वाराणसी : ईमानदारी की शपथ, भ्रष्टाचार के खिलाफ संकल्प - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

मंगलवार, 27 अक्टूबर 2026

वाराणसी : ईमानदारी की शपथ, भ्रष्टाचार के खिलाफ संकल्प

  • पीआईबी वाराणसी में सतर्कता जागरूकता सप्ताह का शुभारंभ, अधिकारियों-कर्मचारियों ने सत्यनिष्ठा और पारदर्शिता के साथ दायित्व निभाने का लिया प्रण
  • मीडिया एवं संचार अधिकारी प्रशांत कक्कड़ ने दिलाई शपथ, सार्वजनिक जीवन में नैतिक मूल्यों को मजबूत बनाने पर जोर

Pib-varanasi
वाराणसी (सुरेश गांधी)। भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई केवल नियम-कानून से नहीं, बल्कि ईमानदार कार्यशैली, पारदर्शी व्यवस्था और मजबूत नैतिक संकल्प से जीती जा सकती है। इसी भावना के साथ पत्र सूचना कार्यालय (पीआईबी), वाराणसी में सोमवार को सतर्कता जागरूकता सप्ताह का शुभारंभ हुआ। इस दौरान कार्यालय के अधिकारियों और कर्मचारियों ने सत्यनिष्ठा की शपथ लेकर अपने कार्यों में ईमानदारी, निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के पहले दिन आयोजित विशेष शपथ ग्रहण समारोह में पीआईबी वाराणसी के मीडिया एवं संचार अधिकारी प्रशांत कक्कड़ ने अधिकारियों और कर्मचारियों को सत्यनिष्ठा की शपथ दिलाई। सभी ने देश के प्रति निष्ठावान रहने, अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी ईमानदारी से करने तथा भ्रष्टाचार के विरुद्ध आवाज उठाने की प्रतिज्ञा की।


कर्तव्यनिष्ठा और पारदर्शिता पर जोर

शपथ के माध्यम से अधिकारियों और कर्मचारियों ने सार्वजनिक जीवन में ईमानदारी के मूल्यों को सर्वोपरि रखने का संकल्प दोहराया। उन्होंने अपने दैनिक कार्यों में पारदर्शिता बरतने, निर्णय प्रक्रिया में निष्पक्षता बनाए रखने और किसी भी प्रकार के भ्रष्ट आचरण से दूर रहने की प्रतिबद्धता जताई। कार्यक्रम का उद्देश्य कार्यस्थल पर नैतिक आचरण को प्रोत्साहित करने के साथ भ्रष्टाचार के दुष्परिणामों के प्रति जागरूकता बढ़ाना और जवाबदेह प्रशासनिक व्यवस्था की भावना को मजबूत करना रहा। सतर्कता जागरूकता सप्ताह के तहत सत्यनिष्ठा का संदेश अधिकारियों-कर्मचारियों तक पहुंचाने के साथ सार्वजनिक सेवाओं में जनविश्वास बनाए रखने की आवश्यकता भी रेखांकित की गई।


ईमानदार व्यवस्था से मजबूत होगा जनविश्वास

सतर्कता जागरूकता अभियान का मूल संदेश यही है कि भ्रष्टाचार मुक्त समाज के निर्माण में प्रत्येक कर्मचारी और अधिकारी की भूमिका महत्वपूर्ण है। व्यक्तिगत आचरण में ईमानदारी, कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और अनियमितताओं के प्रति सजगता से ही संस्थागत विश्वसनीयता को मजबूत बनाया जा सकता है। पीआईबी वाराणसी में आयोजित शपथ ग्रहण कार्यक्रम के माध्यम से अधिकारियों और कर्मचारियों ने सत्यनिष्ठा को केवल औपचारिक प्रतिज्ञा तक सीमित न रखते हुए उसे अपने कार्य व्यवहार का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।

कोई टिप्पणी नहीं: