्होंने कहा, ‘‘वह देश के पहले ऐसे प्रधानमंत्री बने, जिन्हें मतदाताओं के सीधे जनादेश के माध्यम से चुना गया।’’ नवीन ने कहा कि पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने अपनी पुस्तक में 2014 के लोकसभा चुनाव को ‘‘बड़ा राजनीतिक बदलाव’’ बताया था। भाजपा अध्यक्ष के अनुसार, मुखर्जी ने कहा था कि मोदी देश के पहले ऐसे प्रधानमंत्री हैं, जिन्हें पहले से घोषित उम्मीदवार के रूप में जनता के सामने पेश किया गया और बाद में उन्हें जनता का व्यापक समर्थन मिला। उन्होंने कहा, ‘‘अगर हम इतिहास पर नजर डालें तो जवाहरलाल नेहरू और इंदिरा गांधी जैसे नेताओं को प्रधानमंत्री बनने से पहले कांग्रेस के नेताओं ने चुना था। इसी तरह राजीव गांधी ने अपनी मां के निधन के बाद पहली बार प्रधानमंत्री पद संभाला और बाद में उन्हें जनादेश मिला।’’ उन्होंने कहा कि इसके विपरीत मोदी किसी राजनीतिक परिवार से नहीं आते थे और न ही उन्हें कोई राजनीतिक विरासत मिली थी। प्रधानमंत्री की मौजूदगी में नवीन ने कहा, ‘‘उन्होंने (मोदी ने) अपने पूरे जीवन के संगठनात्मक अनुभव और जनादेश के बल पर देश का प्रधानमंत्री बनने का गौरव हासिल किया।’’ भाजपा अध्यक्ष ने कहा, ‘‘आज हम सभी भारतीयों और भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए एक अविस्मरणीय दिन है। यह उस व्यक्तित्व की 25 वर्ष की यात्रा को देखने का दिन है, जिसने संघर्षों के बीच अपनी शुरुआत की और हर चुनौती का सामना करते हुए लगातार आगे बढ़ता रहा।’’ उन्होंने मोदी की ‘‘निर्बाध, अडिग और अथक’’ यात्रा के लिए देश की जनता और पार्टी कार्यकर्ताओं की ओर से उन्हें शुभकामनाएं दीं।

कोई टिप्पणी नहीं: