दिल्ली : रेहान को राजनीति में उतारने के लिए कोई अन्य रास्ता तलाशें प्रियंका गांधी वाद्रा : भाजपा - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

शुक्रवार, 23 अक्टूबर 2026

दिल्ली : रेहान को राजनीति में उतारने के लिए कोई अन्य रास्ता तलाशें प्रियंका गांधी वाद्रा : भाजपा

bjp-attack-priyanka-gandhi
नई दिल्ली । दिल्ली के बीकानेर हाउस में रेहान वाद्रा की प्रदर्शनी से कुछ तस्वीरें हटाए जाने को लेकर जारी विवाद के बीच भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बृहस्पतिवार को कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाद्रा पर निशाना साधा और उनसे अपने बेटे को राजनीति में उतारने के लिए कोई दूसरा रास्ता तलाशने को कहा। भाजपा प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने अधिकारियों पर लगाए गए प्रियंका गांधी के आरोपों को ‘फर्जी खबर’ करार दिया। उन्होंने कहा कि बीकानेर हाउस की नीति के अनुसार, वहां आयोजित प्रदर्शनियों में ‘राजनीतिक सामग्री’ प्रदर्शित नहीं की जा सकती। प्रियंका गांधी वाद्रा एवं रॉबर्ट वाद्रा के बेटे रेहान वाद्रा ने बुधवार को कहा था कि उनकी प्रदर्शनी से पहले बीकानेर हाउस प्रशासन ने दिल्ली में हाल में हुए विरोध प्रदर्शनों को दर्शाने वाली उनकी कई तस्वीरें हटा दी थीं। इस घटनाक्रम के बाद विवाद खड़ा हो गया।


रेहान कलाकार एवं फोटोग्राफर हैं। प्रियंका ने इस कदम को ‘‘बेतुका’’ बताते हुए अधिकारियों पर युवाओं की आवाज दबाने का आरोप लगाया था। उन्होंने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा था, ‘‘आज उनके साथ ऐसा हुआ है, कल किसी दूसरे कलाकार के साथ होगा।’’ भंडारी ने इस पर पलटवार करते हुए ‘एक्स’ पर जारी वीडियो संदेश में कहा, ‘‘प्रियंका वाद्रा जी, बेटे को राजनीति में उतारने के दूसरे तरीके भी हो सकते हैं, लेकिन कम से कम तिरंगे की आड़ में झूठ बोलना बंद कीजिए।’’ उन्होंने कहा, ‘‘बीकानेर हाउस की एक नीति है, जिसमें स्पष्ट रूप से कहा गया है कि किसी भी प्रदर्शनी में राजनीतिक सामग्री प्रदर्शित नहीं की जा सकती और ऐसी सामग्री को तुरंत हटाया जाना चाहिए।’’ भाजपा प्रवक्ता गौरव भाटिया ने भी कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा, ‘‘प्रियंका मम्मी का मिशन अब रेहान वाद्रा को राजनीति में उतारने का है, क्योंकि सोनिया गांधी राहुल गांधी को राजनीति में स्थापित करने में नाकाम रहीं। राहुल ने कांग्रेस को 99 चुनावों में हार दिलाई।’’ भंडारी ने कहा कि इस मुद्दे पर प्रियंका गांधी की प्रतिक्रिया से पता चलता है कि उनके और राहुल गांधी के बीच राजनीतिक लड़ाई चल रही है। उन्होंने कहा, ‘‘आज सवाल यह उठता है कि क्या प्रियंका गांधी वाद्रा का राहुल गांधी से भरोसा उठ गया है और वह बीकानेर हाउस को लेकर अपने झूठ के सहारे रेहान वाद्रा को राजनीति में उतारने की कोशिश कर रही हैं।’’ भंडारी ने कहा कि प्रियंका को अपने बेटे को राजनीति में उतारने के लिए दूसरे तरीके तलाशने चाहिए।

कोई टिप्पणी नहीं: